प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 5:32PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और जापान के बीच बढ़ता समुद्री सहयोग स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दोनों देशों के गहरे विश्वास और साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। 18 नवंबर, 2026 को जापान के रक्षा मंत्री श्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ योकोसुका स्थित जापान मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के नौसैनिक अड्डे का दौरा करने के बाद रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह बात कही। जापान पहुंचने के बाद रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अपने आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत रक्षा मंत्रालय के दौरे से की, जहां उनके जापानी समकक्ष ने उनका स्वागत किया।


जापान के रक्षा मंत्रालय में श्री राजनाथ सिंह को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद दोनों मंत्रियों ने मंत्रालय में संक्षिप्त बातचीत की। उसके बाद, दोनों मंत्री जापान सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज (जेएसडीएफ) के हेलीकॉप्टर से जेएमएसडीएफ के नौसैनिक अड्डे पहुंचे। नौसैनिक अड्डे पर दोनों मंत्रियों ने मोगामी श्रेणी के बहुउद्देशीय युद्धपोत ‘जेएस नातोरी’ का दौरा किया।
रक्षा मंत्री ने टोक्यो में भारतीय दूतावास की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी बातचीत की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के उल्लेखनीय आर्थिक वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभरा है।
भारत के रक्षा क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व वृद्धि पर बल देते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में रक्षा उत्पादन एक दशक पहले के 48,000 करोड़ रुपये से बढ़कर रिकॉर्ड 1.80 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि रक्षा निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है और यह 600 करोड़ रुपये से बढ़कर अब तक के सर्वोच्च स्तर 38,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह वृद्धि भारत की बढ़ती स्वदेशी क्षमताओं और वैश्विक रक्षा बाजार में उसकी विस्तारित उपस्थिति को दर्शाती है।
भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर जोर देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भ्रष्टाचार पर काफी हद तक अंकुश लगाया गया है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।” उन्होंने गरीबी उन्मूलन की दिशा में सरकार के प्रयासों तथा देशभर में स्वच्छता और साफ-सफाई के स्तर में हुए उल्लेखनीय सुधारों को भी प्रमुखता से उजागर किया।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। 19 नवंबर, 2026 को वे चौथी भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की वार्ता (2+2) में भाग लेंगे और जापान के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
टोक्यो में आयोजित होने वाली इस 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर करेंगे। जापान की ओर से इस वार्ता की सह-अध्यक्षता जापान के रक्षा मंत्री श्री शिंजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री श्री तोशिमित्सु मोतेगी करेंगे। श्री राजनाथ सिंह और श्री शिंजिरो कोइज़ुमी के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक इस वर्ष की उनकी तीसरी बैठक होगी।
***
पीके/केसी/आरटी/एके/एसके