प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2026 8:00PM by PIB Delhi
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के 100 सप्ताह के अभियान के दसवें सप्ताह में माय भारत(MY Bharat) द्वारा आयोजित 440 कार्यक्रमों के माध्यम से 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 95,147 युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। इन गतिविधियों में 322 क्लस्टर ऑफ ब्लॉक्स स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं और 118 ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत पर परिचर्चा’ (पड़ोस युवा संसद) सत्र शामिल थे, यह जानकारी 22 नवंबर, 2026 की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार है।

21 और 22 नवंबर, 2026 को आयोजित क्लस्टर ऑफ ब्लॉक्स स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कई ब्लॉकों और गांवों के युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं, पारंपरिक खेलों और अन्य खेल गतिविधियों में भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना, जमीनी स्तर के समुदायों को जिला स्तरीय खेल अवसरों से जोड़ना तथा प्रतिभाशाली युवा प्रतिभागियों को पहचान दिलाने के लिए एक मंच प्रदान करना था।

कुल 322 खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें 1,053 गतिविधियों के माध्यम से 81,489 युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। उत्तराखंड, केरल के एर्नाकुलम, अरुणाचल प्रदेश के तिरप और क्रा दादी, जम्मू-कश्मीर के शोपियां और सांबा तथा बिहार के गोपालगंज में उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई।
खेल गतिविधियों के साथ-साथ, 21 नवंबर, 2026 को ब्लॉक स्तर पर ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत पर परिचर्चा’(पड़ोस युवा संसद) सत्रों का आयोजन किया गया। प्रत्येक ब्लॉक में कम-से-कम 80 युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। प्रत्येक युवा संसद में चार सुव्यवस्थित सत्र आयोजित किए गए, जिनमें माय भारत(MY Bharat) पोर्टल का परिचय; नशीले पदार्थों का दुरुपयोग समझना: भारत के युवाओं के समक्ष चुनौतियां; जागरूकता से कार्रवाई तक: नशा मुक्त युवा के लिए उपाय; तथा ‘परिवर्तन की कहानियां: नशा मुक्त भारत की ओर यात्रा’ विषय पर दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति शामिल थी।

118 पड़ोस युवा संसद कार्यक्रमों में 360 गतिविधियों के माध्यम से 13,658 युवाओं की भागीदारी दर्ज की गई। इन सत्रों ने युवाओं को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से उत्पन्न चुनौतियों, इसके निवारक उपायों और नशामुक्त समाज को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान किया।
ब्रह्माकुमारी और हार्टफुलनेस सहित सहयोगी संगठनों ने अभियान की गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया। हार्टफुलनेस ने पुणे में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिताओं सहित खेल आयोजनों में भी अपना सहयोग दिया।

अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर भी सहयोग देखने को मिला। माय भारत(MY Bharat) मेरठ ने शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी की उपस्थिति में पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया। कुपवाड़ा में माय भारत(MY Bharat) ने भारतीय सेना, केरन बाउल और खताना एक्शन क्लब के समन्वय से केरन ब्लॉक के कुंडियां में संयुक्त रूप से एक सत्र का आयोजन किया। अन्य उल्लेखनीय पहलों में झारखंड के झिंकपानी ब्लॉक स्थित चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात के नर्मदा जिले के गरुड़ेश्वर में आयोजित कार्यक्रम शामिल थे।
जमीनी स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं और युवाओं के नेतृत्व में आयोजित सुव्यवस्थित चर्चाओं को एक साथ लाकर, माय भारत(MY Bharat) सामुदायिक भागीदारी को जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों के साथ जोड़ रहा है, इसका उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध अभियान को मजबूती प्रदान करना है।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी