सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने के लिए श्रेष्ठ 2027 की राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (एनआटीएस) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया


श्रेष्ठ योजना का उद्देश्य प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में मेधावी अनुसूचित जाति (एससी) और पात्र विमुक्त जनजाति (डीएनटी) के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है

ऑनलाइन पंजीकरण 30 नवंबर, 2026 तक खुला रहेगा


राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का आधिकारिक पोर्टल https://Exams.Nta.Nic.In/Shreshta और आधिकारिक वेबसाइट www.nta.ac.in है

श्रेष्ठ की राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (एनईटीएस) 10 जनवरी, 2027 को आयोजित की जाएगी

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 5:39PM by PIB Delhi

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच को मजबूत करने और समावेशी शैक्षिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के सहयोग से श्रेष्ठ की राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (एनईटीएस) 2027 के लिए लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लक्षित क्षेत्रों के हाई स्कूलों में छात्रों के लिए आवासीय शिक्षा योजना (एसएचआरईएसएचटीए- श्रेष्ठ) का उद्देश्य प्रतिष्ठित निजी आवासिय विद्यालयों में प्रवेश की सुविधा प्रदान करके  अनुसूचित जाति (एससी) और उन विमुक्त जनजातियों (डीएनटी)- जो एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणियों के अंतर्गत नहीं आते हैं- के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध  करना है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह पहल का उद्देश्य लक्षित समुदायों के छात्रों को अनुकूल शिक्षण वातावरण प्रदान कर शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने और उनकी पूर्ण  क्षमता को साकार करने में सक्षम बनाकर शैक्षिक सशक्तिकरण को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा तक पहुंच सामाजिक गतिशीलता को आगे बढ़ाने, शैक्षणिक क्षमताओं को मजबूत करने और समग्र विकास के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि ‘श्रेष्ठ’ योजना के माध्यम से मंत्रालय शैक्षिक असमानताओं को दूर करने और लक्षित समुदायों के मेधावी छात्रों को उनकी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम बनाने का प्रयास कर रहा है। अधिकारी ने बताया कि यह योजना सामाजिक परिवर्तन, सशक्तिकरण और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास के एक माध्यम के रूप में शिक्षा पर मंत्रालय के निरंतर जोर देने को दर्शाती है।

अधिकारी ने जानकारी दी कि श्रेष्ठ (एमईटीएस) 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 14 नवंबर, 2026 को शुरू हुई थी और 30 नवंबर, 2026 (रात 11:50 बजे तक) तक खुली रहेगी।

उन्होंने आगे बताया कि उम्मीदवारों को अपने जमा किए गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार करने की सुविधा देने के लिए एक सुधार विंडो (करेक्शन विंडो) 2 दिसंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक चालू रहेगी।

उन्होंने  ये भी बताया कि श्रेष्ठ के लिए राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा (एनईटीएस) 2027 का आयोजन  10 जनवरी, 2027 को किया जाना निर्धारित है।  

अधिकारी ने कहा कि पात्र उम्मीदवार अपने ऑनलाइन आवेदन आधिकारिक राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के आधिकारिक पोर्टल https://exams.nta.nic.in/shreshta के माध्यम से अपने ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय सभी पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करने और ‘श्रेष्ठ’ योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्राप्त करने के इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

अधिकारी ने कहा कि ‘श्रेष्ठ’ जैसी लक्षित शैक्षिक पहलों के माध्यम से, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय समान शैक्षिक अवसरों को बढ़ावा देने भावी पीढ़ियों को सशक्त बनाने और विकसित भारत@2047 के विज़न के अनुरूप एक समावेशी एवं न्यायसंगत समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।

परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रश्न या सहायता के लिए उम्मीदवार राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी से उसके आधिकारिक ईमेल पते shreshta@nta.ac.in अथवा हेल्पलाइन नंबरों 011-40759000 / 1800-180-4747 पर संपर्क कर सकते हैं। उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक  वेबसाइट www.nta.ac.in पर भी जा सकते हैं।

****

पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2338700) आगंतुक पटल : 19
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu