युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 10वें सप्ताह के दौरान, देश भर में माय भारत-एनएसएस के माध्यम से 73,500 से अधिक लोगों ने भागीदारी की


28,300 से अधिक लोगों ने नशा मुक्त रहने की शपथ ली; 17,699 युवाओं ने 366 खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 8:05PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने 100 सप्ताह तक चलने वाले ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के 10वें सप्ताह के दौरान, ‘माय भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना’ निदेशालय के माध्यम से ब्लॉक-स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया। इसमें 162 संस्थानों ने हिस्सा लिया और कुल 73,529 लोगों ने भागीदारी की। इन गतिविधियों में 366 खेल प्रतियोगिता शामिल थे, जिनमें 17,699 लोगों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा 200 शपथ समारोह हुए, जिनमें 28,360 लोगों ने ‘नशा मुक्त’ रहने का संकल्प लिया। साथ ही, जमीनी स्तर पर 1,006 अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कुल प्रतिभागियों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 49 प्रतिशत रही।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त, 2026 को शुरू किया गया यह अभियान चार मुख्य स्तंभों पर आधारित है: रोकथाम, सुरक्षा, सुधार और नेतृत्व। तीसरे महीने की थीम ‘मजबूत समुदाय, स्वस्थ युवा (ग्राम सेवा एवं संगठन)’ के अंतर्गत 10वें सप्ताह की गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें फिटनेस, टीम वर्क, सामुदायिक भागीदारी और नशीले पदार्थों के सेवन के खतरों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक-स्तरीय खेल मैदान, जिला-स्तरीय स्टेडियम, विश्वविद्यालय एवं कॉलेज परिसर तथा ग्राम पंचायत स्थल शामिल थे, जहां देश भर के 162 संस्थानों ने हिस्सा लिया।

कुल 73,529 प्रतिभागियों में से 73,436 का लैंगिक आधार पर वर्गीकृत विवरण उपलब्ध है, जिनमें 37,471 पुरुष और 35,965 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। 14,275 पुरुष और 14,085 महिलाएं सहित कुल 28,360 लोगों ने 200 शपथ समारोहों के दौरान ‘नशा मुक्त संकल्प’ लिया। इसके अलावा, 17,699 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इन खिलाड़ियों में 9,188 पुरुष और 8,511 महिलाएं थीं। इन खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भागीदारी जहां 48.1 प्रतिशत रही, वहीं शपथ लेने वालों में महिलाओं की हिस्सेदारी 49.7 प्रतिशत थी। चंडीगढ़ के जीएमएसएसएस-46 सहित कई प्रतिभागी इकाइयों ने ‘विशेष जरूरतों वाले बच्चों’ (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए भी विशेष दौड़ का आयोजन किया।

 

क्षेत्रीय भागीदारी के मामले में, भोपाल में सबसे अधिक 10,403 लोगों ने हिस्सा लिया। इसके बाद चेन्नई (9,175), बैंगलोर (8,478), चंडीगढ़ (7,992) और दिल्ली (7,384) का स्थान रहा। अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली, जिनमें हैदराबाद (5,660), गुवाहाटी (5,490), जयपुर (4,681), पुणे (4,027), कोलकाता (3,752), लखनऊ (2,885), त्रिवेंद्रम (2,251) और भुवनेश्वर (1,351) शामिल हैं।

ब्लॉक-स्तरीय खेल आयोजनों के इस समूह में विश्वविद्यालय परिसरों, संबद्ध कॉलेजों, एनएसएस इकाइयों और स्थानीय युवा क्लबों को एक साथ लाया गया। इसमें कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, रस्साकशी, शतरंज, कैरम के साथ-साथ पिट्टू, गिल्ली-डंडा और सतोलिया जैसे पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। सभी केन्द्रों पर महिला खिलाड़ियों के लिए अलग से प्रतियोगिता श्रेणियां रखी गईं।

खेल आयोजनों के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियां भी चलाई गईं। इन गतिविधियों में नुक्कड़ नाटक, रैलियां, वॉकथॉन, क्विज, भाषण प्रतियोगिताएं और पोस्टर व निबंध प्रतियोगिताएं शामिल थीं। 49 कार्यक्रमों के दौरान कुल 181 जागरूकता कियोस्क एवं स्टॉल लगाए गए, जिनमें 4,441 लोगों ने हिस्सा लिया। स्थानीय चिकित्सा अधिकारियों और युवा संगठनों के सहयोग से लगाए गए इन स्टॉलों के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन के खतरों, परामर्श सेवाओं और 'राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन' (14446) के बारे में जानकारी, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री लोगों तक पहुंचाई गई।

 

एनएसएस स्वयंसेवकों ने 142 नुक्कड़ नाटक, संगीत कार्यक्रम और स्लोगन-लेखन सत्र आयोजित किए, जिनमें 9,194 युवाओं और दर्शकों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा नशा-विरोधी रैलियों, नशा-मुक्त युवा वॉकथॉन, भाषण प्रतियोगिताओं, क्विज एवं पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं जैसी 249 अन्य गतिविधियों में 13,835 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

सामुदायिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए, 108 संस्थानों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स एवं आबकारी विभाग, चिकित्सा संस्थानों, विश्वविद्यालयों, पंचायती राज संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों से मुख्य अतिथियों और विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया। इनमें जिला प्रशासक, पुलिस अधीक्षक, चिकित्सा पेशेवर, विश्वविद्यालय के कुलपति, कॉलेज के प्रधानाचार्य, पंचायत सरपंच और 'अल्कोहलिक्स एनोनिमस' एवं सहयोगी एनजीओ से जुड़े ‘रिकवरी एडवोकेट’ शामिल थे।

युवा स्वयंसेवकों ने इस अभियान के संदेश को व्यापक रूप से फैलाने हेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया। उन्होंने #NashaMuktYuva हैशटैग का उपयोग करते हुए 1,137 इंस्टाग्राम रील और 1,278 से अधिक सोशल मीडिया पोस्ट अपलोड किए।

*****

पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस

 


(रिलीज़ आईडी: 2340690) आगंतुक पटल : 15
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Tamil