वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए 17-18 नवंबर 2026 को इटली की आधिकारिक यात्रा करेंगे


श्री पीयूष गोयल भारत-इटली संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग के 23वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे

श्री गोयल रोम में भारत-इटली व्यापार और नवाचार मंच में भाग लेंगे

लगभग 80 भारतीय कारोबारी नेता और स्टार्टअप भारत-इटली व्यापार और नवाचार मंच में हिस्सा लेंगे

प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 7:17PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 17 से 18 नवंबर 2026 तक इटली गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मकसद भारत-इटली आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है, जिसमें द्विपक्षीय व्यापार के विस्तार, निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक और तकनीकी सहयोग को गहरा करने तथा व्यवसायों के बीच और स्टार्टअप स्तर पर संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।

भारत और इटली के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित काफी पुराना रिश्ता है, जो अब राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक सहयोग वाली एक बहुआयामी साझेदारी में बदल चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत-इटली संबंधों को नई रफ्तार मिली है। इसी के नतीजतन, 19-20 मई 2026 को प्रधानमंत्री की इटली यात्रा के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया। दोनों देश भारत-इटली संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 को लागू कर रहे हैं और उन्होंने 2029 तक वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 20 बिलियन यूरो करने का लक्ष्य रखा है।

अपनी यात्रा के दौरान, श्री पीयूष गोयल इटली के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मामलों तथा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री महामहिम श्री एंटोनियो तजानी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह आर्थिक सहयोग के लिए भारत-इटली संयुक्त आयोग (जेसीईसी) के 23वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे और भारत-इटली व्यापार और नवाचार मंच में भाग लेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री इटली की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे। उम्मीद है कि इन मुलाकातों और कार्यक्रमों से द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग और नवाचार से जुड़े संबंधों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

भारत-इटली जेसीईसी का 23वां सत्र 18 नवंबर 2026 को रोम में विदेश मंत्रालय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय में आयोजित होगा, जिसकी सह-अध्यक्षता श्री पीयूष गोयल और महामहिम श्री एंटोनियो तजानी करेंगे।

जेसीईसी, भारत-इटली के बीच आर्थिक और व्यावसायिक सहयोग की समीक्षा करने और उसे दिशा देने का मुख्य संस्थागत तंत्र है। जून 2025 में ब्रेशिया में आयोजित 22वें सत्र की सह-अध्यक्षता भी दोनों मंत्रियों ने की थी। उस सत्र में इंडस्ट्री 4.0, एयरोस्पेस, ऊर्जा परिवर्तन और टिकाऊ गतिशीलता में सहयोग को प्राथमिकता दी गई थी और ऑटोमोबाइल तथा अंतरिक्ष के क्षेत्रों में संयुक्त कार्य समूह बनाने पर सहमति बनी थी। 23वां सत्र द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, इसमें द्विपक्षीय व्यापार के दायरे को और अधिक विविधतापूर्ण बनाने और उसका विस्तार करने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। चर्चा के मुख्य विषयों में ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स, औद्योगिक मशीनरी, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स और रसायन, नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस और अंतरिक्ष, स्टार्टअप और नवाचार तथा संपर्क जैसे आपसी हित के अन्य क्षेत्र शामिल होंगे।

यूरोपीय संघ में इटली, भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान, पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में इटली को भारत का निर्यात 29.9% बढ़कर 3.92 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। इटली को भारत के प्रमुख निर्यात में लोहा और इस्पात तथा धातु उत्पाद, विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रसायन और वस्त्र तथा परिधान शामिल हैं। वहीं, इटली से भारत के प्रमुख आयात में मशीनरी और विद्युत उपकरण, रसायन तथा धातु उत्पाद शामिल हैं।

18 नवंबर 2026 को रोम में आयोजित होने वाले भारत-इटली व्यापार और नवाचार मंच में भारत का एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 80 कारोबारी नेता और स्टार्टअप शामिल होंगे। इस मंच पर इतालवी संवर्धन एजेंसियों जैसे आईसीई (इतालवी व्यापार एजेंसी), Cassa Depositi e Prestiti (सीडीपी), SACE और SIMEST के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र होगा। इसके अलावा, इसमें बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें और कई विषयगत सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। ये सत्र ऑटोमोटिव और ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, औद्योगिक और कृषि-खाद्य मशीनरी तथा खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स और रसायन तथा नवीकरणीय ऊर्जा और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे।

श्री पीयूष गोयल इस व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे और महामहिम श्री एंटोनियो तजानी के साथ मिलकर इस मंच के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे।

व्यापार और नवाचार मंच के हिस्से के रूप में, स्टार्टअप्स और अन्वेषकों के लिए एक विशेष नवाचार मंच भी आयोजित किया जाएगा। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। 31 अक्टूबर 2026 तक स्टार्टअप इंडिया पहल के तहत 2.61 लाख से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता दी जा चुकी है। यह मंच भारतीय स्टार्टअप्स को इतालवी निवेशकों, अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत के साथ जुड़ने का अवसर देगा। इसके माध्यम से वे नई साझेदारियां बनाने, बाजारों तक पहुंच प्राप्त करने और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग की संभावनाएं तलाश सकेंगे।

इस यात्रा के दौरान, श्री पीयूष गोयल भारत में निवेश और साझेदारी के अवसरों पर चर्चा करने के लिए हैवी इंजीनियरिंग, एविएशन सेवाओं और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों की प्रमुख इतालवी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। फोरम के बाद, भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य 19 नवंबर 2026 को इटली में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा करेंगे।

यह यात्रा इटली के साथ अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इटली, यूरोपीय संघ का एक महत्वपूर्ण साझेदार होने के साथ-साथ भूमध्यसागरीय क्षेत्र की एक प्रमुख अर्थव्यवस्था भी है। जनवरी 2026 में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी होने के बाद, दोनों देशों के पास विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, मशीनरी, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, कपड़ा, नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश का विस्तार करने के व्यापक अवसर हैं।

उम्मीद है कि यह यात्रा भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को नई गति प्रदान करेगी, संस्थागत सहयोग को मजबूत करेगी और द्विपक्षीय व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग के लिए नए अवसर पैदा करेगी।

***

पीके/केसी/आरटी/एनएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2337625) आगंतुक पटल : 76
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati