स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नई दिल्ली में आयोजित तीसरे डीएचआर-आईसीएमआर स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन में 600 से अधिक वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया


आईसीएमआर ने 100 से अधिक प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौते पूरे किए, जिनमें 20 लाइसेंसिंग समझौते शामिल हैं। इन प्रौद्योगिकियों का आज नौ भारतीय कंपनियों को हस्तांतरण किया गया

स्वास्थ्य अनुसंधान को मजबूत करने, रोग निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा अनुसंधान के साक्ष्यों को नीतियों में शामिल करने के उद्देश्य से तीन नई पहल शुरू की गईं

आईसीएमआर ने राष्ट्र की सेवा के 115 वर्ष पूरे किए, शिखर सम्मेलन में 17 स्वदेशी स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया गया

प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 12:30PM by PIB Delhi

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने 100 सफल प्रौद्योगिकी हस्तांतरण सौदे कर उपलब्धि हासिल की, जो स्वदेशी स्वास्थ्य अनुसंधान को व्यापक सार्वजनिक उपयोग के लिए तकनीकों और समाधानों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि तीसरे स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर)-आईसीएमआर स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन में घोषित की गई, जिसका आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में समापन हुआ।

डीएचआर और आईसीएमआर द्वारा 16 और 17 नवंबर, 2026 को आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में 600 से अधिक वैज्ञानिक, शोधकर्ता, नवप्रवर्तनकर्ता, प्रशासक और आईसीएमआर संस्थानों, साझेदार संस्थानों, सरकारी संगठनों और शिक्षा क्षेत्र के नीति निर्माता शामिल हुए। इस शिखर सम्मेलन ने देश में बायोमेडिकल और स्वास्थ्य अनुसंधान में आईसीएमआर के 115 वर्षों के योगदान को दर्शाया।

यह शिखर सम्मेलन स्वास्थ्य अनुसंधान में उत्कृष्टता को मान्यता देने और वैज्ञानिक साक्ष्यों को ठोस परिणामों में बदलने को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करता है। यह अनुसंधान प्रकाशनों, प्रौद्योगिकियों, पेटेंट और अनुसंधान प्रबंधन में आईसीएमआर संस्थानों और बाहरी साझेदार संस्थानों के अहम योगदान को भी दर्शाता है, साथ ही शोधकर्ताओं, उद्योग और नीति निर्माताओं के बीच सहयोग को आसान बनाता है।

प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समारोह के दौरान आईसीएमआर ने नौ भारतीय कंपनियों के साथ आठ प्रौद्योगिकियों से संबंधित 20 लाइसेंसिंग समझौतों का आदान-प्रदान किया। इसके साथ ही, सफल प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौतों की कुल संख्या बढ़कर 100 हो गई है। यह उपलब्धि आईसीएमआर की प्रमुख पहल 'मेडिकल इनोवेशंस पेटेंट मित्र' के शुभारंभ के दो वर्ष से भी कम समय में हासिल की गई है। इस पहल का शुभारंभ मार्च 2025 में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा द्वारा किया गया था। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अनुसंधान और स्वदेशी नवाचारों को उद्योग जगत के साथ साझेदारी के माध्यम से व्यावहारिक उपयोग में लाने तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके अनुप्रयोग को बढ़ावा देने के आईसीएमआर के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

एक नवाचार प्रदर्शनी में आईसीएमआर संस्थानों और बाहरी साझेदार संस्थानों द्वारा विकसित 17 तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा, 10 प्रौद्योगिकियां और आठ पेटेंट तकनीकों को सत्र के दौरान प्रस्तुत किया गया, जो देश के स्वास्थ्य अनुसंधान इकोसिस्टम से उभरती नवाचार की व्यापकता को उजागर करते हैं।

