विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

हिमालयी मर्मोट के मल से जलवायु परिवर्तन के संकेत मिल सकते हैं

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 5:01PM by PIB Delhi

एक नए अध्ययन में हिमालयी मर्मोट  के मल में मौजूद परागकणों, कवकीय बीजाणुओं तथा तत्वीय संकेतों का अध्ययन किया गया है। इससे उच्च हिमालय के पर्यावरणीय परिस्थितियों तथा जलवायु परिवर्तन के कारण आए बदलावों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

हिमालय तापमान, वर्षा और हिमावरण में होने वाले बदलावों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। इन बदलावों का अल्पाइन वनस्पतियों और वन्यजीवों के आवासों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है। अधिकांश पारंपरिक पुरा-पर्यावरणीय अध्ययन झीलों की तलछट, पीट तथा मिट्टी पर आधारित होते हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डी एस टी) के स्वायत्त संस्थान बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (बी एस आई पी ) के वैज्ञानिकों ने पर्यावरणीय बदलावों और उनसे जुड़े जलवायु संकेतों के अध्ययन के लिए हिमालयी मर्मोट के मल को एक वैकल्पिक जैविक अभिलेख के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं का अध्ययन किया। यह विशेष रूप से उन दूरस्थ और शुष्क पर्वतीय क्षेत्रों में उपयोगी हो सकता है, जहाँ पारंपरिक तलछटी अभिलेख बहुत कम पाए जाते हैं।

हिमालयी मर्मोट एक शाकाहारी स्तनधारी है, जो हिमालयी क्षेत्र के ऊँचे पर्वतीय, ठंडे और शुष्क अल्पाइन वातावरण में रहता है। यह भोजन और आश्रय के लिए स्थानीय वनस्पतियों पर निर्भर रहता है।

मर्मोट के मल में संरक्षित परागकणों से उसके द्वारा खाई गई वनस्पतियों की संरचना का पता चलता है और आसपास के अल्पाइन-स्टेपी वनस्पति समुदाय के बारे में जानकारी मिलती है।

मर्मोट के आहार में प्रमुख पौध समूहों में आर्टेमिसिया, एस्टेरॉइडिया, कैरियोफिलेसी, पोएसी, साइपेरेसी तथा चेनोपोडिएसी शामिल पाए गए।

चित्र 1. क्षेत्रीय तस्वीरें—
(a और b) पेंसिला दर्रे में हिमालयी मर्मोट के आवास क्षेत्र की अल्पाइन-स्टेपी वनस्पति;
(c) पेंसिला दर्रा क्षेत्र में प्राकृतिक आवास में हिमालयी मर्मोट;
(d) रिमखिम क्षेत्र की अल्पाइन-स्टेपी वनस्पति;
(e) रिमखिम क्षेत्र में प्राकृतिक आवास में हिमालयी मर्मोट;
(f) Marmota himalayana का मल; तथा
(g) मर्मोट के मल के कण का आकार और आकृति।

फोटोग्राफ: हुकम सिंह, मनीष मेहता और विनीत कुमार।

शोधकर्ताओं साधन के. बसुमतारी, हुकम सिंह, मनीष मेहता, स्वाति त्रिपाठी, महेश जी. ठक्कर, एच. ग्रेगरी मैकडोनाल्ड, एलाइन एन. वैन एस्पेरेन और विनीत कुमार ने परागविज्ञान संबंधी विश्लेषण के माध्यम से मल में संरक्षित परागकणों और कवकीय बीजाणुओं की पहचान की। इसके साथ ही, दो हिमालयी क्षेत्रों से प्राप्त नमूनों की तुलना के लिए सांख्यिकीय विधियों तथा तत्वीय संरचना की पहचान के लिए फील्ड एमिशन स्कैनिंग इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी–एनर्जी डिस्पर्सिव एक्स-रे स्पेक्ट्रोस्कोपी (एफ ई एस ए एम – ई डी एस ) का उपयोग किया गया।

