सिनेमा हमेशा से ऐसी कहानियों का माध्यम रहा है, जो सीमाओं, पीढ़ियों और संस्कृतियों के पार पहुंचती हैं लेकिन हर फिल्म के पीछे एक और कहानी होती है, जो दर्शाए जाने की प्रतीक्षा करती है। यह कहानी फिल्मकार, उसकी रचनात्मक प्रक्रिया, संघर्षों और उन लोगों की होती है, जो फिल्म को आकार देते हैं।
इन कहानियों को केंद्र में रखते हुए, 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस वर्ष की थीम ‘सीमाओं से परे कहानियां’ के अंतर्गत एक नए खंड की शुरुआत कर रहा है, जिसमें सिनेमा को ही केंद्र में रखा गया है। प्रख्यात फिल्मकारों, अभिनेताओं और कभी न बन सकी फिल्मों की कहानियों के माध्यम से यह खंड दर्शकों को उन विभिन्न रचनात्मक यात्राओं से रूबरू कराएगा, जो सिनेमा की पहचान गढ़ती हैं।
कैमरे के पीछे की दुनिया, कहानियों, कहानीकारों और फिल्म को जीवंत बनाने वाली रचनात्मक यात्राओं को सामने लाते हुए, 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एक ऐसे विशेष खंड की शुरुआत कर रहा है, जहां सिनेमा स्वयं कहानीकार भी है और कहानी भी। महोत्सव के इतिहास में पहली बार शुरू किया जा रहा ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ खंड दर्शकों को फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा। 20 से 28 नवंबर, 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाले 57वें इफ्फी में इस खंड के माध्यम से फिल्म निर्माण की बारीकियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को प्रमुखता से सामने लाने के उद्देश्य से प्रख्यात फिल्मकारों के सुझावों पर इस नए खंड को शामिल किया गया है। इसके पहले संस्करण में पांच अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। दस देशों- ब्रिटेन, अमरीका, रूस, जॉर्जिया, एस्टोनिया, तुर्किये, स्विट्जरलैंड, फ्रांस, जर्मनी और इटली की फिल्मों एवं सह-निर्माण वाली इन कृतियों के माध्यम से सिनेमा प्रेमियों को विश्व सिनेमा को आकार देने वाली हस्तियों के जीवन और उनकी विरासत को करीब से जानने का अनूठा अवसर मिलेगा।
इस सिनेमाई यात्रा की शुरुआत ऐसे फिल्मकार की कहानी से होती है, जिनके काम ने सिनेमा की भाषा पर अमिट छाप छोड़ी है।
बार्नबी थॉम्पसन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मावेरिक: द एपिक एडवेंचर्स ऑफ डेविड लीन’ (ब्रिटेन, अमरीका | 2026 | अंग्रेजी | 105 मिनट) प्रख्यात फिल्मकार डेविड लीन के जीवन और उनके करियर पर आधारित है। यह वृत्तचित्र उनकी रचनात्मक दृष्टि, महत्वाकांक्षी परियोजनाओं और सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाने के उनके संकल्प को दर्शाता है। साथ ही, इसमें उनकी पेशेवर उपलब्धियों के पीछे छिपे एक प्रख्यात फिल्मकार की विरासत से आगे बढ़ते हुए, यह फिल्म चयन अब उन जीवन और रिश्तों की ओर रुख करता है, जो हमारी कहानियों को आकार देते हैं। इसके माध्यम से मानवीय अनुभवों के अधिक आत्मीय और संवेदनशील पहलुओं को सामने लाया गया है।
रूस के फिल्मकार राउल गेदारोव की फिल्म ‘सिडनी ल्यूमेट्स बर्थडे’ (रूस | 2025 |रूसी | 92 मिनट) दातो नाम के 17 वर्षीय जॉर्जियाई लड़के की कहानी है, जो कभी बड़े रहे अपने परिवार के बिखर चुके अवशेषों के बीच अपनी दादी के साथ रहता है। लंबे समय बाद जब उसकी मां अचानक लौटती है, तो उनका शांत और नियमित जीवन बदल जाता है। यह फिल्म पारिवारिक रिश्तों, किशोरावस्था से युवावस्था की ओर बढ़ने की प्रक्रिया और कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखने के संघर्ष को दर्शाती है।
अगली फिल्म में जीवन और अभिनय के बीच का संबंध प्रमुखता से उभरकर सामने आता है, जहां अभिनेता और उसके द्वारा निभाए जाने वाले किरदार के बीच की सीमाएं धीरे-धीरे धुंधली होने लगती हैं।
एना उरुशाद्जे के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सपोर्टिंग रोल’ (मेओरेखारिस्खोवानी रोली) (जॉर्जिया, एस्टोनिया, तुर्किये, स्विट्जरलैंड, अमेरिका | 2026 | जॉर्जियाई, अर्मेनियाई | 139 मिनट) एक प्रसिद्ध जॉर्जियाई अभिनेता की कहानी है, जो लंबे अंतराल के बाद अभिनय की दुनिया में वापसी करता है और एक युवा निर्देशक की पहली फिल्म के लिए ऑडिशन देता है। उसे अपनी अब तक की पहचान के अनुरूप नायक की भूमिका के बजाय एक असामान्य सहायक भूमिका की पेशकश की जाती है। धीरे-धीरे वह इस किरदार से जुड़ने लगता है और यह अनुभव उसके व्यक्तित्व में बदलाव लाने लगता है।
