57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

आईएफएफआई 2026 में  ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण में उभरती फिल्म निर्माण प्रतिभाओं का प्रदर्शन


13 फिल्म निर्माण विधाओं के 100 युवा रचनाकारों ने 48 घंटे की गहन फिल्म निर्माण चुनौती पूरी की

टीम के रूप में जुड़े रहें और मिलकर काम करते रहें, सीएमओटी तो बस शुरुआत है: आईएफएफआई के महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 1:57PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341221Views: 36

कहानी विकसित करने से लेकर उसे पर्दे पर साकार करने तक 100 युवा रचनात्मक पेशेवरों ने 48 घंटे की गहन चुनौती के दौरान अपनी फिल्म निर्माण प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही आज गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) का छठा संस्करण संपन्न हुआ। इस पहल में देशभर से उभरती प्रतिभाओं ने भाग लिया। इसके समापन अवसर पर पांच टीमों द्वारा बनाई गई फिल्मों का प्रदर्शन किया गया और 15 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

समापन समारोह में 57वें आईएफएफआई के महोत्सव निदेशक एवं फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक एवं भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के कुलपति धीरज सिंह तथा निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

ग्रेट ग्रैंड जूरी में आइमी बरुआ, प्रेमराज, मधु अप्सरा, रूमी जाफरी और मेधा खेरडेकर रेड्डी शामिल थे।

सीएमओटी 2026 के विजेता

1. सर्वश्रेष्ठ फिल्म: मोहक गांधी (रेड टीम) द्वारा निर्देशित ‘वन लास्ट स्टॉप’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके लिए 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

2. उपविजेता फिल्म: तमन्ना ठाकुर (ग्रीन टीम) द्वारा निर्देशित ‘अ लिटिल समथिंग’ को उपविजेता फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके लिए 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

3. सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: तमन्ना ठाकुर, ‘अ लिटिल समथिंग’ (ग्रीन टीम)।

4. सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: सिद्धि पारकर, ‘शेल्स’ (ब्लू टीम)।

5. सर्वश्रेष्ठ छायाकार: त्रियाशा मन्ना, ‘वन लास्ट स्टॉप’ (रेड टीम)।

6. सर्वश्रेष्ठ फिल्म संपादक: नयन चोटालिया और मानव अग्रवाल, ‘अ लिटिल समथिंग’ (ग्रीन टीम)।

7. सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक: जितिन एस., ‘शेल्स’ (ब्लू टीम)।

8. सर्वश्रेष्ठ ध्वनि डिजाइन: अश्विन अशोक, ‘टू सनसेट्स एंड जीरो सनराइजेज’ (येलो टीम)।

9. सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक: श्री पार्वती एस., ‘शेल्स’ (ब्लू टीम)।

10. सर्वश्रेष्ठ संगीतकार: अक्षय अनमोल कटोरे, ‘नील मछली’ (बेज टीम)।

11. सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा डिजाइन: सृष्टि वाघ और रुपालिका पॉल, ‘वन लास्ट स्टॉप’ (रेड टीम)।

12. सर्वश्रेष्ठ हेयर एवं मेकअप कलाकार: कशिश जायसवाल, ‘शेल्स’ (ब्लू टीम)।

13. सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन: सृष्टि वाघ और रुपालिका पॉल, ‘वन लास्ट स्टॉप’ (रेड टीम)।

14. सर्वश्रेष्ठ एनिमेशन एवं वीएफएक्स कलाकार: हर्ष सहानी और प्रकाश कुमार मेहता, ‘नील मछली’ (बेज टीम)।

15. सर्वश्रेष्ठ वॉयस ओवर/डबिंग: सुदीक्षा सरकार, ‘अ लिटिल समथिंग’ (ग्रीन टीम)।

 

फिल्म उद्योग से जुड़ने का सेतु

48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती पूरी करने पर प्रतिभागियों को बधाई देते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात ने सीएमओटी को उभरती प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के बीच एक सेतु बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और फिल्म उद्योग के पेशेवरों से जुड़ने का अवसर प्रदान करती है।

