स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने नौ-महीने से भी कम समय में एचपीवी टीके की 1 करोड़ खुराकें लगाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) की रोकथाम की दिशा में एक बड़ी प्रगति


फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के वार्षिक लक्षित समूह में लगभग 87 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया गया

देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान बढ़ते जन-विश्वास और केंद्र-राज्य के बीच मजबूत समन्वय को दर्शाता है

छह राज्यों— गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार— ने अपनी चिन्हित लक्षित आबादी का 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया

29.33 लाख से अधिक बालिकाओं के टीकाकरण के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है, इसके बाद बिहार में 13.70 लाख और गुजरात में 7.75 लाख बालिकाओं का टीकाकरण किया गया है

देशभर में निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की बालिकाओं को माता-पिता की सहमति से निःशुल्क, सुरक्षित और स्वैच्छिक एकल-खुराक एचपीवी टीका दिया जा रहा है  

यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वास्तविक समय में निगरानी, लाभार्थियों का पंजीकरण एवं ट्रैकिंग, टीकाकरण स्लॉट की बुकिंग और डिजिटल प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पारदर्शिता और सुगमता को बढ़ावा मिल रहा है

एचपीवी टीकाकरण के सभी सत्र प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में आयोजित किए जा रहे हैं, टीकाकरण के बाद होने वाली दुर्लभ प्रतिकूल घटनाओं(एईएफआई) के प्रबंधन के लिए 24×7 स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी की गई है

सरकार ने प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुँचने और सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से मुक्त भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, जिसकी रोकथाम संभव है

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 10:25AM by PIB Delhi

भारत ने सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम के अपने प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के नौ-महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमावायरस(एचपीवी) टीके की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। यह उपलब्धि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का कारण बन सकता है। साथ ही, यह देशभर में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच को भी दर्शाता है।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा फरवरी 2026 में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की बालिकाओं को माता-पिता की सहमति से एचपीवी टीके की निःशुल्क, सुरक्षित और स्वैच्छिक एकल खुराक प्रदान की जा रही है। यह पहल भारत की निवारक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य महिलाओं की भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य और कल्याण की रक्षा करना है।

भारत के महारजिस्ट्रार(आरजीआई) के वर्ष 2021 के जनसंख्या अनुमानों के आधार पर, इस अभियान ने लगभग 1.2 करोड़ बालिकाओं के निर्धारित वार्षिक लक्षित समूह में लगभग 87 प्रतिशत का संचयी टीकाकरण कवरेज हासिल किया है। नौ-महीने के भीतर टीके की 1 करोड़ खुराकें देने की यह उपलब्धि इस पहल के व्यापक स्तर और गति को दर्शाता है। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, स्वास्थ्य पेशेवरों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदायों के समन्वित प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261121102634_e784c6.jpg

छह राज्यों ने 100-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया; देशभर में उल्लेखनीय प्रगति

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने एचपीवी टीकाकरण के दायरे को बढ़ाने में निरंतर प्रगति दिखाई है। इनमें से कई ने अपनी-अपनी चिन्हित लक्षित आबादी का उच्च स्तर तक टीकाकरण कवरेज हासिल किया है।

इस अभियान के तहत छह राज्यों— गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार— ने अपनी चिन्हित लक्षित आबादी का 100-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया है।

अन्य उच्च प्रदर्शन करने वाले राज्यों में असम ने 95.63 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज दर्ज किया है, इसके बाद तेलंगाना(95.28 प्रतिशत), कर्नाटक(93.16 प्रतिशत) और उत्तराखंड(90.17 प्रतिशत) का स्थान है।

छत्तीसगढ़(86.21 प्रतिशत) और राजस्थान(85.23 प्रतिशत) ने 80-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि केरल(77.02 प्रतिशत), तमिलनाडु(76.12 प्रतिशत), ओडिशा(74.90 प्रतिशत) और केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव(72.99 प्रतिशत) ने 70-प्रतिशत से अधिक टीकाकरण कवरेज हासिल किया है।

कुल संख्या के मामले में, 14-वर्ष की आयु की 29.33-लाख से अधिक बालिकाओं के टीकाकरण के साथ उत्तर प्रदेश देश भर में पहले स्थान पर है। इसके बाद बिहार में 13.70-लाख से अधिक और गुजरात में 7.75-लाख से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण किया गया है।

विभिन्न भौगोलिक, जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों वाले राज्यों में दर्ज की गई यह प्रगति अभियान की व्यापक पहुंच और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाए गए कार्यान्वयन रणनीतियों की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

केंद्र और राज्यों के बीच मजबूत समन्वय से देशव्यापी टीकाकरण अभियान को मिली गति

यह उपलब्धि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों के बीच निरंतर समन्वय को दर्शाता है। इसमें जिला प्रशासन, जन स्वास्थ्य संस्थानों और अग्रिम पंक्ति की स्वास्थ्य सेवा टीमों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ग्रामीण, शहरी, दूरदराज और भौगोलिक रूप से दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण की पहुंच बढ़ाने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न रणनीतियां अपनाई हैं। बिहार, तमिलनाडु और सिक्किम की राज्य-स्तरीय पहलों को भी जनसंपर्क और अभियान के कार्यान्वयन को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय अभियान के साथ जोड़ा गया है।

इस अभियान में सामुदायिक भागीदारी, अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाने और एचपीवी टीकाकरण के बारे में विश्वसनीय एवं वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी के प्रसार पर विशेष जोर दिया गया है।

एम्स जैसे प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के बाल रोग विशेषज्ञों, स्त्री रोग विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों सहित स्वास्थ्य पेशेवरों ने जागरूकता बढ़ाने तथा टीके की सुरक्षा और प्रभावकारिता से संबंधित चिंताओं का समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्कूल शिक्षकों, मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं(आशा), सहायक नर्स दाइयों(एएनएम) और अन्य अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों ने भी अभिभावकों और समुदायों के साथ मिलकर जागरूकतापूर्ण भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा भ्रामक सूचनाओं का खंडन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इन सामूहिक प्रयासों से आम जनमानस का विश्वास मजबूत हुआ है और समाज के विभिन्न वर्गों में एचपीवी टीकाकरण की स्वीकार्यता बढ़ाने में मदद मिली है।

यू-विन(U-WIN) डिजिटल प्लेटफॉर्म से टीकाकरण की निगरानी और पहुंच को मिली मजबूती

डिजिटल स्वास्थ्य बुनियादी ढ़ांचा इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने में एक महत्वपूर्ण आधार साबित हुई है। यू-विन(U-WIN) प्लेटफॉर्म वास्तविक समय में निगरानी, लाभार्थियों की ट्रैकिंग और डिजिटल टीकाकरण रिकॉर्ड के रखरखाव में सहायता प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम प्रबंधक जिला स्तर पर टीकाकरण की प्रगति की निगरानी करने, टीकाकरण कवरेज में मौजूद कमियों और अभी तक टीका नहीं लगवाने वाली पात्र बालिकाओं की पहचान करने तथा अधिक प्रभावी योजना बनाने और संसाधनों के आवंटन में सहायता के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे हैं।

यह प्लेटफॉर्म अभिभावकों को अपनी बेटियों के लिए एचपीवी टीकाकरण स्लॉट बुक करने और डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र डाउनलोड करने की सुविधा भी प्रदान करता है, जिससे टीकाकरण की प्रक्रिया अधिक सुलभ, सुविधाजनक और पारदर्शी बन गई है।

डिजिटल निगरानी को जमीनी स्तर पर अभियान के कार्यान्वयन के साथ एकीकृत करने से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कार्यक्रम प्रबंधन मजबूत बनाने तथा पात्र लाभार्थियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचने में मदद मिल रही है।

एचपीवी टीकाकरण: सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) की रोकथाम का एक प्रमाणित उपाय

सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) आज भी सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है और महिलाओं में कैंसर से संबंधित बीमारी एवं मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। ह्यूमन पैपिलोमावायरस(एचपीवी) के कुछ उच्च जोखिम वाले प्रकारों से होने वाला लगातार संक्रमण गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार है।

