आज गोवा के पणजी में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में, कन्नड़ फीचर फिल्म ‘रूबी-क्यूब’ की टीम ने मीडिया से बातचीत की। इस चर्चा में जाने-माने फिल्म निर्माता और निर्देशक पी. शेषद्रि तथा मुख्य अभिनेत्री वैनिधि जगदीश ने भाग लिया।
फिल्म निर्माण के अपने दृष्टिकोण के बारे में पी. शेषद्रि ने कहा कि वे कहानियों की तलाश में नहीं भटकते, बल्कि कहानियों को खुद अपने पास आने देते हैं। उन्होंने बताया कि वे फिल्म तभी बनाते हैं जब कोई कहानी उन्हें सचमुच प्रभावित करती है और उन्हें लगता है कि इसे पर्दे पर लाना जरूरी है। ‘रूबी-क्यूब’ को अपनी 13वीं फीचर फिल्म बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी कहानी वास्तविक जीवन के अनुभवों पर आधारित है। यह भारतीय पारिवारिक व्यवस्था की जटिलताओं और उसके भीतर रिश्तों के विकास को दर्शाती है।

निर्देशक ने बताया कि यह फिल्म अपने पात्रों के जीवन के माध्यम से कई मानवीय मुद्दों और चुनौतियों की पड़ताल करती है। जीवन की तुलना ‘रूबी-क्यूब’ (पहेली) से करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह इस पहेली में कई रंग और संयोजन होते हैं, उसी तरह मानवीय जीवन के भी अलग-अलग रंग और आयाम होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी फिल्मों का मकसद हमेशा कोई खास संदेश देना नहीं होता, बल्कि दर्शकों के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव बनाना होता है। उन्होंने कहा कि आईएफएफआई फिल्मों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचने, दृश्यता बढ़ाने और सिने-प्रेमियों से सार्थक प्रतिक्रिया पाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
मुख्य अभिनेत्री वैनिधि जगदीश ने अपने किरदार की भावनात्मक परतों और फिल्म के मुख्य कथानक के बारे में बात की। फिल्म की कहानी, एक बेटी के अपने माता-पिता के घर लौटने और धीरे-धीरे उनके रिश्तों की बदलते आयाम को देखने के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने बताया कि कैसे यह फिल्म आज के परिवारों की वास्तविकता को दर्शाती है, जहां लोग बदलते रिश्तों, उम्मीदों और भावनात्मक चुनौतियों के बीच अक्सर एक अलग तरह का जीवन जी रहे होते हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी कहानी बहुत ही सूक्ष्म और संयमित है, जो नाटकीय प्रदर्शन के बजाय रोजमर्रा के मानवीय अनुभवों पर केंद्रित है।

एक हिल स्टेशन पर एक छोटी अवधि की छुट्टी की पृष्ठभूमि पर आधारित, 'रूबी-क्यूब' एक परिवार की तीन पीढ़ियों को एक ही छत के नीचे लाती है। कहानी रोहिणी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक मनोवैज्ञानिक हैं। उनकी मुलाकात अपने पूर्व पति मूर्ति से तब होती है, जब उनकी बेटी चित्रा - जो खुद अपनी शादीशुदा जिंदगी की चुनौतियों से जूझ रही है - उन्हें एक साथ लाती है। जैसे-जैसे परिवार एक साथ समय बिताता है, दबी हुई भावनाएं, पुराने रिश्ते और जिम्मेदारी से जुड़े सवाल धीरे-धीरे सामने आने लगते हैं।
आईएफएफआई 2026 में हुई बातचीत ने दर्शकों और मीडिया को 'रूबी-क्यूब' के पीछे की रचनात्मक सोच और आज के दौर के पारिवारिक रिश्तों की पड़ताल के बारे में जानने का मौका दिया। इस फिल्म का प्रदर्शन, सीमाओं के पार अलग-अलग तरह की सिनेमाई कथानकों और कहानी कहने की परंपराओं का जश्न मनाने वाले आईएफएफआई के प्रयासों को और समृद्ध करता है।
संवाददाता सम्मेलन का संचालन श्री अनिमेष वाज ने किया।
पूरे संवाददाता सम्मेलन को यहाँ देखें:
IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/एसएस