वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने रोम में भारत-इटली आर्थिक सहयोग पर संयुक्त आयोग के 23वें सत्र की सह-अध्यक्षता की


श्री पीयूष गोयल ने भारत-इटली व्यापार एवं नवाचार मंच को संबोधित किया; 12 स्टार्टअप्स सहित लगभग 80 भारतीय कारोबारी प्रतिनिधियों ने लिया भाग

दोनों पक्षों ने वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन यूरो तक पहुंचाने के साझा लक्ष्य की फिर से पुष्टि की

व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित रही चर्चा

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 1:01PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने 18 नवंबर 2026 को रोम में इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री श्री एंटोनियो ताजानी के साथ भारत-इटली आर्थिक सहयोग पर संयुक्त आयोग (जेसीईसी) के 23वें सत्र की सह-अध्यक्षता की। दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक एवं वाणिज्यिक सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक साझेदारी के विस्तार के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने मई 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की इटली यात्रा के परिणामों और संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना 2025-2029 के आधार पर भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक में ऑटोमोटिव और एयरोस्पेस, उद्योग 4.0, कृषि एवं कृषि प्रौद्योगिकी, संपर्क और ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, विज्ञान एवं नवाचार, संस्कृति एवं पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत की बढ़ती विनिर्माण क्षमताओं और कुशल कार्यबल तथा उन्नत विनिर्माण, इंजीनियरिंग, मशीनरी और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इटली की विशेषज्ञता के बीच पारस्परिक सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने उद्योग जगत की अधिक भागीदारी, संयुक्त उद्यमों, प्रौद्योगिकी साझेदारी और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में एकीकरण को प्रोत्साहित किया।

दोनों मंत्रियों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ताओं के सफल समापन का भी स्वागत किया। उन्होंने बाजार तक पहुंच बढ़ाने, व्यापार एवं निवेश के प्रवाह में वृद्धि करने और आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ बनाने में इस समझौते की संभावनाओं पर चर्चा की। इस संदर्भ में, उन्होंने वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन यूरो तक पहुंचाने के साझा लक्ष्य की फिर से पुष्टि की तथा व्यापार में विविधता लाने और निवेश बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपनी यात्रा के दौरान श्री पीयूष गोयल ने 17 नवंबर 2026 को इटली की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं। इनमें वाल्टर टोस्टो एस.पी.ए., नॉर्डइम्पियांती सिस्टम, एटिटेक, मैगल्डी ग्रुप और ब्रैको ग्रुप शामिल हैं। इन बैठकों में भारत में निवेश, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी साझेदारी के अवसरों पर चर्चा हुई।

श्री गोयल ने रोम में आयोजित भारत-इटली व्यापार एवं नवाचार फोरम को भी संबोधित किया। इस फोरम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योग संघों और इटली की कंपनियों के साथ-साथ 12 स्टार्टअप्स सहित लगभग 80 भारतीय कारोबारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फोरम से पहले श्री गोयल ने भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से मिलने वाले अवसरों सहित इटली तथा व्यापक यूरोपीय बाजार में भारतीय कारोबारियों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा की।

दोनों अर्थव्यवस्थाओं की पारस्परिक पूरक क्षमताओं से उत्पन्न अवसरों का पता लगाने के लिए इस फोरम के एक हिस्से के रुप में तीन सेक्टर-वार गोलमेज बैठकें आयोजित की गईं। फार्मास्यूटिकल्स और रसायन क्षेत्र की गोलमेज बैठक में दवा निर्माण, एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रिडिएंट्स (एपीआई), विशेष रसायनों, जैव प्रौद्योगिकी तथा संयुक्त अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में साझेदारी के अवसरों की पहचान की गई। औद्योगिक मशीनरी और कृषि-खाद्य क्षेत्र की गोलमेज बैठक में स्वचालन, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, खाद्य प्रसंस्करण मशीनरी, कोल्ड-चेन अवसंरचना और पैकेजिंग के क्षेत्र में अवसरों को रेखांकित किया गया। इनका उद्देश्य फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना और उत्पादों का मूल्य संवर्धन बढ़ाना है। ऑटोमोटिव क्षेत्र की गोलमेज बैठक में इलेक्ट्रिक और अगली पीढ़ी की मोबिलिटी, कलपुर्जों, अनुसंधान एवं नवाचार तथा सतत विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इन सभी गोलमेज बैठकों में प्रतिभागियों ने चर्चाओं को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलने के लिए संयुक्त उद्यमों, निवेश साझेदारियों और प्रौद्योगिकी साझा करने को महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इनोवेशन फोरम का उद्घाटन इटली के विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय के विकास एवं निर्यात संवर्धन महानिदेशक श्री मौरो बाटोच्ची और इटली में भारत की राजदूत सुश्री वाणी राव ने किया। श्री पीयूष गोयल ने पूरे फोरम में भाग लिया और भारतीय तथा इतालवी प्रतिनिधियों के साथ परस्पर बातचीत की। उन्होंने दोनों पक्षों को सतत विकास और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग एवं तालमेल की संभावनाएं तलाशने तथा दोनों देशों के नवाचार इकोसिस्टम की पारस्परिक पूरक क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

पूर्ण सत्र में कारोबारी संघों ने व्यापार मंच के निष्कर्ष प्रस्तुत किए। इसके बाद श्री एंटोनियो ताजानी और श्री पीयूष गोयल ने सत्र को संबोधित किया। इन सत्रों में दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच मजबूत पारस्परिक पूरकता को रेखांकित किया गया और अपनी आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने की भारत एवं इटली की साझा प्रतिबद्धता पर बल दिया गया।

श्री एंटोनियो ताजानी के साथ द्विपक्षीय बैठक में दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक एवं वाणिज्यिक संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने निरंतर संवाद और कारोबारी साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाकर दोनों प्रधानमंत्रियों की परिकल्पना को ठोस परिणामों में बदलने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस दौरे से भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिली और द्विपक्षीय व्यापार, निवेश तथा कारोबारी सहयोग का विस्तार करने की साझा प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एनजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2338849) आगंतुक पटल : 9
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Nepali , Bengali , Bengali-TR , Assamese , Gujarati , Tamil , Malayalam