57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

57वें इफ्फी में फिल्म उद्योग के दिग्गजों ने फिल्म स्कूलों की भूमिका पर चर्चा की


विशेषज्ञों ने फिल्मकारों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में संस्थागत प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव, अनुशासन और अनुकूलन क्षमता के महत्व को रेखांकित किया

फिल्म निर्माण के लिए निरंतर अभ्यास, अनुभव और दुनिया भर के सिनेमा से परिचित होना आवश्यक है: आर्तुर दाबोर्स्की

प्रविष्टि तिथि: 22 NOV 2026 7:43PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2340126Views: 22

क्या सिनेमा को सिखाया जा सकता है, या इसे खुद ढूंढ़ना होता है? आज गोवा में आयोजित  57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ एक पैनल चर्चा भी हुई। इस पैनल चर्चा का विषय था – ‘द अनटीचेबल फ्रेम: कैन सिनेमा बी टॉट ऑर मस्ट इट बी डिस्कवर्ड?’ इस  चर्चा में रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने, तकनीकी कौशल सिखाने और उभरते फिल्मकारों को फिल्म उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में फिल्म स्कूलों की भूमिका पर बात की गई।

इस पैनल में अन्नपूर्णा कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया की अभिनेत्री एवं निर्देशक अमला अक्किनेनी; अभिनेता एवं ‘एक्टर प्रिपेयर्स’ के संस्थापक अनुपम खेर; सांस्कृतिक पत्रकार आर्तुर दाबोर्स्की (जो वारसॉ फिल्म स्कूल में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के वाइस-रेक्टर, समर फिल्म अकादमी के प्रोग्राम डायरेक्टर, टोफीफेस्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के प्रोग्रामर और फिप्रेस्की के सदस्य हैं); भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के पूर्व निदेशक भूपेंद्र कैंथोला; और तमिल, तेलुगु तथा मलयालम फिल्म उद्योगों के सिनेमैटोग्राफर तथा ‘सिनेमा फैक्ट्री अकादमी’ के मेंटर एवं संस्थापक मनोज परमहंस शामिल थे। इस सत्र का संचालन सोनी पिक्चर्स इंडिया और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) में नेतृत्व के पदों पर रह चुके विक्रमजीत रॉय ने किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-22at6.31.05PM_20261122195049_1dd549.jpeg

अमला अक्किनेनी ने फिल्म निर्माण की सहयोगात्मक प्रकृति को रेखांकित करते हुए कहा कि फिल्म स्कूल एक ऐसा माहौल प्रदान करते हैं जहां विद्यार्थी मिलकर काम करना सीखते हैं और फिल्म निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों की एक-दूसरे पर निर्भरता को समझते हैं। उन्होंने फिल्म शिक्षकों से यह भी आग्रह किया कि वे प्रचलित रूढ़ियों को चुनौती दें और अधिक महिलाओं को फिल्म निर्माण में पेशेवर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित करें। प्रतिबद्धता के महत्व पर जोर देते हुए, उन्होंने उभरते फिल्मकारों से अतिरिक्त प्रयास करने की इच्छाशक्ति विकसित करने का आह्वान किया।

अपना निजी अनुभव साझा करते हुए, अनुपम खेर ने एक अभिनेता की क्षमताओं को निखारने में औपचारिक प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) में बिताए अपने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “अगर मैं राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नहीं गया होता, तो आज मैं यहां नहीं बैठा होता।”

अपनी पहली फिल्म ‘सारांश’ का उल्लेख करते हुए, श्री खेर ने इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को निभाने के लिए अपने एनएसडी के प्रशिक्षण को श्रेय दिया। इस फिल्म में उन्होंने 28 साल की आयु में एक 65 वर्षीय व्यक्ति का किरदार निभाया था। उन्होंने एक अभिनेता के लिए तीन जरूरी गुण बताए: अवलोकन, कल्पनाशीलता और भावनात्मक स्मृति। उन्होंने समझाया कि किसी व्यक्ति के अनुभव उसकी स्मृतियों में जमा रहते हैं और किरदारों को प्रभावशाली तरीके से निभाने की प्रक्रिया के एक महत्वपूर्ण संसाधन बन जाते हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-22at6.32.32PM_20261122195111_e97470.jpeg

