नीति आयोग
azadi ka amrit mahotsav

भारत के एमएसएमई क्षेत्र के लिए एआई का इस्‍तेमाल : माइक्रोसॉफ्ट, संहिता-कलेक्टिव गुड फाउंडेशन और नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन ने 20 नवंबर को उद्योग जगत के दिग्‍गजों को एक मंच पर लाया


माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और संहिता-सीजीएफ ने नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन के सहयोग से भारत के एमएसएमई क्षेत्र को एआई से सक्षम बनाने की दिशा और उनके विकास में सहायक इकोसिस्‍टम के स्तर पर आवश्यक सहयोग पर चर्चा के लिए एक बैठक आयोजित की

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 5:25PM by PIB Delhi

एआई हमारे काम करने के तरीकों और उत्पादकता की अवधारणा में व्यापक बदलाव ला रही है। इस अभूतपूर्व तकनीकी परिवर्तन के दौर में यह सुनिश्चित करने के लिए कि भारत के 10 करोड़ एमएसएमई इस बदलाव के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें, माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और संहिता-सीजीएफ ने नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन के साथ मिलकर एमएसएमई को एआई से सक्षम बनाने के लिए नेतृत्व संवाद का आयोजन किया।

इस बैठक में नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन के मिशन निदेशक डॉ. दीपक बागला और माइक्रोसॉफ्ट इंडिया एवं दक्षिण एशिया के कॉरपोरेट, बाह्य एवं विधिक मामलों (सीईएलए) के महाप्रबंधक श्री संजय चड्ढा के साथ एमएसएमई क्षेत्र के संस्थापकों और इकोसिस्‍टम से जुड़े भागीदारों ने हिस्‍सा लिया। इस दौरान भारत के एमएसएमई क्षेत्र में एआई को अपनाने की मौजूदा स्थिति, आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में एआई की संभावित भूमिका तथा एमएसएमई द्वारा एआई को अपनाने में मदद के लिए पूरे इकोसिस्‍टम के स्तर पर आवश्यक सहयोग व्यवस्था पर चर्चा की गई।

यह संवाद माइक्रोसॉफ्ट की एमएसएमई को एआई से सक्षम बनाने की पहल का हिस्सा था। इस पहल के तहत आंध्र प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, कर्नाटक और महाराष्ट्र के 3,000 एमएसएमई को 60 दिनों के एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से व्यावसायिक गतिविधियों के विभिन्न क्षेत्रों में एआई आधारित कार्यप्रणालियां अपनाने में मदद की जा रही है, ताकि वे अपनी कार्यक्षमता, उत्पादकता और विस्तार की क्षमता बढ़ा सकें।

डॉ. बागला ने कहा, “भारत की विकास यात्रा में अगली बड़ी छलांग इस बात पर निर्भर करती है कि हम एआई को किस तरह सभी के लिए सुलभ बनाते हैं, ताकि छोटे से छोटा व्यवसाय भी विशेषज्ञता, समय और लागत जैसी बाधाओं के बिना इसे अपना सके। एआई के माध्यम से मूल्य सृजन में सबसे बड़ा योगदान हमारे एमएसएमई और स्वरोजगार से जुड़े लोगों का होगा। उनका उद्देश्य केवल वित्तीय क्षेत्र में यूनिकॉर्न उद्यम खड़े करना ही नहीं, बल्कि एक अरब से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर सामाजिक क्षेत्र में भी ऐसे उदाहरण प्रस्तुत करना है।”

इस कार्यक्रम के दौरान माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और कार्यक्रम की कार्यान्वयन भागीदार संस्था संहिता-सीजीएफ ने एक बहुभाषी एआई चैटबॉट का शुभारंभ किया। यह चैटबॉट एमएसएमई की क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा और इसका उद्देश्य प्रशिक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी उन्हें अपनी दैनिक व्यावसायिक गतिविधियों में एआई का उपयोग शिक्षण और उसे अपनाने में मदद करना है। जल्द ही इस चैटबॉट का विस्तार देशभर के एमएसएमई को सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा।

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया एवं दक्षिण एशिया के कॉरपोरेट, बाह्य एवं विधिक मामलों (सीईएलए) के महाप्रबंधक श्री संजय चड्ढा ने कहा, “भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर ने लाखों एमएसएमई को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ा है। एआई के युग में उत्पादकता बढ़ाना अगला महत्वपूर्ण लक्ष्य है। जब छोटे व्यवसाय उचित कौशल और एआई के जिम्मेदार उपयोग के प्रति विश्वास के साथ इसे अपनाते हैं, तो उनके कर्मचारी अधिक मूल्यवर्धित कार्य कर पाते हैं, उद्यमों का विकास होता है और रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। हम एमएसएमई को एआई के प्रति जागरूकता से आगे बढ़कर इसे अपनाने में मदद करने के लिए भारत के इनक्यूबेशन नेटवर्क के साथ काम कर रहे हैं। साथ ही, जिम्मेदार एआई को दीर्घकालिक आर्थिक सशक्तीकरण का आधार बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।”

माइक्रोसॉफ्ट और संहिता-सीजीएफ एक राष्ट्रीय एमएसएमई एआई अंगीकरण मार्गदर्शिका तैयार करने की भी योजना बना रहे हैं। यह मार्गदर्शिका कार्यक्रम में भाग लेने वाले 6,000 व्यक्तियों के शिक्षण के अनुभवों से प्राप्त जानकारियों पर आधारित होगी। इसमें व्यावहारिक तरीके, सफलता की कहानियां और महत्वपूर्ण अनुभव शामिल किए जाएंगे, ताकि उद्योग संघों, इनक्यूबेटरों और सरकारी संस्थानों को बड़े पैमाने पर एआई अपनाने में एमएसएमई की सहायता करने में मदद मिल सके।

संहिता-सीजीएफ की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुश्री प्रिया नाइक ने कहा, “यह पहल शुरू करने का समय बिल्कुल उपयुक्त है। जनरेटिव एआई अब रोजमर्रा के उत्पादकता बढ़ाने वाले उपकरणों का हिस्सा बन चुका है, भारत का एआई बुनियादी ढांचा लगातार विस्तार कर रहा है और बड़े उद्यमों की अपेक्षाएं भी एमएसएमई से डिजिटल क्षमताओं के मामले में बढ़ रही हैं। ऐसे समय में इस पहल की शुरुआत बेहद महत्वपूर्ण है। मैं माइक्रोसॉफ्ट की आभारी हूं, जो क्षमता निर्माण, विचार नेतृत्व, व्यवस्था-स्तरीय दृष्टिकोण और सरकार के साथ सार्थक सहयोग को एक साथ लाकर इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2339236) आगंतुक पटल : 31
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu