इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भाषिणी ने ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में स्वास्थ्य सेवा के लिए बहुभाषी एआई अनुप्रयोगों का प्रदर्शन किया


एम्स, जिपमर और चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) भाषिणी के साथ मिलकर अधिक कुशल, सुलभ और समावेशी स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने में भाषा प्रौद्योगिकियों की भूमिका को प्रदर्शित कर रहे हैं

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 12:45PM by PIB Delhi

भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन का डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग 20-21 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में भाग ले रहा है। पहले दिन (20 नवंबर) को , भाषिणी ने एक प्रदर्शनी के माध्यम से अपने बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणाली का प्रदर्शन किया और इसकी भागीदारी 21 नवंबर 2026 को भी जारी रहेगी।

 सम्मेलन की विषय-वस्तु, "इंप्लीमेंटिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- एआई इन एक्शन"  के अंतर्गत, भाषिणी ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (जिपमर) और भारतीय सेना के चिकित्सा सेवा महानिदेशालय सहित अपने संस्थागत भागीदारों के साथ एक प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से अपनी भाषा प्रौद्योगिकी क्षमताओं और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उनके अनुप्रयोगों को प्रस्तुत किया।

इस प्रदर्शनी में दिखाया गया कि बहुभाषी एआई और ध्वनि-आधारित प्रौद्योगिकियाँ किस प्रकार स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की सहायता कर सकती हैं, नैदानिक ​​दस्तावेज़ीकरण को सुव्यवस्थित कर सकती हैं और भारतीय भाषाओं में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तक पहुँच को सुगम बना सकती हैं। सीधे प्रदर्शनों में भाषिणी की स्पीच-टू-टेक्स्ट, टेक्स्ट-टू-स्पीच, अनुवाद और अन्य भाषा प्रौद्योगिकी क्षमताओं के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा से संबंधित उपयोग के उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए।

इस प्रदर्शनी में जिपमर, एम्स और चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में भाषिणी की बहुभाषी एआई क्षमताओं के अनुप्रयोग को प्रदर्शित किया गया। जिपमर में ई-सुश्रुत अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली के साथ ई-भाषिणी के एकीकरण से नैदानिक ​​इतिहास, आईपीडी नोट्स और डिस्चार्ज निर्देशों का ध्वनि-आधारित दस्तावेज़ीकरण संभव हो पाया। एम्स में, भाषिणी की वाक् तकनीकों के उपयोग को दर्शाया गया, जिससे विभिन्न भाषाओं में डॉक्टर-मरीज के बीच संवाद सुगम हो सका। चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) ने धनवंतरी में भाषिणी की क्षमताओं के अनुप्रयोग को प्रदर्शित किया जहाँ डॉक्टरों द्वारा बोले गए नैदानिक ​​नोट्स को टाइप किए गए पाठ में परिवर्तित किया जाता है, जिससे ध्वनि-आधारित चिकित्सा दस्तावेज़ीकरण में सहायता मिलती है। इन सभी उपयोगों से यह स्पष्ट हुआ कि बहुभाषी वाक् और भाषा प्रौद्योगिकियाँ नैदानिक ​​कार्य को सरल बना सकती हैं, स्वास्थ्य पेशेवरों को सहायता प्रदान कर सकती हैं और डॉक्टरों और मरीजों के बीच संवाद को सुगम बना सकती हैं।

सम्मेलन के सत्रों के दौरान भाषिणी की स्पीच-टू-टेक्स्ट क्षमता, श्रुतलेख का भी प्रदर्शन किया गया। यह वास्तविक समय में बहुभाषी प्रतिलेखन और अनुवाद में सहायक है। प्रदर्शनों से यह स्पष्ट हुआ कि भाषा प्रौद्योगिकी किस प्रकार स्वास्थ्य सेवा और अन्य क्षेत्रों में भाषा संबंधी बाधाओं को पार करते हुए संचार को सुगम बना सकती है।