अभिनय को नौ भावनाओं या ‘नवरसों’ से जुड़ने की एक प्रक्रिया बताते हुए, उन्होंने कहा कि एक अभिनेता को किसी दृश्य, क्रम या कहानी की मांग के अनुसार इन भावनाओं को याद करने और उन्हें अभिव्यक्त करने में सक्षम होना चाहिए। फिल्म स्कूल उभरते कलाकारों को इन भावनाओं को समझने, उनका अभ्यास करने और उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद करते हैं। युवा कलाकारों को रोजमर्रा की जिंदगी से प्रेरणा लेने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा, “हर अनुभव आपको कुछ न कुछ सिखाता है। एक इंसान के तौर पर आप जो कुछ भी सीखते हैं, वह आपके अभिनय में काम आएगा।"

युवा कलाकारों को आत्मसंतुष्ट होने के प्रति आगाह करते हुए, श्री खेर ने कहा कि कभी-कभी योग्यता ही उत्कृष्टता के रास्ते में बाधा बन सकती है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को अपने कौशल और कला को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

आर्तुर दाबोर्स्की ने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म निर्माण के लिए निरंतर अभ्यास, अनुभव और दुनिया भर के सिनेमा से परिचित होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि फिल्म महोत्सव युवा फिल्मकारों को सिनेमा की विभिन्न परंपराओं से परिचित कराने और उन्हें अलग-अलग पृष्ठभूमि की फिल्मों एवं पेशेवरों से जुड़ने का मौका देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मौलिक बनाने के इच्छा रखने वाले फिल्मकारों के लिए विश्व सिनेमा में हो रहे बदलावों को समझना बेहद जरूरी है।

वारसॉ फिल्म स्कूल के तौर-तरीकों के बारे में बताते हुए, दाबोर्स्की ने कहा कि विद्यार्थियों को एक ऐसे सहयोगी संस्थागत माहौल में फिल्में बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जहां  उन्हें प्रयोग करने और अपनी गलतियों से सीखने की छूट होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवसर बेहद अहम होते हैं, क्योंकि पेशेवर फिल्म सेट पर होने वाली गलतियों के गंभीर आर्थिक और व्यावहारिक परिणाम हो सकते हैं।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण के व्यावसायिक पहलुओं के लिए तैयार करना जरूरी है। इसमें निर्माताओं के सामने प्रोजेक्ट पेश करना, फंडिंग जुटाना और पेशेवर इकोसिस्टम को समझना शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि फिल्म महोत्सवों से जुड़ना इस तैयारी का एक अहम हिस्सा है। 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-22at6.30.42PM_20261122195135_893506.jpeg

यूरोपीय फिल्म समारोहों में किस तरह की फिल्मों की तलाश रहती है, इस बारे में बात करते हुए दाबोर्स्की ने युवा फिल्मकारों को ऐसे विषयों पर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जो उन्हें परेशान करते हैं या जिन्हें स्वीकार करना उनके लिए कठिन होता है। उन्होंने बताया कि ऐसे समारोह उन फिल्मों को अहमियत देते हैं जो महत्वपूर्ण सामाजिक और मानवीय मुद्दों से सार्थक ढंग से जुड़ती हैं।

