प्रविष्टि तिथि:
17 NOV 2026 6:55PM by PIB Delhi
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर–एनआईएमआर) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया। संस्थान से जुड़े पूर्व और वर्तमान वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने याद किया कि मलेरिया ऐतिहासिक रूप से भारत की सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक रहा है। इसका विशेष प्रभाव ग्रामीण और जनजातीय समुदायों पर पड़ा है। गांवों में मलेरिया के प्रभाव को देखने के अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि इस बीमारी ने लोगों की आजीविका, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने और बीमारी को दोबारा होने से रोकने के लिए निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स लेने के संबंध में जन जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
राष्ट्रपति ने मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में भारत की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि 2015 से 2025 के बीच मलेरिया के मामलों और इससे होने वाली मौतों में करीब 80 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं, अधिक मलेरिया प्रभावित जिलों की संख्या 155 से घटकर 33 रह गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 2022 से 2025 के दौरान 160 जिलों में मलेरिया का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आया। वर्ष 2024 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट'(एचबीएचआई) समूह से भारत के बाहर होने की सराहना करते हुए उन्होंने वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को सराहा। उन्होंने मलेरिया परजीवियों, मच्छरों के वाहकों, वाहक नियंत्रण, कीटनाशक प्रतिरोध और सामुदायिक निगरानी पर अनुसंधान में आईसीएमआर–एनआईएमआर के पांच दशक के योगदान को भी रेखांकित किया।
निरंतर सतर्कता और प्रभावी उपायों की जरूरत पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने मलेरिया की जांच, उपचार और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, मच्छरों पर नियंत्रण, नई दवाओं और टीकों के विकास तथा जन जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और उसके परिणाम उन गांवों और समुदायों तक पहुंचने चाहिए, जहां उनकी सबसे अधिक जरूरत है। जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में बढ़ते कीटनाशक प्रतिरोध जैसी उभरती चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाते हुए उन्होंने जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने और पर्यावरण प्रबंधन को मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भुवनेश्वर में विकसित किए जा रहे स्वदेशी मलेरिया टीके में आईसीएमआर–एनआईएमआर के योगदान पर भी संतोष व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इससे भारत के मलेरिया उन्मूलन प्रयासों को मदद मिलेगी।
राष्ट्रपति ने तपेदिक, कुष्ठ रोग, कालाजार और कोविड-19 के खिलाफ अनुसंधान में आईसीएमआर के योगदान को भी रेखांकित किया। इसमें देशव्यापी जांच नेटवर्क की स्थापना और भारत के पहले स्वदेशी कोविड-19 टीके के विकास में उसकी साझेदारी शामिल है। डेंगू को सार्वजनिक स्वास्थ्य की उभरती चुनौती बताते हुए उन्होंने प्रभावी अनुसंधान और जांच संबंधी उपायों का आह्वान किया। उन्होंने मानव, पशु और पर्यावरण के आपसी संबंधों से पैदा होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान करने और उनसे निपटने की भारत की क्षमता मजबूत करने में राष्ट्रीय वन हेल्थ मिशन की भूमिका की भी सराहना की। स्वदेशी चिकित्सा प्रौद्योगिकियों और किफायती, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा संस्थानों और उद्योग जगत के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आईसीएमआर–एनआईएमआर को समर्पित वैज्ञानिक सेवा के 50 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। संस्थान के योगदान को मानवता की महत्वपूर्ण सेवा बताते हुए उन्होंने अनुसंधान और मलेरिया की रोकथाम के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में भारत की प्रगति एक व्यापक दृष्टिकोण का परिणाम है। इसमें मच्छरों के व्यवहार और मलेरिया परजीवियों पर अनुसंधान, सामुदायिक भागीदारी, प्रभावी रोकथाम, शुरुआती जांच और उचित उपचार शामिल हैं।
