आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026  के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की आजीविका को सशक्त बनाने में उत्कृष्ट योगदान करने वालों को सम्मानित किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 11:06AM by PIB Delhi

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय का शहरी विकास विभाग 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्‍बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 का आयोजन करेगा। ये पुरस्कार आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल प्रदान करेंगे। इस अवसर पर आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस आयोजन में  52 पुरस्कार और 5 विशेष सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनके माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की आजीविका को सशक्त बनाने तथा वित्तीय समावेशन, डिजिटल सेवाओं को अपनाने और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबीएस), ऋण देने वाली संस्थाओं और सहयोगी संगठनों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया जाएगा। इस योजना से जुड़े विभिन्न हितधारकों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 600 प्रतिभागियों  के इस आयोजन में शामिल होने की उम्मीद है।

इन पुरस्कारों के तहत निम्नलिखित श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा:

  • राज्य/केंद्र शासित प्रदेश: 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों को 27 पुरस्कार
  • शहरी स्थानीय निकाय: 21 पुरस्कार
  • ऋण देने वाली संस्थाएं: 4 पुरस्कार
  • प्रमुख हितधारक: 5 विशेष सम्मान

योजना का संक्षिप्त विवरण

1 जून 2020 को शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से अब तक लगभग 81 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को 1.21 करोड़ से अधिक ऋण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी कुल राशि लगभग 20,000 करोड़ रुपये है।  अगस्त 2025 में सरकार ने इस योजना का पुनर्गठन किया और इसकी कार्यान्वयन अवधि मार्च 2030 तक बढ़ा दी। योजना का दायरा बढ़ाने और वित्तीय समावेशन को और मजबूत करने के लिए इसमें कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इन सुधारों में शामिल हैं:

  • ऋण राशि में वृद्धि: रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की बदलती ऋण जरूरतों को पूरा करने के लिए ऋण की तीनों किस्तों की राशि में वृद्धि की गई है।
  • यूपीआई से जुड़ा रुपे क्रेडिट कार्ड शुरू करना: दूसरी ऋण किस्त का भुगतान कर चुके पात्र लाभार्थियों के लिए 30,000 रुपये तक की ऋण सीमा वाला यूपीआई से जुड़ा रुपे क्रेडिट कार्ड शुरू किया गया है।
  • भौगोलिक दायरे का विस्तार: योजना का दायरा वैधानिक नगरों से आगे बढ़ाकर जनगणना नगरों और शहरी परिधीय क्षेत्रों तक विस्तारित किया गया है।

ऋण सहायता उपलब्ध कराने के अलावा, यह योजना ‘स्वनिधि से समृद्धि’ पहल के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के परिवारों के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देती है। अब तक 52 लाख से अधिक लाभार्थी परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आकलन किया जा चुका है। इसके परिणामस्वरूप केंद्र सरकार की आठ कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1.62 करोड़ से अधिक स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं।

यह योजना 50 स्ट्रीट फूड हब विकसित करने और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण सहित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों जैसी पहलों के माध्यम से रेहड़ी-पटरी पर कारोबार करने वाले विक्रेताओं की समग्र व्‍यवस्‍था को भी मजबूत कर रही है।

 

***

पीके/केसी/आरटी/एके/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2338341) आगंतुक पटल : 14
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Bengali , English , Urdu , Nepali , Gujarati , Tamil