एक अभिनेता की व्यक्तिगत यात्रा से आगे बढ़ते हुए, यह फिल्म चयन अब ऐसी फिल्म की कहानी प्रस्तुत करता है, जो कभी पर्दे पर नहीं आ सकी। यह दर्शाती है कि सिनेमा का स्वरूप उसके निर्माण से जुड़ी राजनीतिक और ऐतिहासिक परिस्थितियों से भी प्रभावित होता है।
रूबिका शाह के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द मैड डॉग ऑफ यूरोप’ (फ्रांस, जर्मनी | 2026 | अंग्रेजी | 83 मिनट) वर्ष 1932 में हरमन जे. मैनकीविज़ द्वारा लिखी गई एक ऐसी पटकथा की कहानी को फिर से सामने लाती है, जिस पर कभी फिल्म नहीं बन सकी। यह पटकथा एक जर्मन-यहूदी परिवार की कहानी पर आधारित थी, जो हिटलर और नाजीवाद के उदय के दौर का सामना कर रहा था। राजनीतिक दबाव और व्यावसायिक हितों के कारण हॉलीवुड के फिल्म स्टूडियो ने इस पटकथा पर फिल्म नहीं बनाई। यह वृत्तचित्र इस पटकथा को दबाए जाने के कारणों और वर्तमान संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता की पड़ताल करता है।
सिनेमा को आकार देने वाले जीवन, रचनात्मक संघर्षों और विरासत की इस यात्रा का समापन इसके सबसे प्रभावशाली दिग्गज फिल्मकारों में से एक को समर्पित श्रद्धांजलि के साथ होगा।
इस फिल्म श्रृंखला की अंतिम कड़ी के रूप में फ्रांसेस्को जिप्पेल की फिल्म ‘विटोरियो डी सिका – स्टेजिंग लाइफ’ (इटली | 2026 | इतालवी, फ्रेंच, अंग्रेजी, रूसी, फारसी | 100 मिनट) विश्व सिनेमा के महान फिल्मकारों में से एक विटोरियो डी सिका का आत्मीय चित्रण प्रस्तुत करती है। दुर्लभ अभिलेखीय सामग्री, उनके परिवार से प्राप्त जानकारियों तथा फिल्मकारों और समकालीन कलाकारों की गवाही के आधार पर यह वृत्तचित्र उनके जीवन, कार्यों और सिनेमाई विरासत को विस्तार से प्रस्तुत करता है।
ये पांचों फिल्में मिलकर दर्शकों को सिनेमा निर्माण की प्रक्रिया की झलक दिखाने से कहीं आगे का अनुभव प्रदान करती हैं। ये कैमरे के पीछे काम करने वाले लोगों, अभिनय को प्रभावित करने वाले जीवन के अनुभवों, अनकही रह गई कहानियों और फिल्मकारों की पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करने वाली विरासतों को सामने लाती हैं। इन विविध रचनात्मक यात्राओं को एक साथ प्रस्तुत करके यह नया खंड इफ्फी की ‘सीमाओं से परे कहानियां’ थीम को एक नया आयाम प्रदान करता है। यह दर्शाता है कि सिनेमा का दायरा पर्दे पर दिखाई जाने वाली कहानियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वे रचनात्मक यात्राएं, ऐतिहासिक संदर्भ और मानवीय अनुभव भी शामिल हैं, जो इन कहानियों को जीवंत बनाते हैं। ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ खंड की शुरुआत के साथ दर्शकों को फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को एक नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर भी मिलेगा।
57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 20 से 28 नवंबर, 2026 तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। ‘सीमाओं से परे कहानियां’ थीम के तहत आयोजित इस महोत्सव में भारत और दुनियाभर के फिल्मकार, फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवर तथा सिनेमा प्रेमी एक साथ जुटेंगे।
नवीन रूप से शुरू किया गया ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ खंड विभिन्न देशों और संस्कृतियों के फिल्मकारों, अभिनेताओं तथा सिनेमाई विरासतों से जुड़ी कहानियों को एक मंच पर लाकर इस थीम को साकार करता है। यह दर्शाता है कि फिल्म निर्माण की कला भौगोलिक सीमाओं से परे है।
सिनेमा के पीछे के लोगों, विचारों और अनुभवों को सामने लाकर यह खंड उन सार्वभौमिक रचनात्मक यात्राओं को रेखांकित करता है, जो दुनियाभर के फिल्मकारों और दर्शकों को आपस में जोड़ती हैं। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के विविध चयन, विशेष देश-केंद्रित प्रस्तुतियों, प्रीमियर, प्रतियोगिताओं और फिल्म उद्योग से जुड़ी गतिविधियों के साथ इफ्फी 2026 सिनेमाई उत्कृष्टता का उत्सव मनाने और सिनेमा के माध्यम से अंतर-सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसएस/जीआरएस