सबसे पहले शोधकर्ताओं ने मर्मोट के मल के नमूनों से प्राप्त तीन प्रकार के परागकणों के अनुपात— आर्टेमिसिया/चेनोपोडिएसी, आर्टेमिसिया/साइपेरेसी तथा आर्टेमिसिया/एफेड्रा। —का आकलन किया। इनका उपयोग वनस्पति और जलवायु की व्याख्या के लिए किया गया।

परिणामों से पता चला कि मर्मोट के मिश्रित वनस्पति-आधारित आहार में आर्टेमिसिया, एस्टेरॉइडिया, कैरियोफिलेसी तथा चेनोपोडिएसी e जैसे पौध समूह प्रमुख थे। यह अल्पाइन वनस्पति तथा उससे संबंधित पर्यावरणीय परिस्थितियों की ओर संकेत करता है।

प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह पाया गया कि हिमालयी मर्मोट उच्च हिमालय में वनस्पति और जलवायु में होने वाले बदलावों को समझने के लिए एक प्रभावी संकेतक प्रजाति हो सकता है।

 

 

 

चित्र 2. Marmota himalayana के मल के नमूनों से प्राप्त परागकण एवं अन्य जैविक अवशेषों का समूह।

  1. एफेड्रा
  2. पोएसी के परागकणों का समूह
  3. साइपेरेसी
  4. एस्टेरॉइडिया के परागकणों का समूह
  5. एस्टेरॉइडिया
  6. आर्टेमिसिया
  7. चेनोपोडिएसी
  8. अमरैंथेसी
  9. और 10. कन्वॉल्वुलेसी
  10. पाइनस प्रजाति
  11. एबीज़
  12. स्पोरोर्मिएला
  13. पोडोस्पोरा
  14. सैकोबोलस का समूह
  15. प्लीओस्पोरा
  16. थेकाफोरा का समूह
  17. मेलिओला
  18. बाइपोलैरिस
  19. अल्टरनेरिया
  20. आर्सेला
  21. बोट्रियोकोकस

यह अध्ययन यह भी पुष्टि करता है कि मर्मोट के आवास में होने वाले बदलाव बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों के संबंध में ऊँचाई में होने वाले परिवर्तनों का संकेत दे सकते हैं। परागकणों, कवकीय बीजाणुओं और तत्वीय विश्लेषण का यह संयोजन भविष्य के पुरापारिस्थितिकी तथा कोप्रोलाइट अध्ययन के लिए एक महत्वपूर्ण आधुनिक संदर्भ प्रदान करता है।

प्लास वन  में प्रकाशित यह अध्ययन अतीत में हुए पारिस्थितिक बदलावों के पुनर्निर्माण और जलवायु परिवर्तन के संभावित प्रभावों के आकलन के लिए आधुनिक संदर्भ के रूप में उपयोगी होगा।

इसके निष्कर्ष जैव-विविधता संरक्षण में भी मदद कर सकते हैं, क्योंकि इससे मर्मोट के आवास की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने, पारिस्थितिकी तंत्र में होने वाले बदलावों की निगरानी करने तथा संबंधित वन्यजीवों के संरक्षण की रणनीतियाँ तैयार करने में सहायता मिल सकती है। इनमें हिम तेंदुआ (Snow Leopard) भी शामिल है, जिसके लिए मर्मोट एक महत्वपूर्ण शिकार प्रजाति है।

यह अध्ययन जैव-विविधता संरक्षण, पर्यावरणीय निगरानी, जलवायु अनुसंधान तथा संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के सतत प्रबंधन में योगदान दे सकता है।

प्रकाशन लिंक:
https://doi.org/10.1371/journal.pone.0358642

***

पीके/केसी/आरटी/एनकेएसरिलीज

 

 


(रिलीज़ आईडी: 2338664) आगंतुक पटल : 38
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English