प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 5:16PM by PIB Delhi
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज दिल्ली के विभिन्न संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे जम्मू-कश्मीर, अधिकतर जम्मू, के दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के विद्यार्थियों के लिए नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर दोपहर के भोज का आयोजन किया।
बातचीत के दौरान, मंत्री महोदय ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि दिल्ली में रहने के दौरान किसी भी समस्या, सहायता या सुविधा की आवश्यकता होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे उनके “स्थानीय अभिभावक” की तरह हैं।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उन विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या की सराहना की, जो यूरोपीय अध्ययन और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन जैसे विशिष्ट विषयों सहित विभिन्न विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दिल्ली आ रहे हैं।
इस संवाद में दिल्ली विश्वविद्यालय, जेएनयू, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और अन्य शैक्षणिक क्षेत्रों के विद्यार्थी शामिल हुए। सचिन शर्मा, अतविका चंदन, करमांग रैना, सक्षम खजूरिया, पलक जसरोतिया, मोनालिका शर्मा, आदित्य जामवाल, मिग्रांक मागोत्रा, अभिषेक खजूरिया, वंशिका सुंबरिया, धीरज कुमार, शिवम राजपूत और आदित्य बरू सहित कई विद्यार्थियों ने इस संवाद में भाग लिया और अपने अनुभव, आकांक्षाएं तथा चिंताएं साझा कीं।
विद्यार्थियों ने छात्रावास में आवास, करियर के अवसरों, रोजगार की संभावनाओं और जम्मू-कश्मीर के युवाओं को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने जम्मू से जुड़े मुद्दे भी उठाए और क्षेत्र के विकास तथा भविष्य की संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। विद्यार्थियों ने जम्मू में सरकार के प्रयासों, विकास पहलों और योजनाओं की सराहना की, जो क्षेत्र में हो रही प्रगति के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को अच्छा शिक्षार्थी बनने की आदत विकसित करने, जिज्ञासु बने रहने और औपचारिक शैक्षणिक गतिविधियों से आगे बढ़कर निरंतर अपना ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने व्यापक शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में अवसरों का लाभ उठाने के साथ-साथ सीखने, दृढ़ता बनाए रखने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के महत्त्व पर बात की।
इस संवाद में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जम्मू के युवाओं का प्रतिनिधित्व मजबूत करने पर भी चर्चा हुई, जिससे वे व्यापक विमर्श, अवसरों और उभरते क्षेत्रों में योगदान दे सकें।
विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई आवास और भोजन संबंधी चिंताओं, जिनमें छात्रावास की सुविधाओं और मेस से जुड़े मुद्दे शामिल थे, पर मंत्री महोदय ने आवश्यक ध्यान देने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों के साथ तत्काल बात की। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की मेस और कैंटीन के भोजन के मेन्यू में कुछ अतिरिक्त व्यंजन शामिल करने का सुझाव भी दिया, जिससे इस संवाद में एक हल्का-फुल्का और व्यक्तिगत पहलू जुड़ गया।
सहयोग का आश्वासन दोहराते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली में किसी भी कठिनाई का सामना करने या किसी भी सहायता की आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को उनसे संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए। इस संवाद में विद्यार्थी कल्याण, मार्गदर्शन और जम्मू-कश्मीर के विकास पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। मंत्री महोदय ने युवाओं को अपने शैक्षणिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और राष्ट्र के विकास में आत्मविश्वास के साथ योगदान देने वाले नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।




*****
पीके/केसी/आरटी/पीके