स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेल्लोर में देश की पहली समर्पित मानव मेटाबॉलिक चैंबर सुविधा का उद्घाटन किया


श्रीमती श्रीवास्तव ने मेटाबॉलिक जोखिमों की समझ को मजबूत करने और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को दिशा देने के लिए भारत-विशिष्ट ठोस अनुसंधान का आह्वान किया

स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 7.8 करोड़ से अधिक योग सत्र आयोजित किए गए: केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी लाने के आह्वान को आगे बढ़ाने के लिए चीनी और तेल बोर्ड तथा 'आज से थोड़ा कम' अभियान सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख किया

टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) और सीएमसी वेल्लोर ने पोषण, मधुमेह, मोटापा और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग किया

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 4:23PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेल्लोर में देश की पहली समर्पित मानव मेटाबॉलिक चैंबर सुविधा का उद्घाटन किया। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) और सीएमसी वेल्लोर द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित यह सुविधा मानव मेटाबॉलिज्म, पोषण, मधुमेह, मोटापा और अन्य मेटाबॉलिक स्थितियों से संबंधित अनुसंधान को मजबूत करेगी। यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सभी के लिए निवारक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने और स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

श्रीमती श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए इस पहल के लिए टीआईएफआर, एडवांस्ड रिसर्च यूनिट ऑन मेटाबॉलिज्म, डेवलपमेंट एंड एजिंग अरुमदा और सीएमसी वेल्लोर को बधाई दी और इस सहयोग को समर्थन देने के लिए परमाणु ऊर्जा विभाग की सराहना की। उन्होंने देश की आबादी की विविधता और विशिष्ट जोखिम प्रोफाइल को दर्शाने वाले साक्ष्य तैयार करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अन्य देशों के निष्कर्ष भारत की आबादी की विशिष्ट परिस्थितियों को पर्याप्त रूप से प्रतिबिंबित नहीं कर सकते हैं।


मानव मेटाबॉलिक चैंबर एक कमरे के आकार का कैलोरीमीटर है, जो ऑक्सीजन की खपत और कार्बन डाइऑक्साइड के उत्पादन को मापता है। इसमें एक स्वयंसेवक 24 घंटे या उससे अधिक समय तक रहता है, भोजन करता है और सोता है। इन मापों से कुल ऊर्जा व्यय तथा यह निर्धारित करने में मदद मिलती है कि भोजन, शारीरिक गतिविधि और नींद के दौरान शरीर वसा और कार्बोहाइड्रेट का किस प्रकार उपयोग करता है। यह सुविधा अरुमदा की राष्ट्रीय पोषण और मेटाबॉलिज्म अनुसंधान विश्लेषणात्मक सुविधा को पूरक बनाएगी। इसे पिछले वर्ष स्थापित किया गया था। इससे शोधकर्ताओं को आणविक और जैव रासायनिक मापों को शरीर के ऊर्जा उपयोग से जोड़ने में मदद मिलेगी।

इस सहयोग में मधुमेह तथा अन्य अंतःस्रावी और मेटाबॉलिक विकारों के क्षेत्र में सीएमसी वेल्लोर की नैदानिक विशेषज्ञता का भी लाभ लिया जा रहा है। इसमें उन व्यक्तियों में इंसुलिन संवेदनशीलता और ऊर्जा व्यय पर किए गए पिछले अध्ययन भी शामिल हैं, जिनका जन्म के समय वजन कम था और जिनका इतिहास कुपोषण से जुड़ा रहा है। इस सुविधा की स्थापना परमाणु ऊर्जा विभाग की वित्तीय सहायता और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहयोग से की गई है। इसमें मास्ट्रिच विश्वविद्यालय के न्यूट्रिम से विशेषज्ञ सलाह और भारत में नीदरलैंड साम्राज्य के दूतावास से नेटवर्क संबंधी सहयोग भी प्राप्त हुआ है।


श्रीमती श्रीवास्तव ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निवारक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 1.87 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और गैर-संचारी रोगों तथा तीन प्रकार के कैंसर की आबादी-आधारित जांच उपलब्ध करा रहे हैं। इसमें 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों का सामुदायिक स्तर पर आकलन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 781 से अधिक जिला गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 6,489 एनसीडी क्लीनिक मरीजों की आगे की देखभाल और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) का दूसरा चरण जोखिमग्रस्त बच्चों की शीघ्र पहचान को सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), स्ट्रोक और क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) सहित पांच अन्य बीमारियों को भी गैर-संचारी रोगों के राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल किया जाएगा।

माननीय प्रधानमंत्री द्वारा तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी लाने के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि चीनी और तेल बोर्ड, स्कूलों में जागरूकता संबंधी गतिविधियां, 'आज से थोड़ा कम' अभियान तथा सोशल मीडिया, रेडियो और वीडियो के माध्यम से जनसंपर्क जैसी पहल शुरू की गई हैं। आरोग्य मंदिरों की सेवाओं में योग और कल्याण संबंधी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। अब तक कुल 7.8 करोड़ से अधिक योग सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आईसीएमआर-एनआईएन जैसे संस्थान स्वस्थ विकल्पों को आसान बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहे हैं। इनमें पैकेज्ड खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी मूल्य को समझने में उपभोक्ताओं की मदद के लिए विकसित किया जा रहा ए आई आधारित उपकरण भी शामिल है।
 


संस्थागत सहयोग पर बल देते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने टीआईएफआर,अरुमदा और सीएमसी वेल्लोर को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अन्य राष्ट्रीय संस्थानों के साथ मिलकर देश की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एक केंद्रित अनुसंधान एजेंडा तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पैन-एम्स अनुसंधान संघ की संभावनाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यह संघ मानव मेटाबॉलिक चैंबर जैसी अनुसंधान सुविधाओं के साथ मिलकर अनुसंधान क्षमताओं को मजबूत कर सकता है और विश्वसनीय, साक्ष्य-आधारित राष्ट्रीय डेटासेट तैयार करने में योगदान दे सकता है।
इस कार्यक्रम में सीएमसी वेल्लोर के निदेशक प्रो. बिजू जॉर्ज; टीआईएफआर के निदेशक प्रो. जयराम चेंगालुर; बीआरआईसी-सेंटर फॉर डीएनए फिंगरप्रिंटिंग एंड डायग्नोस्टिक्स के निदेशक प्रो. उल्लास कोलथुर; अरुमदा-टीआईएफआर के प्रो. महेंद्र सोनावने; सीएमसी वेल्लोर के स्टेम सेल सेंटर के प्रमुख प्रो. निहाल थॉमस; नीदरलैंड साम्राज्य के दूतावास के स्वास्थ्य सलाहकार श्री निको शिएटेकाटे; हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के प्रतिनिधि; तथा सीएमसी वेल्लोर के एंडोक्रिनोलॉजी, डायबिटीज एंड मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रो. फेलिक्स जेबासिंग सहित अन्य संकाय सदस्य और अधिकारी उपस्थित थे।

 



***


पीके/केसी/आरटी/एसके / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2340496) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil