वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में ‘विकास और विरासत’ थीम पर आधारित विशेष हथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने किया उद्घाटन

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 7:29PM by PIB Delhi

केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के दौरान “विशेष हथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी सह बिक्री” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर सचिव श्रीमती आरती कंवर, हस्तशिल्प विकास आयुक्त श्रीमती अमृत राज, राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लिमिटेड (एनएचडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री राजीव अशोक तथा मंत्रालय और एनएचडीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

इस वर्ष के मंडप की थीम “विकास और विरासत” है, जो उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के माध्यम से भारत की समृद्ध शिल्प विरासत की भौगोलिक यात्रा प्रस्तुत करती है और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हथकरघा एवं हस्तशिल्प परंपराओं को प्रदर्शित करती है।

यह मंडप चार क्षेत्रीय प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करता है :

उत्तर – प्रतिबिंब और पैतृक गौरव : इसमें गणेश, राम दरबार और भव्य बनारसी बुनाई जैसे पारंपरिक रूपांकनों को प्रदर्शित किया गया है, जो वंश परंपरा और पीढ़ियों से चली आ रही उत्कृष्टता का प्रतीक हैं।

दक्षिण – सटीकता, भक्ति और मूर्तिकला की अनुशासनबद्ध परंपरा : इसमें कर्नाटक और तमिलनाडु की लकड़ी, रेशम और धातु शिल्प में उत्कृष्ट दक्षता के साथ-साथ नटराज की ब्रह्मांडीय लय को प्रदर्शित किया गया है।

पूर्व – स्मृतियां, निरंतरता और हथकरघा की जीवंत धड़कन : इसमें ओडिशा और बंगाल की पारंपरिक बुनाई विरासत को प्रदर्शित किया गया है, जो सांस्कृतिक पहचान और निरंतरता को दर्शाती है।

पश्चिम – चमक, उत्सव और रेगिस्तान की भव्यता : इसमें शीशे का काम, लिप्पन कला और नक्काशीदार लकड़ी के शिल्प को प्रदर्शित किया गया है, जो रेगिस्तानी जीवन की जीवटता और उत्सव की भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं।

 

उद्घाटन समारोह के बाद श्री गिरिराज सिंह ने भाग लेने वाले बुनकरों और कारीगरों से बातचीत की। उन्होंने कच्चे माल की सहायता से लेकर प्रौद्योगिकी एकीकरण, डिजाइन संबंधी हस्तक्षेप और बाजार संपर्क तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भारत सरकार के निरंतर प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने बुनकरों और शिल्पकारों के लिए आय एवं आजीविका के अवसरों का विस्तार करने तथा विश्व के सबसे बड़े और टिकाऊ हथकरघा एवं हस्तशिल्प पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में भारत के नेतृत्व को मजबूत करने की वस्त्र मंत्रालय की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

 

 

केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हथकरघा, हस्तशिल्प और जूट पांच हजार वर्षों से अधिक समय से भारत की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में इनके योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि अकेले हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र एक करोड़ से अधिक कारीगरों से जुड़े हैं और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों की आजीविका का समर्थन करते हैं। उन्होंने घरेलू बाजार और निर्यात में इन क्षेत्रों के महत्वपूर्ण योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिक्री नए कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा आने वाले वर्षों में घरेलू मांग और निर्यात के अवसरों में वृद्धि होगी।

यह आयोजन 13 से 27 नवंबर 2026 तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक है। यह भारत मंडपम, नई दिल्ली के हॉल नंबर 5, भूतल पर आयोजित की जा रही है।

इस प्रदर्शनी में 200 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 100 हथकरघा और 100 हस्तशिल्प कारीगरों के स्टॉल शामिल हैं। 21 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी विभिन्न प्रकार के विशिष्ट शिल्पों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मंडप का प्रबंधन राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम (एनएचडीसी) द्वारा किया जा रहा है, ताकि हथकरघा बुनकरों और हस्तशिल्प कारीगरों को सीधे बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराई जा सके।

वस्त्र थीम पर आधारित इस मंडप में विशिष्ट मास्टर शिल्पकार भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें 7 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, 3 राज्य पुरस्कार विजेता, 2 संत कबीर पुरस्कार विजेता तथा 5 से अधिक बहु-पुरस्कार प्राप्त शिल्पकार शामिल हैं। हथकरघा और हस्तशिल्प दोनों क्षेत्रों के कुल 17 पुरस्कार विजेता कारीगरों की असाधारण शिल्पकला इस मंडप के सांस्कृतिक अनुभव को समृद्ध बना रही है और भारत की वस्त्र विरासत की कलात्मक उत्कृष्टता को प्रदर्शित कर रही है।

******

RT/VN


(रिलीज़ आईडी: 2337120) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English