प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 5:43PM by PIB Delhi
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और सांसद श्री रमेश अवस्थी ने आज नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेगी, जिससे कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क और अधिक सुगम होगा तथा यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर कानपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडे, अकबरपुर के सांसद श्री देवेंद्र सिंह भोले सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस दैनिक रेल सेवा के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही, कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
नई रेल सेवा से प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा
428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच होंगे। यह अपने मार्ग में पड़ने वाले कई महत्वपूर्ण शहरों और आर्थिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी।
इस रेल सेवा से फफूंद के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, जिनमें एनटीपीसी औरैया और गेल पाटा शामिल हैं, तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा, प्रमुख कृषि केंद्र इटावा और कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद क्षेत्र के यात्रियों को भी इस रेल सेवा से बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। टूंडला के माध्यम से फिरोजाबाद क्षेत्र को भी इस ट्रेन से कनेक्टिविटी मिलेगी।
यह ट्रेन हींग प्रसंस्करण, पीतल के उत्पादों और कृषि आधारित उद्योगों के लिए प्रसिद्ध हाथरस को भी रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। इसके साथ ही, ताला उद्योग के लिए देशभर में पहचान रखने वाले अलीगढ़, जहां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय भी स्थित है और सिरेमिक एवं मिट्टी के बर्तनों के उद्योग के लिए प्रसिद्ध खुर्जा तक रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी।
इसके अलावा, यह ट्रेन एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक केंद्र दादरी को भी जोड़ेगी। इसके बाद एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल गाजियाबाद से होते हुए दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल तक पहुंचेगी।
क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा और यात्रियों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
यह नई रेल सेवा उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा उद्योग एवं शैक्षणिक केंद्रों में शामिल कानपुर को दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल से सीधे जोड़ेगी। आनंद विहार टर्मिनल के माध्यम से यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इस रेल संपर्क से कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों एवं अन्य यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिलेगा।
श्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर के लोगों को नई रेल सेवा की शुरुआत पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के लिए कानपुरवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
आगामी प्रमुख रेलवे परियोजनाएं
शहर में आगामी रेल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कानपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले दशकों पुराने जाम की समस्या का स्थायी समाधान प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और इसके लिए आवश्यक मंजूरियां भी प्राप्त हो चुकी हैं। परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना के संबंध में रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन का नॉर्थ कॉरिडोर कानपुर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित होगा। इस परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर की दूरी बुलेट ट्रेन से लगभग 1 घंटा 45 मिनट में तय की जा सकेगी। वहीं, लखनऊ से कानपुर का सफर करीब 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज का सफर लगभग 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा।
उन्होंने आगे कहा कि हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी से कानपुर का प्रमुख शहरों के साथ संपर्क और मजबूत होगा तथा क्षेत्रीय एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के संबंध में श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले समय में कानपुर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से जुड़ी कई अन्य परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को फिर से स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में बुलेट ट्रेन के रुकने की घोषणा से शहरवासियों में अपार खुशी है। उन्होंने बताया कि रेलवे ने अनवरगंज-मंधना रेलखंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की कानपुरवासियों की लंबे समय से लंबित मांग (2017-18) को मंजूरी दे दी है। श्री अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और कानपुर के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
इस रेल सेवा की शुरुआत यात्री कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक एवं भरोसेमंद रेल यात्रा की सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति भारतीय रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
*****
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए