57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सिनेमा में गोवा विषय पर एक रोचक परिचर्चा में फिल्म निर्माण के प्रमुख स्थल के रूप में गोवा की संभावनाएं, फिल्म संबंधी बुनियादी अवसंरचनाएं सुदृढ़ बनाने की गुंजाइश तथा इसकी विशिष्ट प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर चर्चा हुई।
कोंकणी, हिंदी और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के विभिन्न दृष्टिकोणों को साथ लाने वाली इस परिचर्चा में जाने-माने कोंकणी फिल्मकार राजेंद्र तलक, हिंदी फिल्म निर्देशक एवं पटकथा लेखक विजय कृष्ण आचार्य और फ्रांसीसी अभिनेत्री मैरिएन बोर्गो ने हिस्सा लिया। परिचर्चा का संचालन फिल्म समीक्षक सचिन चट्टे ने किया।

फिल्म निर्माण के प्रमुख स्थल के रूप में गोवा की संभावनाओं की चर्चा करते हुए विजय कृष्ण आचार्य ने राज्य के विशेष दृश्यात्मक और सांस्कृतिक आकर्षण का उल्लेख किया, जो वर्षों से फिल्मकारों को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि गोवा की एक अनूठी और आकर्षक पहचान है जो इसे मुख्यधारा के फिल्म निर्माण स्थलों से अलग बनाती है। उन्होंने फिल्म कभी हां कभी ना का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके किरदार और कहानी की पृष्ठभूमि एक-दूसरे से इतने स्वाभाविक रूप से जुड़े हुए थे कि यह कहानी केवल गोवा में ही अपने व्यापक स्वरूप में विकसित हो सकती थी।
फिल्म निर्माण को आर्थिक रूप से संभव बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री आचार्य ने यहां एक फिल्म सिटी स्थापित करने का आह्वान किया, जिससे फिल्मकार अलग-अलग बजट श्रेणियों में गोवा में फिल्म की शूटिंग कर सकें। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण में लागत महत्वपूर्ण पहलू है। यदि गोवा प्रतिस्पर्धी लागत पर उपयुक्त बुनियादी अवसंरचना उपलब्ध कराए, तो यह और अधिक फिल्म निर्माण आकर्षित कर सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों को फिल्म उद्योग में पेशेवर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए फिल्म स्कूलों और फिल्म साक्षरता केंद्रों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल पीढ़ियों तक प्रभाव डाल सकती हैं और गोवा को एक विशिष्ट कलात्मक केंद्र के रूप में उभरने में सहायक हो सकती हैं।
श्री राजेंद्र तलक ने हालांकि, राज्य में फिल्म सिटी की व्यवहार्यता को लेकर अपनी आशंकाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं क्योंकि यहां के प्राकृतिक पारंपरिक घर और विरासत स्थल विविध पृष्ठभूमि प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने वाली पहल गोवा की सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण के अनुरूप होनी चाहिए।
श्री तलक ने कहा कि गोवा का एक बड़ा हिस्सा अभी भी फिल्मांकन स्थल के रूप में अनछुआ है। उन्होंने कहा कि गोवा के बमुश्किल 10 प्रतिशत हिस्से में ही फिल्म निर्माण की संभावनाएं तलाशी गई हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मकारों के पास नए स्थानों की खोज करने और राज्य के विविध परिवेश पर आधारित कहानियां विकसित करने के व्यापक अवसर हैं। उन्होंने फिल्मकारों से राज्य के मौजूदा प्राकृतिक स्थलों को तलाशने और उनमें स्वाभाविक रूप से जुड़ने वाली कहानियां तलाशने का आह्वान किया।

गोवा में रह रहीं सुश्री मैरिएन बोर्गो ने एक ऐसे व्यक्ति का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, जिसने गोवा को अपना घर बना लिया है। बुनियादी अवसंरचना के महत्व को मानते हुए उन्होंने राज्य के प्राकृतिक पर्यावरण, पारंपरिक घरों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व की चर्चा की। उन्होंने फिल्मकारों से आग्रह किया कि वे गोवा की विशिष्ट पहचान संरक्षित रखने के लिए यहां शूटिंग संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अंजाम दें। उन्होंने इफ्फी में देखी एक फिल्म ओ मारिया का भी उल्लेख किया, जिससे उन्हें कोंकणी सिनेमा की असाधारण प्रतिभा को जानने का अवसर मिला।
परिचर्चा में फिल्मों में गोवा और यहां के लोगों के रूढ़िबद्ध चित्रण पर भी चर्चा हुई और रेखांकित किया गया कि फिल्मकारों के लिए व्यापक विषय और कहानियां तलाशने तथा गोवा को अधिक विविधतापूर्ण सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने के काफी अवसर हैं।
आईएफएफआई लॉयड यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके