प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 6:19PM by PIB Delhi
आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद (आईटीआरए), जामनगर ने 16 से 21 नवंबर 2026 तक एकसाथ तीन छह दिवसीय राष्ट्रीय सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रमों का आयोजन किया। क्रिया शरीर विभाग, रोगनिदान एवं विकृति विज्ञान विभाग तथा प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा संचालित इन कार्यक्रमों में 13 राज्यों के 90 आयुर्वेद संकाय सदस्य शामिल हुए। प्रतिष्ठित संस्थानों के लगभग 45 प्रख्यात शिक्षाविदों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में भाग लिया।
ये कार्यक्रम आईटीआरए की निदेशक प्रो. (डॉ.) तनुजा नेसारी के नेतृत्व में आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य आयुर्वेद संकाय सदस्यों के विषय-विशिष्ट ज्ञान, नैदानिक दक्षताओं, क्लिनिकल कौशलों और शिक्षण क्षमताओं को सशक्त बनाना था। इनमें शास्त्रीय आयुर्वेदिक सिद्धांतों को समकालीन चिकित्सा ज्ञान और नैदानिक पद्धतियों के साथ एकीकृत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

उद्घाटन सत्र में प्रो. (डॉ.) तनुजा नेसारी ने सतत व्यावसायिक विकास, नैदानिक पद्धतियों की वैज्ञानिक समझ और समकालीन चिकित्सा ज्ञान को आयुर्वेद की शास्त्रीय नींव के साथ जोड़ने के महत्व पर बल दिया। रिसोर्स पर्सन ने विशेषज्ञ व्याख्यानों, संवादात्मक चर्चाओं और व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से योगदान दिया, जिससे अंतःविषय शिक्षण तथा शैक्षणिक और क्लिनिकल अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला।
सीएमई अध्यक्षों—जिनमें प्रो. शिल्पा डोंगा, प्रो. दर्शना पंड्या और डॉ. स्वाति खंडाले शामिल थीं—ने आयुर्वेद शिक्षा और क्लिनिकल सेवाओं को बेहतर बनाने में रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा, सटीक निदान, क्लिनिकल विवेचन, साक्ष्य-आधारित अनुसंधान और समकालीन शिक्षण पद्धतियों के महत्व को रेखांकित किया।
क्रिया शरीर विभाग द्वारा सीएमई
क्रिया शरीर विभाग द्वारा आयोजित सीएमई का उद्देश्य शास्त्रीय आयुर्वेदिक दृष्टिकोण और समकालीन वैज्ञानिक विकास के माध्यम से मानव शरीर क्रिया विज्ञान (ह्यूमन फिजियोलॉजी) की समझ को सुदृढ़ करना था। सत्रों में शिक्षण और क्लिनिकल समझ को बढ़ाने के लिए पारंपरिक आयुर्वेदिक अवधारणाओं को आधुनिक फिजियोलॉजिकल ज्ञान के साथ एकीकृत करने पर विचार-विमर्श किया गया।
रोगनिदान एवं विकृति विज्ञान विभाग द्वारा सीएमई: ‘माधव मीमांसा-2026’
रोगनिदान एवं विकृति विज्ञान विभाग ने ‘माधव मीमांसा-2026’ शीर्षक से अपना सीएमई आयोजित किया, जिसका मुख्य ध्यान शास्त्रीय आयुर्वेदिक निदान सिद्धांतों को समकालीन चिकित्सा तकनीकों के साथ जोड़कर नैदानिक दक्षताओं को मजबूत करने पर था।
छह दिवसीय इस कार्यक्रम में नाड़ी परीक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियां, क्लिनिकल निदान, उन्नत प्रयोगशाला जांच, इलेक्ट्रोकार्डियोग्राफी (ईसीजी), कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीटी) और मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (एमआरआई) जैसे विषयों को शामिल किया गया। सत्रों में व्यवस्थित क्लिनिकल आकलन और रोग मूल्यांकन में नैदानिक जांचों के समुचित उपयोग पर प्रकाश डाला गया।
प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा सीएमई
प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग ने शिक्षकों के लिए छह दिवसीय सीएमई का आयोजन किया, जिसमें प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान के प्रमुख घटनाक्रमों और शास्त्रीय आयुर्वेदिक सिद्धांतों के साथ उनके एकीकरण को शामिल किया गया।
शैक्षणिक सत्रों में गर्भिणी परिचर्या, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, बांझपन (इनफर्टिलिटी) और सहायक प्रजनन तकनीकें (एआरटी), बार-बार गर्भपात होना, प्रसूति आपात स्थितियां, प्रसवोत्तर देखभाल, गर्भनिरोध, स्तन रोग, जन्मजात विकृतियां और स्त्री रोग संबंधी विकारों पर चर्चा की गई।
व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रदर्शनों में एपिसियोटॉमी और टांके लगाने की तकनीकें, कॉल्पोस्कोपी, पैप स्मीयर, वेजाइनल स्मीयर, कल्चर तकनीकें और प्रसवपूर्व अल्ट्रासोनोग्राफी शामिल थीं। समग्र महिला स्वास्थ्य सेवा के संदर्भ में स्त्री रोग और वंध्यत्व में पंचकर्म प्रक्रियाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
तीनों सीएमई कार्यक्रमों ने आयुर्वेद संकाय सदस्यों के बीच व्यावसायिक विकास, अंतःविषय ज्ञान के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया। इस पहल ने आयुर्वेद शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा वितरण को सुदृढ़ करने में नैदानिक सटीकता, क्लिनिकल दक्षता, अनुसंधान उन्मुखीकरण और समकालीन शिक्षण पद्धतियों के महत्व को और अधिक पुष्ट किया।
ये कार्यक्रम संकाय विकास और शास्त्रीय ज्ञान को समकालीन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ जोड़कर आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान और क्लिनिकल अभ्यास को आगे बढ़ाने के प्रति आईटीआरए, जामनगर की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।



***
पीके/केसी/आरटी/पीएस /डीए