57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

एक दुनिया, अनगिनत कहानियां, असीम भावनाएं: गोवा ने इफ़्फी (आईएफएफआई) 57 के लिए रेड कार्पेट बिछाया


हम चाहते हैं कि गोवा वह स्थान बने, जहां फिल्मों का निर्माण हो और उन्हें अंतिम रूप दिया जाए: मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गोवा के सिनेमाई विजन का अनावरण किया

सच्चाई, अहसास और प्रभावशाली कहानी हमेशा दर्शकों से जुड़ती है: रवि किशन

सिनेमा भारत की सॉफ्ट पावर की सबसे सशक्त अभिव्यक्तियों में से एक है: सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार

एक कहानी बिना पासपोर्ट के सीमाएं पार कर सकती है: महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर

इफ़्फी (आईएफएफआई) 2026 में सीमाओं से परे संगीत का उत्सव मनाते हुए रिकी केज ने विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ी

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 9:19PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339408Views: 37

प्रकाश की पहली चमक और पर्दे पर पहले दृश्य के बीच कहीं, दुनिया को एक साथ आने का एक कारण मिल जाता है। और आज गोवा वह दुनिया बन गया। अरब सागर की झिलमिलाती पृष्ठभूमि में गोवा एक बार फिर ऐसे वैश्विक मंच में बदल गया है, जहां फिल्म निर्माता, प्रतिष्ठित सिनेमा हस्तियां और सिनेमा प्रेमी एकत्रित होते हैं, संस्कृतियों का संगम होता है और कल्पनाओं को उड़ान मिलती है।

गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का शुभारंभ हुआ। इसने 86 देशों की भागीदारी और 150 से अधिक फिल्मों के साथ चलती-फिरती छवियों के असीम जादू का उत्सव मनाते हुए कहानियों की एक अनूठी दुनिया के द्वार खोल दिए। ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय से प्रेरित इस संस्करण में सिनेमा की उस असाधारण शक्ति का उत्सव मनाया जा रहा है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे जाने, सांस्कृतिक दूरियों को मिटाने और अलग-अलग आवाजों को एक साझा अनुभव में पिरोने में सक्षम है।

 

सभा को संबोधित करते हुए, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि इफ़्फी 22 वर्षों से अधिक समय से गोवा के सांस्कृतिक कैलेंडर का अभिन्न हिस्सा बना हुआ है। यह महोत्सव सीमाओं से परे जाने और विभिन्न संस्कृतियों को एक साथ लाने की सिनेमा की शक्ति का उत्सव मनाता है। महोत्सव के विषय को भारत के शाश्वत दर्शन ‘वसुधैव कुटुंबकम्’—अर्थात् पूरी दुनिया एक परिवार है—से जोड़ते हुए उन्होंने कहा, “सिनेमा हमें विभिन्न संस्कृतियों को अनुभव करने और उस साझा आधार को खोजने का अवसर देता है, जो हमें एकजुट करता है।”

ब्रिक्स सिनेमा खंड में रामायण को शामिल किए जाने को भारत के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उन्होंने भारतीय सिनेमा, विशेषकर मराठी, कोंकणी और गोवा की फिल्मों की समृद्धि को प्रदर्शित करने में इफ़्फी की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस पहचान से गोवा के और अधिक युवा फिल्म निर्माण को अपनाने तथा अपनी कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित होंगे।

गोवा को एक संपूर्ण फिल्म निर्माण केंद्र बनाने के अपने विज़न को रेखांकित करते हुए, डॉ. सावंत ने कहा, “हम चाहते हैं कि गोवा एक ऐसा गंतव्य बने, जहां फिल्मों का निर्माण हो और उन्हें अंतिम रूप दिया जाए।” उन्होंने राज्य के फिल्म पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए गोवा फिल्म शूटिंग अधिनियम, 2021, ऑनलाइन एकल-खिड़की मंजूरी प्रणाली और फिल्म निर्माताओं के लिए वित्तीय सहायता योजनाओं को प्रमुख पहल बताया। उन्होंने प्री-प्रोडक्शन, पोस्ट-प्रोडक्शन, वीएफएक्स और फिल्म शिक्षा की सुविधाओं से युक्त एक फिल्म सिटी बनाने के विज़न की भी घोषणा की।

एनीमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वर्चुअल प्रोडक्शन में तकनीकी प्रगति से उभर रहे अवसरों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गोवा का लक्ष्य अपनी युवा रचनात्मक प्रतिभाओं को इस तरह सक्षम बनाना है, जिससे वे विकसित हो रहे वैश्विक फिल्म उद्योग का हिस्सा बन सकें।

‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय पर बोलते हुए, प्रसिद्ध अभिनेता और सांसद रवि किशन ने कहा कि विभिन्न भारतीय भाषाओं और क्षेत्रों की लगभग 700 फिल्मों में काम करने के अपने अनुभव को देखते हुए यह विषय उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि भाषा या भौगोलिक क्षेत्र चाहे जो भी हो, दर्शक सिनेमा के उन्हीं मूल तत्त्वों—सच्चाई, अहसास और एक प्रभावशाली कहानी—से जुड़ते हैं।

 

उन्होंने कहा, “दुनिया के किसी एक कोने में जन्मी कहानी हजारों मील दूर भी लोगों के दिलों में घर कर सकती है। यही सिनेमा का जादू है।” उन्होंने सीमाओं से परे जाने और साझा मानवीय अनुभवों का सृजन करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के जीवंत फिल्म उद्योग को सुदृढ़ करने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म निर्माण करने वाला देश है।

सभा को संबोधित करते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने सीमाओं से परे जाने तथा विविध संस्कृतियों और दृष्टिकोणों को एकजुट करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। इफ़्फी को केवल फिल्मों का उत्सव न बताते हुए उन्होंने कहा, “यह संस्कृतियों, विचारों, स्मृतियों और मानवीय अनुभवों का मिलन स्थल है।”

ऋग्वेद के विचार “शुभ विचार सभी दिशाओं से हमारे पास आएं” का उल्लेख करते हुए उन्होंने जोर दिया कि दुनिया के प्रति खुलापन भारत की पहचान को समृद्ध बनाता है। सिनेमा को भारत की सॉफ्ट पावर की सबसे सशक्त अभिव्यक्तियों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान की यह भावना इफ़्फी 2026 में रूस और स्पेन की विशेष फिल्म प्रस्तुतियों तथा ब्रिक्स देशों की 21 फिल्मों के माध्यम से परिलक्षित होती है।

इस वर्ष के विषय ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “दुनिया के एक हिस्से की कहानी भावना, कल्पना और मानवीय अनुभवों के माध्यम से दूसरे हिस्से तक पहुंच सकती है।” उन्होंने नई प्रतिभाओं को अवसर देने और समावेशी कहानी कहने की इफ़्फी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। इस वर्ष के महोत्सव में 52 महिला फिल्म निर्माताओं और 62 नवोदित फिल्म निर्माताओं की फिल्में शामिल हैं।

इस वर्ष के महोत्सव की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए, इफ़्फी के महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर ने ऐसे विरोधाभासी दौर में सिनेमा की एकजुट करने वाली शक्ति पर विचार व्यक्त किए, जहां अत्यधिक संपर्क के चलते अक्सर सांस्कृतिक अलगाव बढ़ जाता है। इस वर्ष के महोत्सव के विषय ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ के पीछे के दर्शन को स्पष्ट करते हुए उन्होंने दर्शकों को याद दिलाया कि विभाजन अक्सर स्वयं ही पैदा किए जाते हैं। उन्होंने कहा, “सीमाएं केवल नक्शों पर खींची गई रेखाएं नहीं हैं। वे हमारी वे आदतें भी हैं, जिन्हें हम अपने चारों ओर बना लेते हैं।”

 

