कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

निवेशक शिकायतों और दावा रहित लाभांश मामलों के समाधान के लिए आईईपीएफए और सेबी ने नई दिल्ली में ‘निवेशक शिविर’ का आयोजन किया


इस शिविर में क्षेत्र के 310 से अधिक निवेशकों और दावेदारों ने में भाग लिया; इसका उद्देश्य निवेशक सेवाओं को आम नागरिकों के और करीब पहुंचाना था

शिविर में दावा रहित लाभांश, शेयरों और आईईपीएफए के लंबित दावों से सम्‍बंधित समस्याओं के समाधान के लिए एकल-खिड़की सुविधा उपलब्ध कराई गई

प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 1:29PM by PIB Delhi

सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण निधि प्राधिकरण (आईईपीएफए) ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा बाजार अवसंरचना संस्थानों (एमआईआईएस) के सहयोग से 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के जकारांडा हॉल में ‘निवेशक शिविर’ का आयोजन किया।

एक दिवसीय इस शिविर में दावेदारों को आमने-सामने शिकायत निवारण, दावों से सम्‍बंधित सहायता और निवेशक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। आईईपीएफए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुमित गर्ग सहित सेबी, बाजार अवसंरचना संस्थानों और रजिस्ट्रार एवं ट्रांसफर एजेंट (आरटीए) के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

इस शिविर में बड़ी मात्रा में दावा न किए गए लाभांश वाले खातों की कंपनियों ने आरटीएसएस के साथ सीधे भागीदारी की। आईईपीएफए, सेबी, एनएसई, बीएसई, एनएसडीएल, सीडीएसएल, एमयूएफजी इनटाइम, के-फिन टेक्‍नोलॉजी, सीएएमएस, बिगशेयर सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और जेके लक्ष्मी सीमेंट के प्रतिनिधियों ने मौके पर ही दावेदारों की सहायता की।

शिविर में स्थापित विशेष सहायता डेस्क के माध्यम से छह से सात वर्षों से लंबित बिना दावा किए गए लाभांश और शेयरों से सम्‍बंधित मामलों में सीधे सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा, मौके पर ही केवाईसी और नॉमिनेशन से जुड़ी जानकारियों को अपडेट करने तथा लंबित दावों से सम्‍बंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस पूरी प्रक्रिया में किसी बिचौलिए की आवश्यकता नहीं थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नागरिकों का पैसा उसके वास्तविक हकदारों को वापस दिलाने के लिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता तक पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत की और सभी सहायता केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई दावेदारों से सीधे बातचीत की, उनकी शिकायतों और समस्याओं को समझा तथा उन्हें सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

श्री मल्‍होत्रा ने निवेशकों के प्रत्‍येक वर्ग तक पहुंचने के आईईपीएफए के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में भी जारी रहेगी। केन्‍द्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में 62,700 से अधिक दावों को मंजूरी दी गई और पहले आयोजित निवेशक शिविरों में 2,500 से अधिक निवेशकों को व्यक्तिगत रूप से सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इन शिविरों का आयोजन देश के और अधिक शहरों में किया जाएगा।

 

श्री हर्ष मल्होत्रा ने ‘निवेशक दीदियों’ से भी मुलाकात की। ये आईईपीएफए की एक अन्य पहल का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर निवेशक जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस पहल में विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तीकरण पर ध्यान दिया जाता है। केन्‍द्रीय मंत्री ने निवेशक जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता देते हुए निवेशक दीदियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए।

पुणे, हैदराबाद, अमृतसर, जयपुर, बेंगलुरु, भुवनेश्वर और भोपाल के बाद नई दिल्ली इस पहल की मेजबानी करने वाला आठवां शहर बन गया है। इस पहल की शुरुआत वर्ष 2025 में पुणे से हुई थी।

दिल्ली में आयोजित निवेशक शिविर आईईपीएफए की देशव्यापी निवेशक पहुंच श्रृंखला का हिस्सा है। इसके माध्यम से उन शहरों में नागरिकों तक सीधे सहायता और सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जहां दावा न किए गए निवेश मामलों की संख्‍या काफी अधिक है।

ये शिविर निवेशकों के बीच जागरूकता बढ़ाने, उनके वित्तीय हितों की रक्षा करने तथा भारत के वित्तीय तंत्र में विश्वास और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए आईईपीएफए की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/वीके/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2337854) आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English