श्री नड्डा ने बताया कि 2015 से 2025-26 के बीच मलेरिया के मामलों में करीब 80 प्रतिशत की गिरावट आई है और अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 155 से घटकर 33 रह गई है। उन्होंने कहा कि दुनिया की करीब 16 प्रतिशत आबादी भारत में रहती है, लेकिन वैश्विक मलेरिया मामलों में भारत की हिस्सेदारी लगभग 0.7 प्रतिशत और मलेरिया से होने वाली मौतों में करीब 0.6 प्रतिशत है। उन्होंने डब्ल्यूएचओ की अधिक बोझ से अधिक प्रभाव पहल से भारत के बाहर होने की सराहना की और 2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने का विश्वास जताया। उन्होंने कहा, “हम अपनी रणनीतियों और नीतियों में जरूरी बदलाव लाकर 2030 तक मलेरिया का उन्मूलन करेंगे।” उन्होंने आईसीएमआर–एनआईएमआर से नए संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने चिकित्सा नवाचार के क्षेत्र में आईसीएमआर के योगदान की भी सराहना की। इसमें मेडटेक मित्र, पेटेंट मित्र और डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा अन्य संक्रामक बीमारियों के लिए एलिसा आधारित आणविक जांच शामिल हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इलाज पर लोगों के अपनी जेब से होने वाले खर्च में 63 प्रतिशत से घटकर 42 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च 6 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने वैज्ञानिक और स्वास्थ्य सेवा समुदाय से प्रयास तेज करने तथा भारत को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने 1977 में स्थापना के बाद से आईसीएमआर–एनआईएमआर की 50 साल की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह संस्थान मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों के अनुसंधान के लिए भारत के प्रमुख संस्थानों में से एक बन गया है। इसने मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों, परजीवियों की जीव विज्ञान, कीटनाशक प्रतिरोध, उपचार और जांच के क्षेत्र में अनुसंधान में योगदान दिया है।
उन्होंने ओडिशा में राज्य सरकार के सहयोग से संचालित व्यापक रोगी प्रबंधन परियोजना का उल्लेख किया। इस परियोजना ने दिखाया कि जांच तक सभी की पहुंच, पूरा उपचार और मजबूत निगरानी व्यवस्था से दूरदराज के समुदायों सहित विभिन्न क्षेत्रों में मलेरिया के प्रसार को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने 2027 तक मलेरिया के स्थानीय मामलों को शून्य करने और 2030 तक मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्यों को रेखांकित किया। साथ ही, जलवायु परिवर्तन, मच्छरों के बदलते स्वरूप और दवाओं के प्रति प्रतिरोध जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत निगरानी, विभिन्न विषयों के बीच अनुसंधान और साझेदारी की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बुनियादी वैज्ञानिक खोज और शुरुआती स्तर के विकास से लेकर चिकित्सा प्रौद्योगिकियों और उपायों के नैदानिक मूल्यांकन तक अनुसंधान को समर्थन देने की आईसीएमआर की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति ने आईसीएमआर–राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट शीट भी जारी की। इससे पहले डाक सेवा बोर्ड की सदस्य सुश्री मरियम्मा थॉमस ने इसका अनावरण किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने आईसीएमआर–एनआईएमआर की कॉफी टेबल बुक और ‘आईसीएमआर–एनआईएमआर रिसर्च जर्नी: फाइव डिकेड्स ऑफ साइंस, सर्विस एंड इम्पैक्ट’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। दोनों पुस्तकों की पहली प्रतियां राष्ट्रपति को भेंट की गईं।
इस अवसर पर आईसीएमआर–एनआईएमआर के निदेशक डॉ. अनूप अनविकरने एक वीडियो फिल्म के माध्यम से पिछले 50 वर्षों में संस्थान की यात्रा और मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों में उसके योगदान को रेखांकित किया।
स्वर्ण जयंती समारोह आईसीएमआर–एनआईएमआर के मलेरिया अनुसंधान और भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान के पांच दशकों का प्रतीक है।





****
पीके/केसी/आरटी/केजे/एसएस