57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

रचनात्‍मक अवधारणाओं से वैश्विक अवसरों तक : गोवा में वेव्स फिल्म बाजार 2026 शुरू हुआ


फिल्‍म निर्माताओं को जोड़ने, कहानियों को आगे बढ़ाने और बढ़ती अन्‍तरराष्‍ट्रीय साझेदारी के दो दशक

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 2:03PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339074Views: 14

गोवा के ताज सिडाडे डी गोवा होराइजन में आज 20वें वेव्‍स फिल्म बाजार का उद्घाटन किया गया। यह आयोजन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योगों के बीच सहयोग एवं संपर्क को बढ़ावा देने के दो दशकों की उपलब्धि का प्रतीक है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय बाजार फिल्म निर्माताओं, निर्माताओं, लेखकों, निवेशकों, वितरकों और फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य पेशेवरों को एक मंच पर लाता है, ताकि वे आपसी सहयोग की संभावनाएं तलाश सकें और रचनात्मक परियोजनाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचा सकें।

उद्घाटन समारोह में मुख्य भाषण देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने फिल्म बाजार की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों की भागीदारी से शुरू हुआ यह आयोजन हाल के आयोजनों में 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी तक पहुंच गया है। उन्होंने वेव्‍स फिल्म बाजार को ऐसा मंच बताया, जो रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक अवसरों में बदलने में मदद करता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वेव्‍स 2025 में प्रस्तुत ‘भारत में सृजन करें, दुनिया के लिए सृजन करें’ के विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने भारतीय रचनात्मक प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों और अवसरों तक अधिक पहुंच उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने फिल्म बाजार को सहयोग और नई संभावनाओं की तलाश का एक महत्वपूर्ण मंच बताया। साथ ही, उन्होंने दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं से इस बाजार का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया, जहां कहानियां साझेदारियों का रूप ले सकती हैं और रचनात्मकता से दीर्घकालिक आर्थिक एवं सांस्कृतिक मूल्य का सृजन हो सकता है।

श्री चंचल कुमार, सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित फिल्म महोत्सव के निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर ने भारतीय फिल्म निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग के पेशेवरों को एक साथ लाने में फिल्म बाजार की विशिष्ट भूमिका से अवगत कराया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह मंच फिल्म निर्माताओं की रचनात्मक यात्रा के हर चरण में उनके साथ जुड़ता है। उन्होंने कहा कि वेव्‍स फिल्म बाजार किसी फिल्म के पूरा होने का इंतजार नहीं करता, बल्कि निर्माण प्रक्रिया के दौरान ही फिल्म निर्माताओं से जुड़ता है। चाहे किसी फिल्म निर्माता की पटकथा अधूरी हो या उसकी फिल्म पूरी हो चुकी हो और वह दर्शकों तक पहुंचने के अवसर तलाश रहा हो, यह बाजार ऐसे लोगों को एक मंच पर लाता है, जो उस परियोजना को आगे बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किस तरह एक साधारण बातचीत, जिसकी शुरुआत अक्सर कॉफी पीने के निमंत्रण से होती है, सार्थक सहयोग के नए रास्ते खोल सकती है।

श्री आशुतोष गोवारिकर, फिल्म महोत्सव निदेशक

उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह ने फिल्म बाजार को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से यह मंच इफ्फी के साथ अपने जुड़ाव को निरंतर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि फिल्म बाजार अब एक बड़े और व्यापक मंच के रूप में विकसित हो चुका है, जिससे फिल्म उद्योग के लिए इसके दायरे और अवसरों का विस्तार हुआ है।

सिनेमा की परिवर्तनकारी शक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को चीजों को एक अलग नजरिए से देखने में सक्षम बनाना अपने आप में एक उपहार है। उन्होंने प्रतिनिधियों से चार दिनों का भरपूर लाभ उठाने, नए लोगों से बातचीत करने, अपने विचार साझा करने, विशेष रूप से अधूरी परियोजनाओं पर चर्चा करने और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद के साथ नए अवसरों को तलाशने का आग्रह किया। उन्होंने प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित किया कि वे इस उम्मीद के साथ प्रयास करें कि उन्हें किसी अवसर के लिए 'हां' में जवाब मिल सके।

दाईं ओर से – श्री प्रभात, अपर सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय; श्री जी. कृष्णकुमार, अध्यक्ष, एनएफडीसी; श्री चंचल कुमार, सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय; श्री आशुतोष गोवारिकर, फिल्म महोत्सव निदेशक; श्री धीरज सिंह, प्रबंध निदेशक, एनएफडीसी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उद्घाटन समारोह में एनएफडीसी के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार भी उपस्थित रहे।

वेव्‍स फिल्म बाजार के दो दशक पूरे होने के साथ ही इसकी भूमिका फिल्म उद्योग को एक मंच पर लाने से आगे बढ़कर कहानियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की संभावनाएं सृजित करने तक विस्तारित हो गई है। दुनियाभर के निर्माताओं, लेखकों, निवेशकों और वितरकों के साथ फिल्म निर्माताओं को जोड़कर यह मंच सुनिश्चित करने का प्रयास करता है कि संभावनाओं से भरपूर विचारों को सही सहयोगी मिलें और भारत की विविधतापूर्ण कहानियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने के अवसर प्राप्त हों। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना है, जहां संवाद से सहयोग के नए रास्ते खुलें और रचनात्मक विचारों को पर्दे तक पहुंचने का अवसर मिले।

इफ्फीलॉयड यहां पढ़ें:: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/जीआरएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339074
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026