सिनेमा किस तरह इन बाधाओं को दूर करता है, इसे रेखांकित करते हुए गोवारिकर ने कहा कि जब दर्शक किसी अपरिचित भाषा में प्रस्तुत पात्रों के प्रति सहानुभूति महसूस करते हैं, तो लोगों के बीच की दूरी तुरंत कम हो जाती है। उन्होंने कहा, “कहानी उन कुछ चीजों में से एक है, जो बिना पासपोर्ट के इन सीमाओं को पार कर सकती है।” इस विज़न को साकार करने के लिए, इफ़्फी के इस संस्करण में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशियाई प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर सहित फिल्मों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जा रही है। यह विभिन्न देशों, सिनेमा के अलग-अलग युगों, उभरती प्रतिभाओं और स्वयं इस जीवंत मेजबान शहर के बीच की सीमाओं से परे जाने का एक खुला निमंत्रण है।

 

उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद श्री सदानंद म्हालू शेट तानावड़े; सिओलिम से विधायक एवं एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा की उपाध्यक्ष श्रीमती डेलिला लोबो; गोवा के मुख्य सचिव डॉ. वी. कैंडवेलू; भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार; प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी; राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह; और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दीपक बांदेकर उपस्थित रहे।

कार्तिक आर्यन और साई पल्लवी सहित फिल्मी हस्तियों ने उद्घाटन समारोह की शोभा बढ़ाई।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के जूरी अध्यक्ष श्री आनंद एल. राय और जूरी सदस्यों - श्री बोगदान मुरेशानु, सुश्री सोल बेरुएजो पिचोन-रिविएर, सुश्री मारिया अलेजांद्रा रोजास तथा श्री रत्चापूम बूनबुंचाचोक को उद्घाटन समारोह में सम्मानित किया गया। भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष श्री मधुर भंडारकर और गैर-फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष श्री हिमांशु शेखर खटुआ को भी सम्मानित किया गया।

वैश्विक संगीत प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह की भव्यता में चार चांद लगाए

उद्घाटन समारोह में सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाते हुए संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की एक श्रृंखला पेश की गई। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज के नेतृत्व में ‘संगीत के माध्यम से सिनेमा की दुनिया’ विषय पर प्रस्तुत सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा दर्शकों को विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं की संगीतमय यात्रा पर ले गई। इस प्रस्तुति में भाषाई और भौगोलिक सीमाओं से परे जाने की सिनेमा की क्षमता को रेखांकित किया गया।

उद्घाटन समारोह की शाम को ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ नामक एक अंतरराष्ट्रीय संगीत गठजोड़ की प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें विभिन्न देशों के संगीतकारों ने संगीत परंपराओं, सद्भाव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उत्सव मनाने के लिए भाग लिया। महोत्सव के प्रतिष्ठित मोर प्रतीक को ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नामक एक विशेष नृत्य प्रस्तुति में दर्शाया गया, जिसने नृत्य और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इफ़्फी के प्रतीक को जीवंत कर दिया।

 

वेव्स फिल्म बाजार के गौरवशाली 20 वर्ष पूर्ण

भारतीय सिनेमा को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के दो दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में, 20वें वेव्स फिल्म बाजार का शुभारंभ 20 नवंबर, 2026 को गोवा में 57वें इफ़्फी के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में एक विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से इसकी उल्लेखनीय यात्रा और फिल्म व्यवसाय, सह-निर्माण, वित्तपोषण, नेटवर्किंग तथा वैश्विक सहयोग में इसके योगदान को दर्शाया गया। भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा आयोजित वेव्स फिल्म बाजार वर्ष 2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों की भागीदारी से शुरू होकर एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजार के रूप में विकसित हुआ है, जिसमें 40 से अधिक देशों के 2,500 से अधिक फिल्म पेशेवर एक साथ आए हैं।

इफ़्फी-2026 की मुख्य विशेषताएं

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ की प्रेरक विषयवस्तु के तहत 86 देशों की 150 से अधिक फिल्मों को एक साथ लाते हुए सिनेमा के भव्य उत्सव का वादा करता है। 137 देशों से प्राप्त 1,900 से अधिक प्रविष्टियों में से चयनित फिल्में एक प्रभावशाली सिनेमाई यात्रा प्रस्तुत करती हैं। इसमें फादरलैंड उद्घाटन फिल्म, आई मैटर मध्य-महोत्सव फिल्म और वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स  समापन फिल्म है।

