57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

गोवा में कल से 57वें इफ्फी (IFFI) का शुभारंभ, जीवंत होंगी 'सरहदों से परे की कहानियां'


कल से शुरू हो रहे 57वें इफ्फी में वैश्विक फिल्म जगत के स्वागत के लिए गोवा पूरी तरह तैयार

गोवा में 57वें इफ्फी के उद्घाटन अवसर पर दिखेगा सिनेमा, संगीत और संस्कृति का भव्य उत्सव

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 7:14PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2338795Views: 35

‘सरहदों से परे की कहानियां’ थीम के तहत आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में देश और विदेश के फिल्म निर्माता, कलाकार और प्रतिनिधि संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सिनेमाई उत्सव की एक शाम के लिए एक साथ जुटेंगे।

गोवा कल, 20 नवंबर से शुरू हो रहे 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के लिए भारत और दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, प्रतिनिधियों और सिनेमा प्रेमियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह महोत्सव फिल्मों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रचनात्मक जुड़ाव के नौ दिनों के लिए सिनेमा जगत को एक मंच पर लाएगा।

‘सरहदों से परे की कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) थीम के तहत आयोजित इस वर्ष का महोत्सव विभिन्न देशों, संस्कृतियों और सिनेमाई परंपराओं की फिल्मों और रचनात्मक आवाज़ों को एक साथ लाएगा, जो सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाएगा।

नौ दिवसीय महोत्सव की शुरुआत, गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में संगीतमय प्रस्तुतियों , सांस्कृतिक कार्यक्रमों  और औपचारिक कार्यक्रमों से होगी।

समारोह की शुरुआत ध्वनि और प्रकाश (साउंड एंड लाइट) की प्रस्तुति से होगी, जिसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान होगा। औपचारिक उद्घाटन में दीप प्रज्वलन और तुलसी के पौधे को जल अर्पित करना शामिल होगा, जो प्रकाश, जीवन और नई शुरुआत का प्रतीक है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/P-2_20261119191930_daa2d2.jpg

 

उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाली प्रमुख हस्तियां

 

समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों का संबोधन होगा।

उद्घाटन समारोह में भारतीय सिनेमा की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी, जिनमें सांसद रवि किशन, फिल्म निर्माता और महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारीकर, फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर और फिल्म निर्माता आनंद एल. राय के साथ-साथ भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म बिरादरी के अन्य विशिष्ट सदस्य मौजूद रहेंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/P-1_20261119192233_ecfb3d.jpg

 

रिकी केज का सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा

इस शाम का एक प्रमुख आकर्षण तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार और पर्यावरणविद् रिकी केज की ‘ए वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक’ शीर्षक से सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति होगी। यह प्रस्तुति विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं की संगीतमय यात्रा के माध्यम से सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा को जीवंत करेगी।

इस संगीतमय प्रस्तुति के बाद ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ का आयोजन होगा, जो महोत्सव की थीम को दर्शाते हुए संगीत परंपराओं, सद्भाव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के उत्सव में विभिन्न देशों के संगीतकारों को एक साथ लाएगा।

इफ्फी से जुड़ा 'मयूर' (मोर) प्रतीक चिह्न ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नामक एक विशेष नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत होगा, जो गति और कलात्मक अभिव्यक्ति के ज़रिए महोत्सव के प्रतिष्ठित प्रतीक में प्राण फूंकेगा।

समारोह में इंडियन पैनोरमा और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के निर्णायक मंडलों (जूरी) का सम्मान भी किया जाएगा, जिसमें महोत्सव के प्रतिस्पर्धी खंडों के लिए फिल्मों का चयन करने वाले फिल्म निर्माताओं और सिनेमा पेशेवरों को सम्मानित किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जूरी

अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता आनंद एल. राय करेंगे और इसमें दुनियाभर के प्रतिष्ठित सिनेमा पेशेवर शामिल होंगे, जिनमें सोल बेरुएज़ो पिचोन-रिविएरे (अर्जेंटीना), बोगदान मुरेसानु (रोमानिया), मारिया एलेजांद्रा रोजास (कोलंबिया) और रत्चापूम बूनबंचाचोक (थाईलैंड) शामिल हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान जूरी को सम्मानित किया जाएगा।

इंडियन पैनोरमा जूरी

फीचर फिल्म जूरी की अध्यक्षता राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर कर रहे हैं, जबकि गैर-फीचर (नॉन-फीचर) फिल्म जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के पूर्व निदेशक हिमांशु शेखर खटुआ कर रहे हैं।

वेव्स फिल्म बाज़ार (WAVES Film Bazaar) के दो दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रस्तुति भारतीय फिल्म निर्माताओं को अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उद्योग से जोड़ने और रचनात्मक और व्यावसायिक सहयोग को सुगम बनाने वाले एक मंच के रूप में इसके विकास को प्रदर्शित करेगी।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/P-3_20261119192128_52cd59.jpg