शिखर सम्मेलन में तीन नई पहलों का शुभारंभ किया गया। डीएचआर का 'रिसर्च टू एक्शन वर्टिकल' पहल का उद्देश्य अनुसंधान से प्राप्त साक्ष्यों को ऐसे उपयोगी एवं निर्णय-उन्मुख उत्पादों में परिवर्तित करना है, जिनका उपयोग सरकारी नीतियों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्माण एवं क्रियान्वयन में किया जा सके। सिंड्रोमिक सर्विलांस डीएचआर की वायरस रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लेबोरेटरीज (वीआरडीएल) योजना के अंतर्गत 70 वीआरडीएल और संक्रामक रोग अनुसंधान एवं निदान प्रयोगशालाओं (आईआरडीएल) को जोड़कर एक प्रारंभिक चेतावनी नेटवर्क स्थापित किया जाएगा, जिससे रोगों के प्रकोप की समय रहते पहचान की जा सकेगी। डॉ. एम. के. भान यंग मेडिकल फैकल्टी पीएचडी पोर्टल आज लॉन्च किया गया यह पोर्टल संभावित आवेदकों के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा, जहां पीएचडी कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध होगी।

आईसीएमआर ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) वार्षिक रिपोर्ट और मानक संचालन प्रक्रियाएं भी जारी कीं, जो एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध और मानकीकृत प्रयोगशाला प्रक्रियाओं पर राष्ट्रीय साक्ष्य आधार को एक साथ लाती हैं। आईसीएमआर कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया गया, जिसमें अनुसंधान को जनसामान्य के लिए उपयोगी परिणामों में परिवर्तित करने से संबंधित 25 प्रेरणादायक कहानियों को शामिल किया गया है।

अनुसंधान उत्कृष्टता प्रदर्शन में चयनित शोध प्रकाशनों को प्रस्तुत किया गया। साथ ही नवाचार उत्कृष्टता प्रदर्शन में चयनित प्रौद्योगिकियों और पेटेंटों का भी प्रदर्शन किया गया। अनुसंधान प्रशासन एवं वित्त पर विशेष सत्र में अनुदान प्रबंधन, खरीद प्रक्रिया तथा वित्तीय प्रक्रियाओं को अधिक सरल, सुचारु और प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। आईसीएमआर-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर-एनआईएमआर) की स्वर्ण जयंती के अवसर पर एक विशेष सत्र के जरिए संस्थान की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया गया। इस दौरान मलेरिया अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान के पांच दशकों के योगदान को रेखांकित किया गया।

सम्मेलन ने अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत उत्कृष्टता मान्यता के माध्यम से स्वास्थ्य अनुसंधान इकोसिस्टम में उत्कृष्ट योगदान को भी मान्यता दी। शोधकर्ताओं और संस्थानों को नौ श्रेणियों में प्रकाशनों, प्रौद्योगिकियों, पेटेंट और संस्थागत प्रदर्शन में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। आईसीएमआर अनुसंधान प्रबंधन उत्कृष्टता मान्यता ने परियोजना चयन में शामिल समीक्षकों, इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च, वैज्ञानिक विभागों, वैज्ञानिक समर्थन इकाइयों, और प्रशासन तथा वित्त टीमों के योगदान को भी मान्यता दी, जिन्होंने अनुसंधान इकोसिस्टम को मजबूत किया और उच्च गुणवत्ता वाले शोध का समर्थन किया।

शाइन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित शीर्ष 100 स्कूली विद्यार्थियों को भी शिखर सम्मेलन में सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों को जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके योगदान और वैज्ञानिक सोच के लिए सम्मानित किया गया। शाइन-आईसीएमआर की एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जो देशभर के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना तथा युवा विद्यार्थियों को जैव-चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।

शिखर सम्मेलन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं को संबोधित करने और सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा की दिशा में भारत की दिशा को आगे बढ़ाने में एक मजबूत, सहयोगात्मक और नवाचार-आधारित स्वास्थ्य अनुसंधान इकोसिस्टम के महत्व की प्रतिबद्धता को दर्शाया है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) जैव चिकित्सा अनुसंधान के निर्माण, समन्वय और प्रचार के लिए भारत में सर्वोच्च निकाय है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। 1911 में स्थापित, आईसीएमआर दुनिया के सबसे पुराने चिकित्सा अनुसंधान संगठनों में से एक है और भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के अधीन कार्य करता है।

***

पीके/केसी/आरटी/एवाई/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2337876) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil