57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

“सिनेमा लोगों को जोड़ने का उत्सव है”: गुजराती फिल्म लालो – कृष्ण सदा सहायते ने इफ्फी 2026 में दर्शकों का दिल जीता

प्रविष्टि तिथि: 24 NOV 2026 8:42PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341014Views: 28

2025 की गुजराती आध्यात्मिक फिल्म ‘लालो – कृष्ण सदा सहायते’, जिसका निर्देशन अंकित भूपतभाई सखिया ने किया है, आज गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के इंडियन पैनोरमा खंड में प्रदर्शित की गई। यह फिल्म एक संघर्षरत रिक्शा चालक की कहानी है, जिसका अतीत परेशानियों से भरा है और जो गरीबी में जीवन बिता रहा है। वह एक दूर-दराज के फार्महाउस में फंस जाता है, जहां भगवान कृष्ण के दर्शन के माध्यम से वह अपने अपराधबोध का सामना करता है और प्रायश्चित की राह तलाशता है। आज इफ्फी में प्रेस से बातचीत के दौरान निर्देशक सखिया ने फिल्म के निर्माण, इसके आध्यात्मिक विषयों और बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता तक के सफर के बारे में बात की।

फिल्म मूल रूप से आस्था और विपरीत परिस्थितियों में भी डटे रहने के भाव को दर्शाती है। भगवान कृष्ण फिल्म के मुख्य पात्र के मौन साथी के रूप में उसकी आत्मचिंतन औरआत्म-सुधार की यात्रा में मार्गदर्शन करते हैं। निर्देशक ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रेम, आस्था और आंतरिक बदलाव जैसे सार्वभौमिक विषयों के माध्यम से दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना था।

शीर्षक के बारे में बताते हुए सखिया ने कहा कि ‘लालो’ भगवान कृष्ण के लिए स्नेह से इस्तेमाल किया जाने वाला नाम है। यह नाम छोटे लड़कों के लिए भी प्यार से इस्तेमाल किया जाता है। फीचर फिल्म निर्देशक के रूप में सखिया की पहली फिल्म, सीमित बजट में बनाई गई। इसमें उनके दोस्तों ने आर्थिक सहयोग दिया और वे खुद भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा बने।

सखिया ने बताया कि फिल्म को धीरे-धीरे लोगों के बीच आपसी चर्चा के जरिए लोकप्रियता मिली और इसने बॉक्स ऑफिस पर कथित तौर पर लगभग 130 करोड़ रुपये का कारोबार किया। उन्होंने फिल्म की पहुंच बढ़ाने में सोशल मीडिया की भूमिका का भी उल्लेख किया। दर्शकों की प्रतिक्रियाओं वाले वीडियो के माध्यम से फिल्म को व्यापक पहचान मिली। उन्होंने अपने गांव में फिल्म की स्क्रीनिंग के विशेष अनुभव को भी साझा किया, जहां उन्हें गांव के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद मिला।

फिल्म की रचनात्मक शैली के बारे में बात करते हुए सखिया ने बताया कि इसके संगीत पर गरबा का प्रभाव है और भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए क्लोज-अप शॉट्स के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। फिल्म के संगीत निर्देशक ने ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए ही फिल्म के संगीत पर काम किया। फिल्म में भव्य दृश्यांकन के बजाय स्वाभाविक अभिनय, संवादों और भावनात्मक गहराई को प्राथमिकता दी गई है। फिल्म को सरल शैली में बनाया गया है और इसकी कहानी को ज्यादातर घटनाओं के क्रम में ही प्रस्तुत किया गया है। इसके बावजूद निर्देशक सखिया का प्रयास था कि फिल्म दर्शकों की रुचि बनाए रखे और उन्हें अंत तक इससे जोड़े रखे। उन्होंने बताया कि कहानी भी स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ती गई और इसी प्रक्रिया में इसका स्वरूप विकसित हुआ।

गुजराती सिनेमा के भविष्य के बारे में बात करते हुए सखिया ने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में ऐसी अनेक कहानियां हैं, जिन्हें दर्शकों तक पहुंचाया जाना बाकी है। उन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर आशा व्यक्त की और इस बात पर जोर दिया कि व्यावसायिक सफलता के साथ-साथ सार्थक कहानियों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस सत्र का संचालन श्री कुलदीप मीणा ने किया।

IFFILOID यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

**********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341014
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026