सिनेमाई अनुभव में नए आयाम जोड़ते हुए, इस वर्ष महोत्सव में दो आकर्षक खंड—एनिमेशन और फिल्म्स अबाउट फिल्म्स—शुरू किए जा रहे हैं। स्पेन सम्मानित देश के रूप में केंद्र में रहेगा, रूस साझेदार देश के रूप में शामिल होगा, जबकि ब्रिक्स सिनेमा प्रस्तुति उभरती वैश्विक कथाओं की विविध सिनेमाई आवाजों का उत्सव मनाएगी। भारतीय पैनोरमा देश की कहानी कहने की समृद्ध परंपराओं को और व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगा, जिसमें 18 भाषाओं की 76 फिल्में शामिल हैं।

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ की प्रेरक विषयवस्तु के तहत 86 देशों की 150 से अधिक फिल्मों को एक साथ लाते हुए सिनेमा के भव्य उत्सव का वादा करता है। 137 देशों से प्राप्त 1,900 से अधिक प्रविष्टियों में से चयनित फिल्मों के साथ यह महोत्सव एक प्रभावशाली सिनेमाई यात्रा प्रस्तुत करता है। इसमें फादरलैंड  उद्घाटन फिल्म, आई मैटर मध्य-महोत्सव फिल्म और वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स  समापन फिल्म है।

सिनेमाई अनुभव में नए आयाम जोड़ते हुए, इस वर्ष महोत्सव में दो आकर्षक खंड—एनिमेशन और फिल्म्स अबाउट फिल्म्स—शुरू किए जा रहे हैं। स्पेन सम्मानित देश के रूप में केंद्र में रहेगा, जबकि रूस साझेदार देश के रूप में शामिल होगा। वहीं, ब्रिक्स सिनेमा प्रस्तुति उभरती वैश्विक कथाओं की विविध सिनेमाई आवाजों का उत्सव मनाएगी। भारतीय पैनोरमा देश की कहानी कहने की परंपराओं की समृद्धि को और व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगा, जिसमें 18 भाषाओं की 76 फिल्में शामिल हैं।

नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समावेशिता को बढ़ावा देने की मजबूत प्रतिबद्धता के साथ, इफ़्फी 2026 52 महिला फिल्म निर्माताओं और 62 नवोदित निर्देशकों को विशेष रूप से सामने ला रहा है। क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो  का छठा संस्करण 13 विधाओं में 100 युवा फिल्म निर्माताओं को मार्गदर्शन प्रदान करेगा, जिससे रचनात्मक अभिव्यक्ति की अगली पीढ़ी को सशक्त बनाया जा सकेगा। इस पहल के पूरक के रूप में, 14 मास्टरक्लास और पैनल चर्चाएं सीखने, सहयोग, संवाद और रचनात्मक आदान-प्रदान के लिए एक जीवंत मंच तैयार करेंगी।

फिल्मों के उत्सव से कहीं बढ़कर, इफ़्फी 2026 संस्कृतियों, दृष्टिकोणों और रचनात्मक आवाजों का संगम है, जो सीमाओं से परे जाने और दुनिया को एक साथ लाने की सिनेमा की शक्ति की पुष्टि करता है। आखिरकार, सिनेमा ऐसी भाषा बोलता है जिसकी कोई सीमा नहीं, ऐसी कहानियां बुनता है जिनका कोई दायरा नहीं और भावनाओं को गति देता है। जैसे-जैसे सिनेमाई खोज के नौ दिन आगे बढ़ेंगे, एक बात निश्चित है: दुनिया भले ही सीमाओं से बंटी हो, लेकिन सिनेमा हॉल के अंधेरे में हम सभी एक ही रोशनी में सपने देखते हैं।

आईएफएफआईलॉयड यहां पढ़ें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/पीके/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339408
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026