57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

"डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण अत्यंत व्यक्तिगत प्रक्रिया है": IFFI 57 में जूली बर्टुसेली ने विश्वास, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर बात की


फ्रांसीसी फिल्म निर्माता ने समुदायों के साथ नैतिक जुड़ाव, धारणाओं को प्रभावित करने की सिनेमा की शक्ति और मानवीय रचनात्मकता के महत्व पर बल दिया

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 7:41PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339789Views: 14

डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाना केवल वास्तविकता को कैद करना नहीं है; बल्कि यह लोगों का भरोसा जीतने, उनके अनुभवों को समझने और लोगों के जीवन को किस तरह पेश किया जा रहा है, इसकी जिम्मेदारी लेने के बारे में भी है। जहाँ डॉक्यूमेंट्री सिनेमा दर्शकों को वास्तविकताओं और प्रायः अनसुनी रह जाने वाली आवाज़ों के करीब लाता है, वहीं वास्तविक जीवन को पर्दे पर उतारना कलात्मक स्वतंत्रता, निजता और नैतिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण प्रश्न भी खड़े करता है।

ये प्रश्न 'फ्रॉम विटनेस टू चेंज: द सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी ऑफ डॉक्यूमेंट्री सिनेमा' (साक्षी होने से परिवर्तन तक: डॉक्यूमेंट्री सिनेमा की सामाजिक जिम्मेदारी) शीर्षक वाले चर्चा सत्र का मुख्य विषय रहे। यह सत्र 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान पणजी की कला अकादमी में आयोजित किया गया। इसमें प्रसिद्ध फ्रांसीसी फिल्म निर्माता और पटकथा लेखिका जूली बर्टुसेली ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भारतीय फिल्म निर्माता हाओबम पाबन कुमार के साथ बातचीत की।

डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण को बहुत ही निजी प्रक्रिया बताते हुए, बर्टुसेली ने कहा कि फिल्में उन लोगों के जीवन पर गहरा असर डाल सकती हैं जिन पर वे आधारित होती हैं, और कभी-कभी तो उन्हें जोखिम में भी डाल सकती हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि लोगों का भरोसा जीतना, समुदायों के साथ समय बिताना और उन्हें कैमरे की मौजूदगी के साथ सहज होने देना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि लोगों को उनके रोजमर्रा के माहौल में देखने से फिल्म निर्माताओं को यह समझने में सहायता मिलती है कि वे स्वयं को कैसे देखते हैं और समाज उन्हें किस रूप में देखे, इस बारे में वे क्या चाहते हैं।

सामाजिक परिवर्तन लाने में सिनेमा की क्षमता पर बातचीत में, बर्टुसेली ने कहा कि फिल्में भले ही रातों-रात समाज को न बदल सकें, लेकिन वे लोगों की सोच को आकार दे सकती हैं और परिवर्तन को बढ़ावा दे सकती हैं। उन्होंने कहा, "अगर मैं कुछ लोगों के मस्तिष्क में बस एक छोटा सा बीज भी बो सकूं, तो यह बहुत बड़ी बात है।" बर्टुसेली ने यह भी कहा कि उन्हें ऐसी फिल्में पसंद हैं जो आशा जगाती हैं और सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करती हैं, जिससे लोगों को यह विश्वास हो सके कि परिवर्तन संभव है।

अपनी रचनात्मक प्रक्रिया के बारे में, बर्टुसेली ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री के विचार प्रायः अचानक हुई मुलाकातों, किसी खास जगह या ऐसे विषयों से आते हैं जो जिज्ञासा जगाते हैं। 'स्कूल ऑफ बेबेल' और 'सिंस ओटार लेफ्ट' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी फिल्मों की शुरुआत प्रायः वास्तविक जीवन के अनुभवों से होती है। हालांकि फंडिंग पाने के लिए स्क्रिप्ट और प्रस्ताव जरूरी होते हैं, लेकिन फिल्म बनाने की वास्तविक प्रक्रिया में हमेशा असल जिंदगी की अनिश्चितताओं के लिए गुंजाइश बनी रहती है।

अपने पेशेवर सफर को याद करते हुए, उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने लगभग 15 वर्ष तक क्रिस्तोफ़ कीस्लोव्स्की, रिथी पन्ह और बर्ट्रेंड टैवर्नियर जैसे मशहूर निर्देशकों के सहायक के रूप में काम किया। अपने काम के सिलसिले में वह रूस, जॉर्जिया और कंबोडिया जैसे देशों में भी गईं, जिससे उन्हें अलग-अलग संस्कृतियों और फिल्म निर्माण के माहौल का अनुभव मिला।

अपने गाँव में छुआछूत और पितृसत्ता जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए सलाह माँग रहे युवा फिल्म निर्माता के प्रश्न पर, बर्टुसेली ने भरोसे और लंबे समय तक जुड़े रहने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को उन समुदायों में सच्ची रुचि दिखानी चाहिए, जिन पर वे फिल्म बना रहे हैं, और उन्हें अपने काम का उद्देश्य भी स्पष्ट रूप से बताना चाहिए।

डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण पर अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए, बर्टुसेली ने फ्रांस में इस विधा को मिलने वाले संस्थागत समर्थन के बारे में बात की। इसमें फिल्मों की फंडिंग के लिए सिनेमा टिकटों से होने वाली कमाई का योगदान और 'थिएट्रिकल विंडो' (फिल्मों के सिनेमाघरों में रिलीज होने का तय समय) जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की समृद्ध डॉक्यूमेंट्री परंपरा को देखते हुए, आने वाले वर्षों में पेरिस में भारतीय डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का 'रिट्रोस्पेक्टिव' (पुरानी फिल्मों का विशेष प्रदर्शन) आयोजित करने की तैयारी चल रही है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता प्रकट करते हुए, बर्टुसेली ने रचनात्मकता, कॉपीराइट और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर - विशेष रूप से पानी और बिजली की खपत - से जुड़े मुद्दों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने चेतावनी दी कि एआई पर बहुत ज्यादा निर्भर रहने से मानवीय स्मृति, स्वतंत्र सोच और रचनात्मक मौलिकता को हानि पहुँच सकती है।

डॉक्यूमेंट्री सिनेमा के विशेष महत्व पर बल देते हुए, उन्होंने बताया कि यह कुछ ऐसी चीजें कैद करता है जिनकी नकल एआई नहीं कर सकता: जैसे वास्तविक मानवीय बातचीत में दिखने वाली सहज भावनाएं, खामोशियां, हाव-भाव और कमियां इत्यादि।

इस सत्र में डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण को भरोसे, नैतिक जिम्मेदारी और मानवीय समझ के माध्यम के रूप में देखा गया। इसके साथ ही, इस बात पर भी बल दिया गया कि सिनेमा में अनदेखी सच्चाइयों को लोगों के सामने लाने और समाज में सार्थक परिवर्तन लाने की अद्भुत क्षमता है।

IFFILOID यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके /डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339789
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026