प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 5:02PM by PIB Delhi
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘वृद्धि, नवाचार, वैश्विक पहुँच’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘भारत फूड एंड एग्रो @ 2047’ में भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री भगीरथ चौधरी ने जोर दिया कि किसान भारत की आर्थिक प्रगति के केंद्र में हैं और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए एक मजबूत तथा सक्षम कृषि क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ध्यान केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गुणवत्ता सुधारने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने और किसानों की आय मजबूत करने पर भी केंद्रित होना चाहिए।

मंत्री ने कीटनाशकों और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, अवशेष-मुक्त कृषि उत्पादन, जलवायु-अनुकूल खेती, आयातित कृषि उत्पादों के स्वदेशी विकल्प तथा खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से मूल्य संवर्धन के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाने का संकल्प करने का आह्वान करते हुए किसानों से कहा कि वे अपनी कृषि भूमि के कम से कम 10 प्रतिशत हिस्से से शुरुआत करें और अपने अनुभव के आधार पर इसे धीरे-धीरे बढ़ाएँ।
मंत्री ने श्री अन्न (मोटे अनाज), जिनमें ज्वार और बाजरा शामिल हैं, की क्षमता को भी उजागर किया और उनके घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों का विस्तार करने के लिए अधिक शोध, प्रसंस्करण और नए खाद्य उत्पादों के विकास का आह्वान किया। उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), MSMEs तथा किसानों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के बीच संबंधों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
सरकारी प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कृषि अवसंरचना कोष, प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के औपचारीकरण (PMFME) योजना और ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) पहल को रेखांकित किया। उन्होंने उद्यमियों से इन प्रयासों का लाभ उठाने, आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्मार्ट पैकेजिंग को अपनाने तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने का आग्रह किया।

इस सम्मेलन ने उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों और नीति-निर्माताओं को अनुभव साझा करने, चुनौतियों पर चर्चा करने तथा सहयोग के अवसर तलाशने का मंच भी प्रदान किया। चर्चाओं का मुख्य केंद्र खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत करना, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारना, नवाचार को बढ़ावा देना, निर्यात क्षमता बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना था कि कृषि मूल्य संवर्धन के लाभ किसानों तक पहुँचें।
****
पीके/ केसी/ आरटी /एमएम /डीके