57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

सुपरहीरो की नई कल्पना: अयान मुखर्जी और बेसिल जोसेफ के बीच सांस्कृतिक जड़ों वाली दुनिया रचने पर चर्चा

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 7:00PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2340574Views: 75

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में 'द एपिक जॉनर्स - माइथोलॉजीज़, सुपरहीरोज़ एंड न्यू वर्ल्ड्स' (महाकाव्यात्मक शैलियाँ - पौराणिक कथाएँ, सुपरहीरो और नई दुनिया) विषय पर रोचक चर्चा हुई। इसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी पौराणिक कथाओं, सुपरहीरो और काल्पनिक दुनिया की अपार संभावनाओं पर बात की गई। पूजा तलवार द्वारा संचालित इस चर्चा में फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी और बेसिल जोसेफ शामिल हुए। उन्होंने सुपरहीरो और पौराणिक कथाओं को पर्दे पर उतारने में आने वाली रचनात्मक चुनौतियों, भारतीय लोककथाओं और आध्यात्मिकता के प्रभाव, तथा सिनेमाई कहानी कहने की कला में तकनीक की बदलती भूमिका पर चर्चा की।

भारत में सुपरहीरो फिल्में बनाने की चुनौतियों के बारे में, बेसिल जोसेफ ने बताया कि भारतीय सिनेमा में पारंपरिक रूप से मुख्य किरदारों को 'आम इंसान से कहीं बढ़कर' (larger-than-life) दिखाया जाता रहा है, जिनमें प्रायः सुपरहीरो जैसे गुण होते हैं। इस वजह से एक अलग 'सुपरहीरो सिनेमैटिक यूनिवर्स' बनाना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। अपनी फिल्म 'मिनल मुरली' का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कैसे रचनात्मक चुनौतियां और बजट की कमी भी नई तरह की कहानी कहने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। फिल्म 'मिनल मुरली' में एक ऐसा दृश्य है जिसमें सुपरहीरो अपने चेहरे पर लुंगी लपेटे और चप्पल पहने दौड़ता है; यह दृश्य इसी तरह की सोच से उपजा था।

अयान मुखर्जी ने बताया कि आम लोगों के भीतर असाधारण शक्तियों के होने का विचार ही उन्हें पहली बार सुपरहीरो शैली की ओर आकर्षित करने वाला था। पश्चिमी कल्पनाओं से प्रेरित फिल्मों के लिए 'भारतीय पहचान' बनाने की चुनौती पर चर्चा करते हुए, उन्होंने स्वीकार किया कि 'ब्रह्मास्त्र' में शुरुआत में कुछ पश्चिमी प्रभाव थे, जिसका एक कारण 'हैरी पॉटर' जैसी कहानियों के प्रति उनका लगाव था। हालाँकि, पटकथा में आध्यात्मिकता के तत्वों को शामिल करने से फिल्म को विशिष्ट भारतीय पहचान देने में सहायता मिली।

फिल्म निर्माण में 'प्रामाणिकता' के महत्व पर बल देते हुए, बेसिल जोसेफ ने कहा कि फिल्म निर्माताओं को अपनी फिल्मों को बनावटी दिखाने का प्रयास करने के बजाय, अपने किरदारों और खुद के प्रति ईमानदार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सादगी और रचनात्मक ईमानदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिल्म को 'कूल' दिखाने के चक्कर में कभी भी अपनी खुद की पहचान से समझौता नहीं करना चाहिए।

'ब्रह्मास्त्र' के निर्माण को याद करते हुए, अयान मुखर्जी ने बताया कि यह फिल्म लॉजिस्टिक्स के लिहाज से बहुत ही चुनौतीपूर्ण काम था। उन्होंने कहा कि जब फिल्म निर्माताओं को कुछ सीमाओं के भीतर काम करना पड़ता है, तो वे प्रायः पारंपरिक तरीकों से हटकर सोचने और अधिक कल्पनाशील समाधान खोजने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि रचनात्मक चुनौतियाँ बाधा बनने के बजाय नवाचार को बढ़ावा देने का काम कर सकती हैं।

इस बातचीत में पौराणिक कथाओं और लोक-कथाओं के साथ भारत के गहरे जुड़ाव पर भी चर्चा हुई। बेसिल जोसेफ ने बताया कि भारतीय दर्शक देवी-देवताओं और अलौकिक शक्तियों की कहानियाँ सुनते हुए बड़े होते हैं। पश्चिमी देशों में लोकप्रिय कहानियों में पौराणिक सुपरहीरो उतने प्रचलित नहीं हैं, इसके विपरीत भारत में देवी-देवताओं और दिव्य पात्रों की समृद्ध परंपरा रही है, जो संकट के समय लोगों की रक्षा करने और उन्हें बचाने के लिए आते हैं। पौराणिक कथाओं और लोक-कथाओं के विशाल भंडार के कारण, फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों की दुनिया बनाते समय स्वाभाविक रूप से उन कहानियों और अनुभवों का सहारा लेते हैं, जिन्हें उन्होंने बचपन में आत्मसात किया था।

अयान मुखर्जी ने बताया कि कैसे तकनीकी प्रगति ने विज़ुअल स्टोरीटेलिंग (दृश्य-आधारित कहानी कहने की कला) की संभावनाओं का विस्तार किया है। इससे फिल्म निर्माता अब महत्वाकांक्षी कहानियों और काल्पनिक दुनिया को जीवंत रूप दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय कथाओं में पौराणिक कथाओं का हमेशा से महत्वपूर्ण स्थान रहा है, और अब तकनीक इन पुरानी कहानियों को आज के दर्शकों के सामने पेश करने के नए रास्ते खोल रही है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में फिल्म निर्माण के भविष्य पर, बेसिल जोसेफ ने कहा कि AI मुख्य रूप से पहले से मौजूद कंटेंट को ही दोहराता है, न कि कुछ पूरी तरह से मौलिक बनाता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ऐसे दौर में, जहाँ तकनीक रचनात्मक सामग्री की आसानी से नकल कर सकती है, मौलिकता का महत्व और भी बढ़ जाएगा।

वक्ताओं ने इस बात पर भी चर्चा की कि कैसे OTT प्लेटफॉर्म्स के विस्तार ने भारतीय सिनेमा की पहुंच को बदल दिया है। बेसिल जोसेफ ने बताया कि एक भाषा में बनी फिल्में अब देश के अलग-अलग हिस्सों में पसंद की जा रही हैं, क्योंकि दर्शक उन्हें अपनी भाषा में देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बढ़ती पहुंच ने क्षेत्रीय सिनेमा के लिए भाषाई सीमाओं से परे जाकर दर्शकों से जुड़ने के नए रास्ते खोल दिए हैं।

 

इस बातचीत से भारतीय फिल्मों के बदलते स्वरूप के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। इसमें बताया गया कि कैसे तकनीकी संभावनाएं, रचनात्मक कौशल और हमारी अपनी पौराणिक कथाओं के साथ गहरा जुड़ाव मिलकर ऐसी सिनेमाई दुनिया का निर्माण कर सकते हैं, जो कल्पनाशील होने के साथ-साथ पूरी तरह से भारतीय भी हो।

IFFILOID यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2340574
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026