सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 6:55PM by PIB Delhi
आधिकारिक सांख्यिकी के क्षेत्र में साझेदारी और साझा प्रगति के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली प्रशिक्षण अकादमी(एनएसएसटीए)--सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय(एमओएसपीआई), ने राष्ट्रीय श्रम अर्थशास्त्र अनुसंधान एवं विकास संस्थान(एनआईएलईआरडी) के सहयोग से 17 नवंबर, 2026 को भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग(आईटीईसी) कार्यक्रम के 26 साझेदार देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के साथ एक संवादात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से, यहाँ आए प्रतिनिधियों को यह समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर मिला कि भारत किस प्रकार अपने सांख्यिकीय संस्थानों का निर्माण करता है, उनका संचालन करता है और उन्हें बनाए रखता है।

इस अवसर पर महानिदेशक(केंद्रीय सांख्यिकी) डॉ. दिलीप सिंह और महानिदेशक(डेटा गवर्नेंस)-प्रभारी,एमओएसपीआई, डॉ. पूर्णेंदु किशोर बनर्जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें क्षमता विकास प्रभाग के अपर महानिदेशक श्री आर. राजेश और सामाजिक सांख्यिकी प्रभाग की अपर महानिदेशक सुश्री सुप्रिया रॉय भी शामिल थीं। एनआईएलईआरडी के निदेशक डॉ. पी. सी. परिदा तथा एनआईएलईआरडी के संकाय सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

दिनभर की चर्चाओं की पृष्ठभूमि तैयार करते हुए, क्षमता विकास प्रभाग के अपर महानिदेशक श्री आर. राजेश ने भारत के शाश्वत संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ अर्थात् संपूर्ण विश्व एक परिवार है और सभी लोग अपने ही परिजन हैं, का स्मरण कराया। इस सभ्यतागत दृष्टिकोण पर आधारित होकर उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत ने अन्य देशों की सांख्यिकीय प्रणालियों को बेहतर बनाने और सुदृढ़ करने में सहयोग प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। संवाद सत्र का संचालन करते हुए एनएसएसटीए की उप महानिदेशक सुश्री रीना सिंह ने देश की आधिकारिक सांख्यिकीय प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय(एमओएसपीआई) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को समर्थन देने के लिए विश्वसनीय, प्रमाणिक और समयबद्ध सांख्यिकीय जानकारी की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने भारत की सांख्यिकीय प्रणाली की क्षमता को सुदृढ़ बनाने में एनएसएसटीए की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी बल दिया।
डॉ. दिलीप सिंह, महानिदेशक(केंद्रीय सांख्यिकी) द्वारा दिए गए मुख्य संबोधन में प्रतिनिधियों को भारत की राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली की एक तस्वीर प्रस्तुत की गई। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने सांख्यिकी प्रणाली की संस्थागत रूपरेखा, संगठनात्मक संरचना और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने एमओएसपीआई द्वारा तैयार किए जाने वाले विभिन्न सांख्यिकीय उत्पादों और संचालित किए जाने वाले विविध सर्वेक्षणों का एक समग्र अवलोकन भी प्रस्तुत किया।

इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य भाग दो तकनीकी सत्रों पर आधारित था। पहला सत्र ‘भारत में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी की निगरानी का अवलोकन)’ विषय पर आयोजित किया गया, जिसका संचालन सामाजिक सांख्यिकी प्रभाग(एसएसडी) की अपर महानिदेशक सुश्री सुप्रिया रॉय, उप महानिदेशक सुश्री रुचिका गुप्ता और निदेशक श्री इंद्रदीप रॉय चौधरी ने किया। इस सत्र में एमओएसपीआई द्वारा सतत विकास लक्ष्यों की निगरानी के लिए निर्धारित 270 से अधिक राष्ट्रीय संकेतकों तथा वैश्विक संकेतक रूपरेखा के साथ उनके निरंतर सामंजस्य की प्रक्रिया का अवलोकन प्रस्तुत किया गया। ‘सांख्यिकीय डेटाबेस का विकास एवं प्रबंधन’ विषय पर दूसरा सत्र एमओएसपीआई के डेटा इनोवेशन एवं सूचना प्रभाग(डीआईआईडी) के निदेशक श्री विष्णु मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस सत्र में ई-सांख्यिकी पोर्टल, माइक्रो-डेटा पोर्टल, सिमेंटिक सर्च, मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल(एमसीपी), माइक्रो व मैक्रो डेटासेट आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का समापन करते हुए, महानिदेशक(डेटा गवर्नेंस)-प्रभारी श्री पी. के. बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के साथ बातचीत की और अपने समापन वक्तव्य में भारत के सांख्यिकीय तंत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस संवाद कार्यक्रम से मिली सीख और अनुभवों को अपने-अपने देशों में लेकर जाएं तथा वहां की सांख्यिकीय प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने के लिए इसका उपयोग करें।
भारत सभी सहभागी देशों के साथ निरंतर तकनीकी सहयोग, ज्ञान के आदान-प्रदान और संस्थागत साझेदारी के माध्यम से साझा सीख को ठोस एवं व्यावहारिक परिणामों में परिवर्तित करने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः दोहराता है।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/