57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में 10 फिल्में ‘आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक’ के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी


डॉ. प्रो. अहमद बेदजाउई की अध्यक्षता वाली चार-सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय जूरी प्रविष्टियों का निर्णय करेंगी

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 5:52PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2337153Views: 74

आगामी 20 से 28 नवंबर, 2026 के दौरान गोवा में आयोजित होने वाले 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में, दस भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्में प्रतिष्ठित ‘आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक' के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। चुनी गई ये फिल्में शांति, सहिष्णुता, सहानुभूति, सामाजिक न्याय और अंतर-सांस्कृतिक संवाद जैसे विषयों को दर्शाती हैं, जो इस महोत्सव की मुख्य थीम ‘सीमाओं के पार की कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) के अनुरूप हैं।

यूनेस्को के तत्वावधान में, पेरिस स्थित ‘इंटरनेशनल काउंसिल फॉर फिल्म, टेलीविजन एंड ऑडियोविजुअल कम्यूनिकेशन’ (सीआईसीटी-आईसीएफटी) के सहयोग से इफ्फी के 46वें संस्करण में शुरू किया गया यह पुरस्कार उन फिल्मों को दिया जाता है, जो महात्मा गांधी के अहिंसा, सहिष्णुता, अंतर-सांस्कृतिक समझ और शांति की संस्कृति के आदर्शों को दर्शाती हैं।

चार-सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय जूरी की अध्यक्षता अल्जीरिया के प्रो. (डॉ.) अहमद बेदजाउई करेंगे, जो एक यूनिवर्सिटी प्रोफेसर, फिल्मकार, निर्माता और फिल्म समीक्षक हैं। जूरी के अन्य सदस्यों में यूनेस्को के सांस्कृतिक क्षेत्र के कार्यक्रम की पूर्व प्रमुख रह चुकी अर्जेंटीना/फ्रांस की मारिया क्रिस्टीना इग्लेसियस, सीआईसीटी-आईसीएफटी के पूर्व महानिदेशक रहे लक्जमबर्ग के जॉर्जेस ड्यूपॉन्ट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्मकार एवं आईसीएफटी के सदस्य भारत के मनोज कदम शामिल हैं।

इस वर्ष की प्रतियोगिता के लिए चुनी गई दस फिल्में अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों की कहानियों को एक साथ लाती हैं। ये फिल्में मानवीय रिश्तों, सामाजिक चुनौतियों और साझा मूल्यों को रेखांकित करती हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/Callmequeen_20261116193627_9fc24a.jpg

अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की सूची में एमिली एटेफ द्वारा निर्देशित फिल्म ‘कॉल मी क्वीन’ शामिल है। जर्मनी, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम और केन्या के सहयोग से बनी यह फिल्म 1990 के दशक के नैरोबी पर आधारित है। इसमें एक ऐसी अकेली मां की कहानी है, जो एड्स के निदान और सामाजिक अन्याय का सामना करते हुए एक अप्रत्याशित दोस्ती से ताकत पाती है। इस फिल्म का भारत में प्रीमियर इफ्फी में होगा।

भारत का प्रतिनिधित्व तीन फिल्में करेंगी। सरफराज आलम द्वारा निर्देशित और विनय पाठक अभिनीत ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ (कबीर सर) तकनीक के दौर में अनुभवी शिक्षकों के सामने आने वाली चुनौतियों को दर्शाती है तथा इसका वर्ल्ड प्रीमियर होगा। कन्नन एस. द्वारा निर्देशित ‘स्क्रॉल’ एक ऐसे युवक के परेशान करने वाले अनुभवों के जरिए स्मार्टफोन की लत को दर्शाती है, जो अपने स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने के लिए एक ऐप-आधारित गेम का उपयोग करता है। मुस्कान अस्थाना की पहली फीचर फिल्म ‘सेव मिच्चर’ आर्थिक एवं  व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना कर रहे एक दुकानदार की कहानी के जरिए पारिवारिक तनाव, आपसी प्रतिद्वंद्विता और सुलह को दर्शाती है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/MM_20261116193647_b9ab27.jpg  