भूपेंद्र कैंथोला ने कलात्मक अभिव्यक्ति और संस्थागत प्रशिक्षण के बीच के संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “कला को ढूंढ़ा जा सकता है, लेकिन शिल्प को सिखाना पड़ता है।” उन्होंने उभरते फिल्म पेशेवरों के लिए औपचारिक शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माण में सफलता पाने के लिए रचनात्मकता के साथ-साथ अनुशासन, व्यवस्थित शिक्षा और पेशेवर प्रक्रियाओं का पालन करना ज़रूरी है। एफटीआईआई के अपने अनुभवों के आधार पर, श्री कैंथोला ने कहा कि कई विद्यार्थी अपने परिवारों की पारंपरिक करियर संबंधी अपेक्षाओं के बावजूद फिल्म शिक्षा को चुनते हैं। उन्होंने कहा कि एफटीआईआई जैसे सरकारी संस्थानों की यह जिम्मेदारी है कि वे एक ऐसा अनुकूल माहौल दें, जहां विद्यार्थियों की रचनात्मक महत्वाकांक्षाओं को पनपने का मौका मिल सके।

मनोज परमहंस ने इस बात पर जोर दिया कि पेशेवर फिल्म सेट कई तरह की व्यावहारिक सीमाओं के बीच काम करते हैं, जिससे नए लोगों के लिए प्रयोग करने और गलतियों से सीखने की गुंजाइश काफी सीमित हो जाती है।

उन्होंने कहा कि फिल्म स्कूल एक व्यवस्थित माहौल में फिल्म निर्माण की बुनियादी बातें सिखाकर एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। तकनीकी कौशल के अलावा, वे विद्यार्थियों  को मानव संसाधनों का प्रबंधन करने, विभिन्न टीमों के बीच समन्वय बिठाने और मिल-जुलकर काम करने के लिए तैयार करते हैं। ये सभी चीजें किसी फिल्म प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बहुत जरूरी हैं।

पैनल ने फिल्म शिक्षा और फिल्म निर्माण पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा की।

मनोज परमहंस ने बताया कि एआई का उपयोग बार-बार किए जाने वाले कामों को आसान बनाने, शुरुआती स्टोरीबोर्ड तैयार करने और प्रोडक्शन वर्कफ़्लो को बेहतर बनाने के लिए तेजी से किया जा रहा है। तकनीकी प्रगति ने विजुअल प्रोडक्शन को भी बदल दिया है, जिससे फिल्मकार शूटिंग के बाद भी बैकग्राउंड में बदलाव कर सकते हैं और बेहतरीन विजुअल माहौल तैयार कर सकते हैं।

तकनीकी प्रगति के साथ ढलने की जरूरत को स्वीकार करते हुए, अनुपम खेर ने इस बात पर जोर दिया कि रचनात्मक अभिव्यक्ति में मानवीय भावनाएं ही सबसे महत्वपूर्ण होती हैं। एआई से बने वर्चुअल अवतारों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि तकनीक भले ही तस्वीरें और प्रदर्शन तैयार कर ले, लेकिन वह उस दिल और आत्मा की नकल नहीं कर सकती, जिसका समावेश इंसान अपने अभिनय में करते हैं।

इस चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि संस्थागत प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और प्रयोगों के माध्यम से रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में फिल्म स्कूल आज भी प्रासंगिक हैं। साथ ही, इसमें इस बात को भी रेखांकित किया गया कि उभरते फिल्मकारों के लिए जरूरी है कि वे परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में सक्षम हों, तकनीक की समझ रखें, और लगातार सीखते रहने तथा खुद को नए सिरे से विकसित करने के प्रति प्रतिबद्ध रहें।

20 से 28 नवंबर, 2026 के दौरान गोवा में आयोजित होने वाला 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी), भारत तथा दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, फिल्म उद्योग के पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों को एक साथ लाता है। फिल्मों के प्रदर्शन, मास्टरक्लास और संवादात्मक चर्चाओं के जरिए, यह महोत्सव सिनेमा से जुड़े विचारों के आदान-प्रदान, सीखने और सहयोग का एक मंच प्रदान करता है।     

इफ्फीलॉयड यहां पढ़ें :https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

 

***

पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस 


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2340126
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026