सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

समर्पित छात्रावास अवसंरचना के माध्यम से ओबीसी छात्राओं के लिए शैक्षणिक अवसरों को सुदृढ़ करना


त्रिपुरा के हपनिया स्थित महिला पॉलिटेक्निक में मंत्रालय समर्थित 200 सीटों वाले ओबीसी बालिका छात्रावास की परियोजना से सुरक्षित आवासीय सुविधाओं और उच्च शिक्षा तक पहुंच को मजबूती मिलेगी

प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 6:15PM by PIB Delhi

पश्चिम त्रिपुरा के हपनिया स्थित महिला पॉलिटेक्निक में ओबीसी बालिका छात्रावास परियोजना भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा समर्थित एक पहल है, जिसका उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय की छात्राओं के लिए शैक्षणिक अवसरों को सुदृढ़ करना है।

सुरक्षित और किफायती आवासीय सुविधाओं तक पहुंच युवा महिलाओं के बीच उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विशेष रूप से उन छात्राओं के लिए यह अधिक महत्वपूर्ण है, जो सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित समुदायों से आती हैं तथा दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहती हैं।

वित्त वर्ष 2024–25 के दौरान शुरू की गई इस छात्रावास परियोजना के अंतर्गत 200 सीटों की नियोजित क्षमता वाली एक समर्पित आवासीय सुविधा विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इस सुविधा से पात्र ओबीसी छात्राओं के लिए छात्रावास संबंधी व्यवस्थाएं सुदृढ़ होने तथा उन्हें अपनी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।

शैक्षणिक संस्थानों से दूर रहने वाली छात्राओं के लिए उपयुक्त आवासीय सुविधाओं तक पहुंच शैक्षणिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार है। इस छात्रावास का उद्देश्य आवास संबंधी चुनौतियों का समाधान करना और ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां छात्राएं अपनी शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तिगत विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

इस परियोजना का कार्यान्वयन त्रिपुरा सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसके लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। यह पहल शैक्षणिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में केंद्र और राज्य के बीच सहयोग के महत्व को दर्शाती है।

छात्रावास में बिजली, उचित स्वच्छता एवं साफ-सफाई की सुविधाएं, सुरक्षित पेयजल और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ताकि छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और सहयोगपूर्ण आवासीय वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के अलावा, इस छात्रावास परियोजना का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, स्वैच्छिक भागीदारी, सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को भी प्रोत्साहित करना है।

इस छात्रावास सुविधा से ओबीसी छात्राओं के लिए शिक्षा तक पहुंच सुदृढ़ होने और उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

यह पहल लक्षित अवसंरचना विकास के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा और अवसरों तक समान पहुंच के प्रति सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह विकसित भारत@2047 के व्यापक दृष्टिकोण को साकार करने में भी योगदान देगी।

***

पीके/केसी/आरटी/एके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2338091) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English