इस प्रदर्शनी में भाषिणी के बहुभाषी एआई प्रणाली के कई अनुप्रयोग भी प्रदर्शित किए गए जिनमें भाषिणी मोबाइल एप्लिकेशन शामिल है जो इसकी अनुवाद और ध्वनि-आधारित क्षमताओं को प्रदर्शित करता है, और डेटा दान भारतीय भाषा एआई प्रणालियों को मजबूत करने में समुदाय-संचालित भाषा डेटा योगदान की भूमिका को दर्शाता है। भाषिणी का लिखित और मौखिक भाषा संसाधनों को एकत्रित और डिजिटाइज़ करने का निर्देशित मंच- ग्रंथिका- भी समुदायिक भागीदारी के माध्यम से भाषा संसाधनों के निर्माण के व्यापक प्रयास के हिस्से के रूप में प्रदर्शित किया गया।

भाषिणी ने अपनी भागीदारी से ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में स्वास्थ्य सेवा कार्य को अधिक सुलभ, कुशल और भारत की भाषाई विविधता के प्रति अधिक उत्तरदायी बनाने में बहुभाषी एआई की भूमिका के महत्व के बारे में बताया।

मेजर जनरल संदीप भल्ला, एडीजीएमएस (आईएस,एच और पीएस)

“हमारे प्राथमिक हितधारक प्रशासक, डॉक्टर और सबसे महत्वपूर्ण, हमारे मरीज हैं जिनमें सेवारत कर्मी, सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक और उनके परिवार शामिल हैं। हम एक बहुजातीय और बहुभाषी संगठन हैं, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से मरीज आते हैं और अलग-अलग भाषाएँ बोलते हैं। हमने अपने सॉफ़्टवेयर में बहुभाषी सहायता की आवश्यकता को समझते हुए भाषिणी से संपर्क किया जिसने हमें अपनी स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का उपयोग करने में बहुत सहयोग दिया है। इससे न केवल डॉक्टरों का बहुमूल्य समय बचेगा, बल्कि मरीजों को अपनी पसंद की भाषा में संवाद करने की सुविधा मिलने से उन्हें अधिक सहजता भी महसूस होगी। डॉक्टर उनकी चिंताओं को समझ सकेंगे और उन्हें उनकी समझ में आने वाली भाषा में नुस्खे और चिकित्सा सलाह दे सकेंगे। हमने भाषिणी  पर भरोसा जताया है और हमें विश्वास है कि हम साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे, सहयोग करेंगे, एक-दूसरे का समर्थन करेंगे और भविष्य में इस समाधान को लगातार बेहतर बनाते रहेंगे। हम भाषिणी  को उनके सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद देते हैं।”

श्री अमिताभ नाग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग

“कृत्रिम बुद्धिमत्ता स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में तब सार्थक बदलाव ला सकती है जब इसे देखभाल प्रदान करने और प्राप्त करने वाले लोगों की वास्तविकताओं को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया जाए। भाषिणी में, हमारा मानना ​​है कि आवश्यक सेवाओं के वितरण में भाषा बाधा नहीं बननी चाहिए। एम्स, जिपमर और चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) जैसे संस्थानों के साथ हमारा कार्य यह दर्शाता है कि बहुभाषी एआई और ध्वनि-आधारित तकनीकों को रोगी दस्तावेज़ीकरण से लेकर नुस्खे तक, नैदानिक ​​कार्य में कैसे एकीकृत किया जा सकता है। ये अनुप्रयोग भारत के स्वदेशी भाषा प्रौद्योगिकी प्रणाली क्षमता को दर्शाते हैं जो स्वास्थ्य सेवा प्रक्रियाओं को अधिक कुशल, सुलभ और समावेशी बना सकता है। भाषिणी के माध्यम से, हम एक ऐसे भविष्य की दिशा में काम कर रहे हैं जहाँ प्रौद्योगिकी न केवल संप्रेषित की जा रही जानकारी को समझे, बल्कि उन लोगों की भाषाई विविधता को भी समझे जिनको यह सेवाएं प्रदान कर रही है।”

प्रो. डॉ. विवेक टंडन, प्रो. प्रभारी कंप्यूटर सुविधा, एम्स

“एम्स नई दिल्ली ने भाषिणी की स्पीच-टू-टेक्स्ट सुविधा को एनआईसी के ई-हॉस्पिटल प्रिस्क्रिप्शन मॉड्यूल के साथ एकीकृत किया है जिससे डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन बोलकर लिख सकते हैं और व्यस्त ओपीडी में बहुमूल्य समय बचा सकते हैं। न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी में पायलट प्रोजेक्ट के दौरान डॉक्टरों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और यह प्लेटफॉर्म नैदानिक ​​कार्य को सुचारू बनाने में उपयोगी साबित हुआ है। इसी अनुभव के आधार पर, अब इस अनुप्रयोग को पूरे संस्थान में लागू किया जा रहा है।”

डॉ. आनंद ए, डिप्टी ओआईसी आईटी विंग एवं डीएमएस, जिपमर

“जिपमर को ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में भाग लेने पर गर्व है जहां वह अपने अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली ई-सुश्रुत के साथ ई-भाषिणी के अभिनव एकीकरण को प्रदर्शित कर रहा है। यह पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता और भारत की बहुभाषी डिजिटल क्षमताओं का उपयोग करके डॉक्टरों को ओपीडी और आईपीडी राउंड के दौरान रोगियों की केस हिस्ट्री लिखने और उनके डिस्चार्ज निर्देशों को तैयार करने में सक्षम बनाती है। इसमें अंग्रेजी या समर्थित भारतीय भाषाओं में आवाज के माध्यम से नैदानिक ​​जानकारी दर्ज करना शामिल है। जिपमर का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवा में भाषा की बाधाओं को दूर करके नैदानिक ​​कार्य को अधिक कुशल बनाना और स्वास्थ्य पेशेवरों पर दस्तावेज़ीकरण के बोझ को कम करना है। हमारा दृष्टिकोण सरल है: गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा में भाषा कभी बाधा नहीं बननी चाहिए। इस पहल के माध्यम से, जिपमर यह प्रदर्शित करना चाहता है कि स्वदेशी डिजिटल प्रौद्योगिकियां सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा को अधिक समावेशी, सुलभ और रोगी-केंद्रित अनुभव में कैसे बदल सकती हैं।”

डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के बारे में

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन का डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा संचालित बहुभाषी डिजिटल समावेशन के लिए एक राष्ट्रीय प्रणाली तंत्र का निर्माण कर रहा है । भाषिणी 36 भारतीय पाठ भाषाओं, 23 भारतीय ध्वनि भाषाओं और 35 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में कार्य सकती है और सरकारी एवं सार्वजनिक डिजिटल सेवाओं में भाषा एआई क्षमताओं के एकीकरण को सक्षम बनाती है। भाषिणी प्रणाली ने 11 बिलियन से अधिक निष्कर्ष दर्ज किए हैं , जिनमें से लगभग 24 मिलियन निष्कर्षों को प्रतिदिन संसाधित किया जा रहा है , जो इसकी बहुभाषी एआई प्रौद्योगिकियों के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है। इसकी प्रणाली तंत्र में अनुवाद, वाक् पहचान, वाक् संश्लेषण, लिप्यंतरण और अन्य भाषा सेवाओं के लिए प्रौद्योगिकियाँ शामिल हैं जो भारत की भाषाई विविधता में डिजिटल सूचना और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में मदद करती हैं।

ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 के बारे में

ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2026 का आयोजन 20-21 नवंबर 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में “इंप्लीमेंटिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- एआई इन एक्शन” विषय के तहत किया जा रहा है। यह सम्मेलन स्वास्थ्य सेवा में एआई के व्यावहारिक कार्यान्वयन का पता लगाने के लिए सरकार, स्वास्थ्य सेवा, उद्योग और शिक्षा जगत के हितधारकों को एक साथ लाता है। इसमें डिजिटल स्वास्थ्य समाधानों को आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों में उनके उपयोग पर केंद्रित प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियां, प्रदर्शन, वैज्ञानिक चर्चाएं और संवाद शामिल हैं।

****

पीके/केसी/आरटी/पीपी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2339514) आगंतुक पटल : 137
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Tamil , Malayalam