57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

भाषाओं और सीमाओं से परे: 57वें इफ्फी में भारतीय पैनोरमा ने भारतीय सिनेमा की विविधता का जश्न मनाया


जूरी ने भारत की विविध सिनेमाई परंपराओं में मौलिकता, नई आवाज़ों और साझा भावनाओं को रेखांकित किया

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 3:10PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339583Views: 20

सुदूर दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर तक, भारतीय सिनेमा को कहानियों, संस्कृतियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों की अद्भुत विविधता से ताकत मिलती है। हालाँकि, क्षेत्रीय पहचान और सिनेमाई शैलियों से परे, ये मानवीय भावनाएं ही हैं, जो इन कहानियों को पूरे देश के दर्शकों से जोड़ती हैं। इसी विविधता को दर्शाते हुए, इंडियन पैनोरमा 2026 फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष और फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, 404 प्रविष्टियों में से 25 फिल्मों को चुनने के अपने अनुभव को साझा किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.46PM_20261121152353_33a02f.jpeg

चयन प्रक्रिया के बारे में बात करते हुए, मधुर भंडारकर ने कहा कि जूरी के सामने कई अलग-अलग शैलियों की फिल्में आईं और इन सभी को लेकर सामूहिक रूप से निर्णय लिए गए। उन्होंने इस अनुभव को समृद्ध करने वाला बताया और कहा कि फिल्म महोत्सव सीखने और नए दृष्टिकोण पाने के अवसर प्रदान करते हैं। अंतिम चयन पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि जूरी चुनी गई फिल्मों से संतुष्ट है। उन्होंने विशेष रूप से कुछ मराठी, लद्दाखी और मलयालम फिल्मों का जिक्र किया, जिन्होंने जूरी पर गहरी छाप छोड़ी और जिन्हें उन्होंने मंत्रमुग्ध कर देने वाली बताया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.47PM(3)_20261121152524_cb8583.jpeg

मौलिकता और प्रतिनिधित्व के महत्व पर जोर देते हुए, वरिष्ठ स्तंभकार और जूरी सदस्य भारती प्रधान ने कहा कि पैनल ने ऐसी फिल्मों की तलाश की, जिनमें उनके मूल विचार तो बरकरार रहे, लेकिन साथ ही उनमें पूरे देश के दृष्टिकोण भी शामिल हों। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि फिल्मों के चयन में पूरे भारत का प्रतिनिधित्व देखने को मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यधारा सिनेमा श्रेणी में फिल्मों के चयन के मानदंड, इंडियन पैनोरमा फीचर फिल्म श्रेणी के मानदंडों से अलग थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.47PM(2)_20261121152423_00e022.jpeg

अभिनेत्री और जूरी सदस्य बिंदु चंद्रमौलि के लिए, देश के अलग-अलग हिस्सों की फिल्में देखना, अंतरराष्ट्रीय सिनेमा देखने जैसा अनुभव था। भाषाओं और शैलियों में अंतर होने के बावजूद, उन्होंने इन फिल्मों में भावनाओं का एक ऐसा साझा सूत्र देखा, जो उन्हें आपस में जोड़ता है। उन्होंने दर्शकों को अपनी भाषाई पसंद से आगे बढ़कर सिनेमा देखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने तेलुगु दर्शकों से आग्रह किया कि वे अन्य भाषाओं की फिल्मों के प्रति भी खुले विचार रखें और कहानी कहने के विविध तरीकों की सराहना करें।

सिनेमैटोग्राफर और जूरी सदस्य एम. एस. प्रभु ने इस अनुभव को भारत के वर्चुअल टूर के रूप में वर्णित किया, जो देश की विविधता में एकता को दर्शाता है। जैसे-जैसे जूरी ने अलग-अलग क्षेत्रों की फिल्में देखीं, उनकी कहानियों और भावनाओं के बीच का जुड़ाव और भी स्पष्ट होता गया। उन्होंने नए निर्देशकों के काम की भी सराहना की और कहा कि यह चयन प्रक्रिया अपने आप में सीखने का एक बहुत ही मूल्यवान अनुभव रही।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.47PM(1)_20261121152455_9f2ea5.jpeg

चुनी गई फिल्मों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए, सिनेमैटोग्राफर और जूरी सदस्य के. एस. शिवरामन ने कहा कि कुछ कहानियों के पीछे की भावनाएं इतनी गहरी थीं कि वे दक्षिण भारतीय दर्शकों के लिहाज़ से कुछ फिल्मों को ढालने की कल्पना पा रहे थे। जूरी सदस्य सोहम पी. शाह ने बताया कि चयन प्रक्रिया में फिल्म द्वारा दिए गए संदेश को एक महत्वपूर्ण आधार माना गया।

जूरी ने मुख्यधारा सिनेमा श्रेणी में पांच फिल्मों के चयन पर भी चर्चा की। भंडारकर ने बताया कि यह फैसला सामूहिक रूप से लिया गया था और इसका आधार फिल्मों में मौजूद संभावनाएं, अवधारणाएं और विचार थे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन श्री रजित चंद्रन ने किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.47PM_20261121152548_1e90b1.jpeg

चुनी गई फीचर फिल्मों के पैकेज में इंडियन पैनोरमा फीचर फिल्म श्रेणी की 20 फिल्में और मुख्यधारा के सिनेमा की श्रेणी की 5 फिल्में शामिल हैं। आदित्य धर द्वारा निर्देशित हिंदी फिल्म धुरंधर को इंडियन पैनोरमा 2026 की शुरुआती फीचर फिल्म के रूप में चुना गया है। इंडियन पैनोरमा के व्यापक चयन में 20 नॉन-फीचर फिल्में भी शामिल हैं।

जूरी की टिप्पणियों से भारतीय फिल्म निर्माण की व्यापकता का पता चलता है, जहां अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और सिनेमाई शैलियां ऐसी कहानियों के माध्यम से एक साथ आती हैं, जो सभी तरह के दर्शकों को प्रभावित करती हैं। इफ्फी में, इंडियन पैनोरमा लगातार इस विविधता को सामने लाता रहा है। यह समकालीन भारतीय सिनेमा को एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के लोग इसका अनुभव कर सकते हैं और इसकी सराहना कर सकते हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-21at3.17.48PM_20261121152650_4ed874.jpeg

IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/एनएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339583
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026