 

विश्वभर के सिनेमा के नौ दिन

प्रशंसित अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों से लेकर उभरती हुई आवाज़ों और विविध भारतीय कहानियों तक, इफ्फी 2026 दर्शकों को एक व्यापक सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगा। महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो गोवा में कहानी कहने की विविध परंपराओं और नजरियों को प्रस्तुत करेंगी।

महोत्सव की शुरुआत प्रशंसित पोलिश फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की द्वारा निर्देशित फिल्म फादरलैंड से होगी, जिन्हें 2026 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। मिड-फेस्ट फिल्म अलीना सेरबन द्वारा निर्देशित आई मैटर होगी, जो रोमानिया-जर्मनी-बेल्जियम का सह-निर्माण है और इसमें रोमानियाई और रोमानी भाषा में संवाद हैं। महोत्सव का समापन सिंगापुर के फिल्म निर्माता एंथनी चेन द्वारा निर्देशित वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स के साथ होगा, जिससे 28 नवंबर को विश्व सिनेमा के इस नौ दिवसीय उत्सव का समापन हो जाएगा। महोत्सव प्रतियोगिताओं, क्यूरेटेड शोकेस और देश-विशिष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा पर भी प्रकाश डालेगा, जिसमें स्पेन सम्मानित देश(कंट्री ऑफ ऑनर) और रूस साझेदार देश(पार्टनर कंट्री) होगा।

18 भाषाओं की 76 फिल्मों को प्रदर्शित करने वाले इंडियन पैनोरमा के माध्यम से भारतीय सिनेमा को एक प्रमुख स्थान मिलेगा। ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष फोकस से सदस्य और साझेदार देशों की फिल्मों को और अधिक प्रमुखता मिलेगी।

यह महोत्सव सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म प्रतियोगिता के माध्यम से उभरते फिल्म निर्माताओं का उत्साहवर्धन करेगा। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता और आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी मेडल सहित अन्य प्रतिस्पर्धी खंडों के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों में सिनेमाई उत्कृष्टता को मान्यता दी जाएगी।

 

इफ्फी 2026 में नए खंड

इस वर्ष का महोत्सव अपनी सिनेमाई प्रस्तुतियों को व्यापक बनाने और कहानी कहने के विविध रूपों का उत्सव मनाने के लिए दो नए खंड पेश कर रहा है। पहला खंड, एनिमेशन, जिसमें पाँच उत्कृष्ट फिल्में दिखाई जाएंगी, जो एनिमेटेड सिनेमा में रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करेंगी। दूसरा खंड, फिल्म्स अबाउट फिल्म्स, फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को सामने लाने के उद्देश्य से पांच फिल्में प्रस्तुत करेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/P-8_20261119192437_275c9d.jpg

 

गोल्डन पीकॉक और सिल्वर पीकॉक पुरस्कार

महोत्सव के प्रतिस्पर्धी खंड प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक और सिल्वर पीकॉक पुरस्कारों के माध्यम से सिनेमाई उत्कृष्टता को सम्मानित करेंगे, जिसमें छह पुरस्कार शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए गोल्डन पीकॉक प्रदान किया जाएगा, जबकि सिल्वर पीकॉक पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष), सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (महिला), विशेष जूरी पुरस्कार और किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म को प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव सहिष्णुता, अंतर-सांस्कृतिक संवाद और शांति की संस्कृति को बढ़ावा देने वाली फिल्म के लिए आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी मेडल भी प्रदान करेगा।

क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो के माध्यम से, युवा और महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माताओं को मास्टरक्लास, कार्यशालाओं, संवादात्मक सत्रों और 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती के ज़रिए उद्योग के पेशेवरों से सीखने, सहयोग करने और फिल्म निर्माण की दुनिया को जानने का अवसर मिलेगा।

फिल्मों की स्क्रीनिंग के अलावा, यह महोत्सव क्यूरेटेड संवादों और उद्योग की पहल के माध्यम से फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, छात्रों और उद्योग के पेशेवरों के बीच व्यापक जुड़ाव की सुविधा प्रदान करेगा। इफ्फी के साथ आयोजित होने वाला वेव्स फिल्म बाज़ार रचनात्मक आदान-प्रदान, सहयोग और उद्योग के अवसरों के लिए एक मंच प्रदान करेगा, जो फिल्म निर्माताओं और निर्माताओं को खरीदारों, वितरकों और अन्य हितधारकों से जोड़ेगा।

1952 में स्थापित, इफ्फी भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा को प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और दुनियाभर से फिल्म निर्माताओं, उद्योग के पेशेवरों तथा दर्शकों को एक साथ लाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में निरंतर कार्य कर रहा है।

 

Please click here for 57th International Film Festival of India: Official Schedule 20 to 28 November 2026

पीके/केसी/आरटी/जेएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2338795
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026