हैती, फ्रांस, बेल्जियम, लक्जमबर्ग और कनाडा के सहयोग से बनी और जेसिका जेनेउस द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मैरी मैडेलीन’, एक स्वतंत्र महिला और एक युवा प्रचारक के बीच विकसित होते रिश्तों के जरिए आस्था, सामाजिक रीति-रिवाजों एवं व्यक्तिगत आजादी को दर्शाती है। इस फिल्म ने ‘फेस्टिवल डी कैबर्ग 2026’ में ‘ग्रैंड प्रिक्स डू जूरी’ पुरस्कार जीता है और इसका एशिया प्रीमियर इफ्फी में होगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/EGO_20261116193715_6b6820.jpg  

घाना-अमेरिकी फिल्मकार अमार्तेई आर्मर की फिल्म ‘आवर टाइम विल कम’ (ईगो रीच वी ऑल) दो ऐसे अनाथ बच्चों की कहानी है, जो अपने इकलौते जीवित माता-पिता की तलाश में अकरा जा रहे हैं। इस फिल्म ने लोकार्नो फिल्म महोत्सव 2026 में ‘पार्डो फॉर चेंज’ तथा ‘पार्डो फॉर बेस्ट परफॉरमेंस’ का पुरस्कार जीता है और अब इसका एशिया प्रीमियर होगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/R_20261116193741_bdce27.jpg  

तुर्की के फिल्मकार फैसल सोयसल की फिल्म ‘रहमा’ एक ऐसे पुरातत्वविद् की कहानी है, जिसका सीरिया की एक नौ-वर्षीया अनाथ बच्ची के साथ अनपेक्षित जुड़ाव उसे भावनात्मक सुकून देता है और जीवन के प्रति उसके दृष्टिकोण को बदल देता है। इस फिल्म का एशिया प्रीमियर होगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/S_20261116193838_68e90e.jpg

लैला मर्राक्ची द्वारा निर्देशित फिल्म ‘स्ट्रॉबेरीज’ (ला मास डुलसे) स्पेन में मौसमी स्ट्रॉबेरी चुनने का काम करने वाली मोरक्को की दो ऐसी महिलाओं की कहानी है, जो कार्यस्थल पर होने वाले दुर्व्यवहार और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस जुटाती हैं। फ्रांस, मोरक्को, स्पेन और बेल्जियम के सहयोग से बनी इस फिल्म का भारत में प्रीमियर होगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/TFARM_20261116193916_9278a7.jpg  

तुर्की की एक और प्रविष्टि, ‘द फार्म’ (सूत चिफ़्तलिई) एक ऐसी 12-वर्षीया लड़की की कहानी है, जो एक डेयरी फार्म में नवजात बछड़ों को उनकी माताओं से अलग किए जाने से परेशान होकर एक अनाथ पशु-चिकित्सा प्रशिक्षु के साथ मिलकर गर्भवती गायों को आजाद कराने का निर्णय लेती है। इस फिल्म का निर्देशन एलीफ एडा ने किया है। इसका अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर इफ्फी में होगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WY_20261116193946_75073a.jpg

लू पो-शुन द्वारा निर्देशित ताइवान-सिंगापुर की फिल्म ‘विल यू स्टिल बी माय फ्रेंड’ (री गुआंग) अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले ऐसे दो 13-वर्षीय लड़कों की दोस्ती को दर्शाती है, जिन्हें बड़ों के बीच चल रहे तनाव के कारण अलग होने का खतरा है। इस फिल्म का भारत में प्रीमियर होगा।

इस विविधतापूर्ण चयन के जरिए, 57वें इफ्फी में ‘आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक’ प्रतियोगिता ऐसी सिनेमाई कहानियों को एक मंच पर लाती है, जो विभिन्न संस्कृतियों और भौगोलिक सीमाओं के पार करुणा, आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व एवं साझा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देती हैं।

* * *

पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2337153
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026