प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 3:11PM by PIB Delhi
लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज ब्रिक्स देशों की महिला प्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि वे वैश्विक चुनौतियों से निपटने तथा एक अधिक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध विश्व के निर्माण के लिए अपने सामूहिक नेतृत्व, अनुभव और नवाचार क्षमताओं का उपयोग करें। वनस्थली विद्यापीठ, टोंक (राजस्थान) में आयोजित ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और नवाचार की क्षमता राष्ट्रों तथा मानवता के समक्ष उपस्थित जटिल समस्याओं के समाधान के नए मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग के महत्व पर बल देते हुए श्री बिरला ने कहा कि भौगोलिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में भिन्नता के बावजूद, सभी देश कई ऐसी साझा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं जिनके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए वैश्विक शांति और स्थिरता अनिवार्य शर्तें हैं तथा किसी एक देश में होने वाली अशांति के दूरगामी परिणाम पूरे विश्व पर पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स संवाद, सहयोग तथा विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है, जिससे देशों को साझा हितों और सर्वसम्मत समाधानों की दिशा में कार्य करने में सहायता मिलती है।
प्रौद्योगिकी, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की परिवर्तनकारी क्षमता का उल्लेख करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि, रक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में इसके उत्तरदायी प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि तकनीकी प्रगति मानव-केंद्रित दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों, करुणा और जवाबदेही से निर्देशित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मानवता की सेवा करे और आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित एवं बेहतर बनाए।
श्री बिरला ने जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद, साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे खतरों से निपटने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के बीच नवाचारों, अनुभवों और सफल प्रथाओं को साझा करने से नए दृष्टिकोण विकसित हो सकते हैं और ब्रिक्स देश उभरती वैश्विक चिंताओं का अधिक प्रभावी ढंग से समाधान कर सकेंगे।
भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’—अर्थात संपूर्ण विश्व एक परिवार है—की अवधारणा का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने कहा कि ब्रिक्स किसी भी देश के लिए चुनौती नहीं है और न ही इसका उद्देश्य किसी को चुनौती देना है। इसके विपरीत, इसका मार्गदर्शक दर्शन सभी राष्ट्रों की साझा समृद्धि और कल्याण में निहित है। उन्होंने दोहराया कि भारत का दृष्टिकोण ब्रिक्स से भी व्यापक है तथा वैश्विक कल्याण और सहयोग के प्रयासों में प्रत्येक देश का अपना विशिष्ट महत्व है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में भारत के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए श्री बिरला ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs), ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों का उल्लेख किया, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं वित्तीय समावेशन तथा सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समानता की गारंटी देता है और भारत में महिलाओं को संविधान लागू होने के समय से ही मताधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के लिए समान अवसर, सम्मान, सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
श्री बिरला ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी पहल है। महिलाओं को शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय संसाधनों तक समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने ‘महिला सशक्तीकरण’ (Women Empowerment) से आगे बढ़कर ‘महिला-नेतृत्व वाले विकास’ (Women-led Development) की अवधारणा को साकार करने का आह्वान किया—ताकि महिलाएं विकास की मात्र सहभागी न रहें, बल्कि उसकी दिशा निर्धारित करने में भी निर्णायक भूमिका निभा सकें।
लोक सभा अध्यक्ष ने वनस्थली विद्यापीठ की गौरवशाली विरासत की सराहना करते हुए स्मरण किया कि केवल पाँच छात्राओं के साथ शुरू हुआ यह संस्थान आज लगभग 18,000 छात्राओं के साथ महिला शिक्षा के एक प्रतिष्ठित केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने इसके संस्थापकों—पंडित हीरालाल शास्त्री और श्रीमती रतन शास्त्री—को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी दूरदृष्टि महात्मा गांधी के आदर्शों, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित थी। उन्होंने उल्लेख किया कि इस संस्थान की छात्राएं प्रौद्योगिकी, विमानन (एविएशन) और घुड़सवारी सहित विविध क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं तथा उन्होंने सशस्त्र बलों, विज्ञान और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शिखर सम्मेलन ब्रिक्स देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं को अपने अनुभव साझा करने, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने और स्थायी साझेदारियां विकसित करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वनस्थली विद्यापीठ में साझा किए गए नए विचार, नवाचार और अनुभव ब्रिक्स देशों को मानवता के कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देंगे, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि महिलाएं परिवर्तन की प्रक्रिया में केवल भागीदार मात्र न रहें, बल्कि इसकी प्रमुख सूत्रधार बनें।
21 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित यह 'ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन' (BRICS Women Leaders Summit) महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, डिजिटल सुरक्षा (Digital Security) और साइबर सुरक्षा (Cyber Safety) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है। इस सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न देशों के अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को साझा करते हुए महिला सशक्तीकरण एवं नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए आपसी सहयोग के नए अवसर विकसित करना है। सम्मेलन में ब्रिक्स (BRICS) देशों एवं साझेदार राष्ट्रों से आईं महिला सांसदों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्यमियों तथा अन्य विशिष्ट प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
***
AM