पंचायती राज मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह कल नई दिल्ली में स्वामित्व योजना की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 3:35PM by PIB Delhi

पंचायती राज मंत्रालय की स्वामित्व योजना पर समीक्षा बैठक 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह करेंगे। इस बैठक में केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्रालय के सचिव डॉ. विनीत जोशी, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, योजना के क्रियान्वयन से जुड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्री, संबंधित नोडल विभागों के प्रधान सचिव/सचिव/आयुक्त, भारत के महासर्वेक्षक तथा भारतीय सर्वेक्षण विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे।

इस समीक्षा बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ड्रोन सर्वेक्षण, मानचित्रों के जमीनी सत्यापन तथा संपत्ति कार्ड जारी करने के क्षेत्र में अपनी प्रगति, उपलब्धियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर मिलेगा।

बैठक का उद्देश्य स्वामित्व योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने के लिए एक सहयोगात्मक कार्ययोजना तैयार करना तथा केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करना है, ताकि प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को सुरक्षित संपत्ति का अधिकार मिल सकें और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दिया जा सके।

स्वामित्व योजना के बारे में

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 24 अप्रैल 2020 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना का उद्देश्य ड्रोन और जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) तकनीक के माध्यम से ग्रामीण आबादी वाली भूमि का सर्वेक्षण कर संपत्ति मालिकों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराना है।

इस योजना का क्रियान्वयन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और भारतीय सर्वेक्षण विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 3.31 लाख से अधिक गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। लगभग 3.45 करोड़ संपत्ति कार्ड 2.13 लाख गांवों के लिए तैयार किए गए हैं।

योजना ने हरियाणा, उत्तराखंड, पुडुचेरी, गोवा, त्रिपुरा, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव, लक्षद्वीप, ओडिशा, दिल्ली तथा अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।

ग्रामीण परिवार संपत्ति कार्ड के माध्यम से अपनी संपत्ति को ऋण प्राप्त करने के लिए जमानत के रूप में उपयोग करने में सक्षम हुए हैं। इनके आधार पर 1,769 करोड़ रुपये के लगभग 16,614 ऋण प्राप्त किए गए हैं।

इस योजना ने संपत्ति संबंधी विवादों को कम करने, जीआईएस मानचित्रों के माध्यम से ग्राम स्तर पर बेहतर नियोजन को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को संपत्ति का स्वामित्व प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करके उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एमपी

 


(रिलीज़ आईडी: 2338473) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Kannada