57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

किसने कहा कि सिर्फ लड़के ही बाघ की तरह दहाड़ सकते हैं? 'बाघुनी' एक ऐसी लड़की की कहानी है, जो पारंपरिक 'बाघ नृत्य' में लैंगिक रूढ़ियों को चुनौती देती है


यह उड़िया फिल्म साहस, सांस्कृतिक पहचान और अपने सपनों को पूरा करने की आज़ादी का प्रदर्शन करती है

प्रविष्टि तिथि: 22 NOV 2026 6:10PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2340030Views: 36

क्या हो अगर एक छोटी सी बच्ची यह तय कर ले कि कुछ परंपराओं का सिर्फ आँख बंद करके पालन नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके साथ मिलकर नृत्य करना चाहिए? क्या हो अगर वह एक ऐसी दुनिया में कदम रखने की हिम्मत करे, जहाँ पारंपरिक रूप से पुरुषों के शरीर पर बाघ की धारियाँ बनाई जाती हैं और वह पूछे, "मैं क्यों नहीं?"

यह कहानी है उडीसा के एक दूर-दराज के गाँव की 11 साल की बच्ची, मिनी की। यह बच्ची मिनी 'बाघा नाचा' (बाघ नृत्य) कलाकार बनने का सपना देखती है। 'बाघा नाचा' एक पारंपरिक बाघ नृत्य है, जिस पर लंबे समय से पुरुषों का ही दबदबा रहा है। मिनी इस सांस्कृतिक परंपरा को अपनी शर्तों पर अपनाना चाहती है। उसके लिए, यह सिर्फ एक नृत्य करने की बात नहीं है, बल्कि सपने देखने, पुरानी परंपराओं को चुनौती देने और अपने जुनून को पूरा करने की आज़ादी पाने की बात है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/NIL_7481.JPG(1)_20261122181344_8a04a9.jpeg

सच्ची घटनाओं से प्रेरित, 'बाघुनी' (डांस लाइक अ टाइगर) - एक ऐसी युवा लड़की की कहानी है, जो समाज में गहराई से जड़े लैंगिक रूढ़िवादी विचारों को चुनौती देने का दृढ़ संकल्प लेती है। इस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता जितेंद्र मिश्रा ने लिखा और निर्देशित किया है। उडीसा की जीवंत लोक परंपराओं की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म लैंगिक बाधाओं, सामाजिक सोच, सांस्कृतिक पहचान और स्थापित नियमों पर सवाल उठाने के साहस को दर्शाती है। इस फिल्म का भव्य प्रीमियर 22 नवंबर, 2026 को गोआ में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में हुआ।

संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए, जितेंद्र मिश्रा ने 'बाघुनी' को अपने लिए एक बहुत विशेष उपलब्धि बताया। फिल्म उद्योग में लगभग दो दशकों तक काम करने के बाद, यह फिल्म उनके निर्देशन में बनी पहली (डेब्यू) फिल्म है। इफ्फी के 'इंडियन पैनोरमा' के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए, उन्होंने इफ्फी, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

फिल्म के बारे में बात करते हुए, जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि हालांकि 'बाघा नाचा' (बाघ नृत्य) इसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि है, लेकिन मूल रूप से यह कहानी लैंगिक समानता, साहस और मानवीय जज्बे का प्रदर्शन करती है। अपने परिवार की सात असाधारण महिलाओं से प्रेरित होकर, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर लड़कियों को समान अवसर दिए जाएं, तो वे उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उडीसा के बेरहामपुर में की गई व्यापक शोध पर आधारित इस फिल्म में राज्य भर से ऑडिशन के जरिए चुने गए स्थानीय बच्चों ने भी काम किया है। इन बच्चों को कई महीनों तक अनुभवी अभिनेता सब्यसाची मिश्रा के साथ प्रशिक्षण दिया गया था।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/NIL_7487.JPG_20261122181413_7f53ff.jpeg

प्रसिद्ध उडीया अभिनेता सब्यसाची मिश्रा ने 'बाघुनी' को बेहतरीन कहानी और उडीसा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार मिश्रण बताया। उन्होंने बताया कि पारंपरिक बाघ नृत्य 'बाघा नाचा' और 'बाघुनी' (जिसका अर्थ है बाघिन) के बीच का अंतर इस कहानी का मुख्य हिस्सा है, जो फिल्म को और अधिक गहरा और दिलचस्प बनाता है।

'बाघा नाचा' कलाकार की भूमिका निभाने के अपने अनुभव को साझा करते हुए, सब्यसाची ने बताया कि उन्होंने अपना 30 किलो वजन कम किया और इस किरदार को पूरी तरह से असली दिखाने के लिए कड़ी शारीरिक और आध्यात्मिक तैयारी की। उन्होंने इस लोक कला से जुड़ी कठिन रीतियों और शरीर पर घंटों तक की जाने वाली जटिल पेंटिंग के बारे में भी बताया; इस कला में कलाकार को देवी 'माँ भगवती बुढ़ी ठाकुरानी' का रूप माना जाता है। फिल्म के वैश्विक स्तर पर पसंद किए जाने का भरोसा जताते हुए, उन्होंने कहा कि 'बाघुनी' क्षेत्रीय उडिया सिनेमा के लिए एक नया मानक स्थापित कर सकती है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे इस फिल्म के संदेश को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाएँ।

निर्माता पार्थ पांडा ने 'बाघुनी' के भव्य प्रीमियर का आयोजन करने और उडीसा की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश करने के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए इफ्फी, एनएफडीसी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/NIL_7479.JPG_20261122181437_edc118.jpeg

मिनी की यात्रा के ज़रिए, 'बाघुनी' एक गहरी स्थानीय परंपरा को साहस, पहचान और स्थापित मान्यताओं को चुनौती देने की आज़ादी से जुड़ी एक व्यापक और वैश्विक चर्चा का हिस्सा बनाती है। इस भावना के साथ, यह फ़िल्म इफ्फी 2026 की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (सीमाओं से परे कहानियाँ) से मेल खाती है। यह इस बात को फिर से पुष्ट करती है कि कैसे सिनेमा स्थानीय आवाज़ों को वैश्विक दर्शकों तक पहुँचा सकता है और दुनिया के एक कोने की कहानियों को दूसरे कोने के लोगों के लिए अर्थपूर्ण बना सकता है।

संवाददाता सम्मेलन का संचालन श्रीमती निखिता ए. एस. ने किया।

इफ्फीलॉइड को यहाँ पर पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

संवाददाता सम्मेलन यहाँ देख सकते हैं:

***

पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2340030
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026