संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के लिए भोपाल में आशय पत्र (LOI) वितरण समारोह में शामिल होंगे


निवेशकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों को आशय पत्र वितरित किए जाएंगे

प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 4:18PM by PIB Bhopal

टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, ग्वालियर के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में 19 नवंबर 2026 (गुरुवार) को भोपाल स्थित होटल ताज में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय संचार मंत्री और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास (DoNER) मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में टेलीकॉम उद्योग और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के प्रथम चरण (Phase-I) के अंतर्गत भूमि आवंटन के लिए चयनित निवेशकों को आशय पत्र (Letter of Intent – LOI) वितरित किए जाएंगे। साथ ही, परियोजना के द्वितीय चरण (Phase-II) को लेकर भी चर्चा की जाएगी, जिसमें आगामी विकास योजनाओं एवं उद्योग जगत के लिए निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

इस समारोह के माध्यम से निवेशकों की रुचि को ठोस निवेश अवसरों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। आशय पत्रों के वितरण से संभावित निवेशकों को इस टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के विकास में भागीदारी करने और देश की घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन को एशिया के पहले एकीकृत टेलीकॉम विनिर्माण क्लस्टर के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। यहां मोबाइल डिवाइस, ऑप्टिकल फाइबर, टेलीकॉम उपकरणों तथा अगली पीढ़ी की 5G और 6G तकनीकों के क्षेत्र में विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास (R&D), नवाचार और तकनीकी साझेदारी के लिए अनुकूल इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।

इस परियोजना के प्रथम चरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा 493 करोड़ रुपये की 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं, मध्यप्रदेश सरकार ने लगभग 170 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अनुकूल प्रोत्साहन एवं सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। परियोजना के विकास के लिए एक विशेष प्रयोजन वाहन (Special Purpose Vehicle – SPV) का गठन भी किया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश सरकार की 51 प्रतिशत और दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications) की 49 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी है।

यह पहल प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप है। इसका उद्देश्य देश की घरेलू विनिर्माण मूल्य श्रृंखला को मजबूत करना, स्वदेशी डिजाइन और विनिर्माण को बढ़ावा देना, आयात पर निर्भरता कम करना, निर्यात को प्रोत्साहित करना और भारत को टेलीकॉम उत्पादों एवं तकनीकों के लिए एक भरोसेमंद वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ होगा। इस अवसर पर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) द्वारा अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग (DIPIP) के अपर मुख्य सचिव द्वारा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन की परियोजना एवं उसके रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सचिव, भारत सरकार द्वारा टेलीकॉम विनिर्माण के क्षेत्र में भारत सरकार के विजन एवं प्राथमिकताओं पर अपना संबोधन दिया जाएगा। इसके बाद इंडियन मोबाइल एसोसिएशन (ICA) द्वारा उद्योग के दृष्टिकोण, निवेश की संभावनाओं एवं निवेश प्रतिबद्धताओं पर विचार साझा किए जाएंगे।

इसके पश्चात आशय पत्रों (LOI) का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी संबोधित करेंगे।

टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के विकास से मध्यप्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलने, निवेश को बढ़ावा देने, तकनीक आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और कुशल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही यह परियोजना टेलीकॉम विनिर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में भारत को वैश्विक केंद्र बनाने के व्यापक लक्ष्य में भी योगदान देगी।

***

 


(रिलीज़ आईडी: 2337913) आगंतुक पटल : 38