इस वर्ष की थीम ‘रूट्स एंड विंग्स: ऑनरिंग आवर रूट्स, एम्ब्रेसिंग आवर फ्यूचर’  का उल्लेख करते हुए उन्होंने सांस्कृतिक विरासत, नवाचार और प्रौद्योगिकी के संगम पर प्रकाश डाला। उन्होंने एवीजीसी-एक्सआर सेक्टर में बढ़ते अवसरों का भी उल्लेख किया, जो रचनात्मक उद्योगों में युवा पेशेवरों के लिए नए रास्ते खोल रहा है।

आईएफएफआई के महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने सभी टीमों को उनके काम के लिए बधाई दी और इस बात पर बल दिया कि फिल्म निर्माण मूल रूप से एक सामूहिक प्रक्रिया है। उन्होंने प्रतिभागियों को याद दिलाया कि कोई भी फिल्म किसी एक व्यक्ति का काम नहीं होती, बल्कि इसमें विभिन्न रचनात्मक विधाओं का योगदान होता है। उन्होंने युवा फिल्म निर्माताओं को चुनौती के दौरान बने आपसी संबंधों को बनाए रखने, एक-दूसरे के संपर्क में रहने, टीम के रूप में काम जारी रखने और इस अनुभव को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सीएमओटी उनकी यात्रा की महज शुरुआत है।

48 घंटे, पांच टीमें, एक रचनात्मक चुनौती

फिल्म निर्माण चुनौती 21 नवंबर को शुरू हुई, जिसमें 100 प्रतिभागियों को 20 सदस्यों वाली पांच टीमों में बांटा गया, जिन्हें लाल, हरा, नीला, पीला और बेज रंगों से पहचाना गया। सामान्य विषय 'रूट्स एंड विंग्स: ऑनरिंग आवर रूट्स, एम्ब्रेसिंग आवर फ्यूचर' के तहत काम करते हुए, प्रत्येक टीम को 48 घंटे के भीतर एक शॉर्ट फिल्म की अवधारणा बनाने, शूट करने और पूरी करने का कार्य सौंपा गया।

इस चुनौती में 13 फिल्म निर्माण विधाओं के प्रतिभागी शामिल थे, जिनमें निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, साउंड डिजाइन, पटकथा लेखन, कला निर्देशन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, संगीत रचना, प्लेबैक गायन, बाल और मेकअप, और कॉस्ट्यूम डिजाइन शामिल थे। गोवा के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग के बाद, टीमें कला अकादमी के समर्पित पोस्ट-प्रोडक्शन हब में चली गईं, जहां उन्होंने समय सीमा पूरी करने के लिए संपादन, साउंड मिक्सिंग और विजुअल फिनिशिंग पर जमकर मेहनत की।

परिणामी फिल्में प्रतिभागियों की थीम की रचनात्मक व्याख्याओं के साथ-साथ विभिन्न विधाओं में सहयोग करने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता को दर्शाती हैं।

उभरती प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों का सृजन

वर्ष 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से सीएमओटी एक ऐसे मंच के रूप में विकसित हुआ है, जो उभरते रचनात्मक पेशेवरों को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जोड़ता है। इसके पूर्व प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण परियोजनाओं में काम किया है और कान्स, बर्लिनेल, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव तथा अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित मंचों और समारोहों में पहचान हासिल की है।

पिछले संस्करण की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के तहत 18 प्रतिभागियों का चयन मुकेश छाबड़ा कास्टिंग कंपनी (एमसीसीसी) द्वारा किया गया था। यह उपलब्धि उभरती प्रतिभाओं को पेशेवर अवसरों से जोड़ने की इस पहल की क्षमता को दर्शाती है।

भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) ने राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के सहयोग से इस फिल्म निर्माण चुनौती की रूपरेखा तैयार की और इसका संचालन किया। पूरी प्रक्रिया के दौरान एफटीआईआई के संकाय सदस्यों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया, जबकि एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) ने राज्यभर के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग की अनुमति दिलाने में सहयोग प्रदान किया।

यहां आईएफएफआईएलओआईडी पढ़ें :

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341221
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026