एचपीवी टीकाकरण, एचपीवी संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए उपलब्ध सबसे प्रभावी निवारक उपायों में से एक है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) का कारण बन सकता है।

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को एचपीवी टीकों की सुरक्षा और प्रभावकारिता से संबंधित व्यापक वैश्विक वैज्ञानिक साक्ष्यों का समर्थन प्राप्त है। दुनियाभर में एचपीवी टीके की 80-करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। वहीं, लगभग दो दशकों के वैज्ञानिक अनुसंधान और वास्तविक परिस्थितियों में प्राप्त अनुभवों से यह साबित हुआ है कि ये टीके लक्षित एचपीवी संक्रमणों और उनसे जुड़ी कैंसर-पूर्व स्थितियों से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करते हैं।

14 वर्ष की आयु में बालिकाओं को टीकाकरण प्रदान करके इस अभियान का उद्देश्य एचपीवी के संभावित संपर्क में आने से काफी पहले ही उन्हें सुरक्षा प्रदान करना है, जिससे दीर्घकालिक रूप से गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की रोकथाम में मदद मिल सके।

लाभार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है

अभियान में प्रत्येक लाभार्थी की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना इसकी मूलभूत प्राथमिकताओं में शामिल है।

टीकाकरण के सभी सत्र निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की प्रत्यक्ष देखरेख में आयोजित किए जाते हैं। टीकाकरण केंद्रों को 24×7 स्वास्थ्य सेवा केंद्रों से जोड़ा गया है, ताकि टीकाकरण के बाद होने वाली किसी भी दुर्लभ प्रतिकूल घटना(एईएफआई) का तत्काल आकलन, निगरानी और प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

यह अभियान स्थापित टीकाकरण सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करता है, जिसे प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और उचित चिकित्सा व्यवस्थाओं का सहयोग प्राप्त है।

मंत्रालय टीकाकरण कार्यक्रम में विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शी संवाद, वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा माता-पिता की सोच-समझकर दी गई सहमति पर निरंतर जोर देता है।

पात्र बालिकाओं के सार्वभौमिक टीकाकरण कवरेज की दिशा में गति बनाए रखना

1 करोड़ खुराक का महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल करने के साथ, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का ध्यान शेष पात्र बालिकाओं तक पहुंचने और सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण कवरेज को और अधिक मजबूत करने पर केंद्रित है।

मंत्रालय टीकाकरण कवरेज में कमियों को दूर करने, जागरूकता को सुदृढ़ करने तथा एचपीवी टीकाकरण तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों, चिकित्सा पेशेवरों, अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों, शैक्षणिक संस्थानों और समुदायों के साथ मिलकर निरंतर कार्य करता रहेगा।

पात्र 14 वर्षीय बालिकाओं के माता-पिता और अभिभावकों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे जानकारी प्राप्त करने और टीकाकरण के लिए समय निर्धारित करने हेतु अपने निकटतम निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं या फिर यू-विन(U-WIN) प्लेटफॉर्म का उपयोग करें।

नौ-महीने से भी कम समय में 1-करोड़ से अधिक एचपीवी टीके की खुराकें लगाने की यह उपलब्धि सिर्फ एक संख्यात्मक पड़ाव नहीं है। यह भारत की किशोरियों के स्वास्थ्य में किए गए एक महत्वपूर्ण निवेश और संभावित रूप से जीवन के लिए खतरा बनने वाली बीमारी की रोकथाम का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान, निवारक स्वास्थ्य देखभाल पर भारत के बढ़ते जोर और महिलाओं को रोकी जा सकने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आज लगाई जाने वाली एचपीवी टीके की हरेक खुराक भारत की बेटियों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक कदम है और ऐसे भविष्य की ओर अग्रसर करती है, जिसमें सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित होने वाली महिलाओं की संख्या कम होगी।

यह उपलब्धि हरेक पात्र बालिका तक निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के बोझ को कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्य को आगे बढ़ाने के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

***

पीके/केसी/आरटी/पीकेपी


(रिलीज़ आईडी: 2339877) आगंतुक पटल : 28
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Assamese , Bengali , Gujarati , Odia , Tamil , Telugu , Kannada