मंत्रिमण्‍डल
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग के लिए 1,491 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ संपदा प्रबंधन योजना (एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम) को जारी रखने की मंजूरी दी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:32PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 16वें वित्त आयोग की अवधि (वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31) के दौरान संपदा प्रबंधन योजना (एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम) को जारी रखा जाएगा। यह एक केंद्रीय क्षेत्र की योजना है। इस योजना के लिए पांच वर्षों की अवधि में कुल 1,491 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।

प्रमुख रणनीतिक लक्ष्य

इस योजना का उद्देश्य डाक विभाग के भवनों एवं संपदा संबंधी बुनियादी ढांचे का व्यापक रूप से रूपांतरण और आधुनिकीकरण करना है। इसके अंतर्गत डाकघरों एवं आवासीय कॉलोनियों का निर्माण, पुनर्निर्माण, नवीनीकरण तथा एकसमान ब्रांड पहचान विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, भारत की विरासत से जुड़े ऐतिहासिक डाक भवनों का संरक्षण भी किया जाएगा। आधुनिकीकरण की यह रणनीति डाक सेवाओं की फर्स्ट-माइल डिलीवरी को मजबूत करने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और देशभर में नागरिक-केंद्रित सेवाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाने में सहायक होगी। यह पहल डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है।

1.65 लाख डाकघरों  (जिनमें से 1,49,385 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं) के साथ दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्कों में से एक, भारतीय डाक देश में डाक सेवाओं, बैंकिंग (पीओएसबी / आईपीपीबी), बीमा (पीएलआई), आधार सेवाओं, डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों तथा डाकघर निर्यात केंद्रों (डीएनके) के माध्यम से ग्रामीण कारीगरों को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यान्वयन की समय-सीमा

इस योजना को पांच वर्षों की अवधि में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसका कार्यान्वयन वित्त वर्ष 2026-27 से शुरू होकर वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रहेगा।

स्वीकृत योजना के प्रमुख प्रावधान

  • नया निर्माण (280 करोड़ रुपये): विभाग की खाली पड़ी भूमि पर 190 विभागीय डाक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इससे वर्तमान में किराये के भवनों में संचालित डाकघरों को अपने भवनों में स्थानांतरित किया जा सकेगा और किराये पर होने वाले खर्च को समाप्त किया जा सकेगा।
  • पुनर्निर्माण (108 करोड़ रुपये): जर्जर हो चुके 50 विभागीय डाक भवनों को ध्वस्त कर उनका नए सिरे से निर्माण किया जाएगा, ताकि भवनों की दीर्घकालिक संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
  • नवीनीकरण एवं ब्रांड पहचान (318 करोड़ रुपये): एसपीए दिशानिर्देशों के अनुरूप 2,550 विभागीय उप-डाकघरों को अपग्रेड किया जाएगा तथा उनमें एकसमान ब्रांड पहचान स्थापित की जाएगी।
  • किराये के डाकघरों का अपग्रेडेशन (37.50 करोड़ रुपये): किराये के भवनों में संचालित 2,500 डाकघरों का आधुनिकीकरण किया जाएगा तथा उनमें एकसमान ब्रांड पहचान स्थापित की जाएगी।
  • विरासत भवनों का संरक्षण (180 करोड़ रुपये): विभाग की ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 20 प्रमुख ऐतिहासिक डाक भवनों का जीर्णोद्धार एवं संरक्षण किया जाएगा।
  • आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण (357.50 करोड़ रुपये): कर्मचारियों के कल्याण और संतुष्टि के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अधिक मांग वाली 150 डाक विभागीय आवासीय कॉलोनियों का व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा।
  • सहायक एवं समावेशी गतिविधियां (100 करोड़ रुपये): सुगम्य भारत अभियान के तहत भवनों में सतत विकास से जुड़ी सुविधाएं जैसे सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, सभी के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने हेतु रैंप और ब्रेल संकेतक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महिला शौचालय और शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए फीडिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजी सेंटर  (100 करोड़ रुपये): एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (एपीटी) सेवाओं को बढ़ावा देने तथा स्वदेशी ओपन-सोर्स टेक स्टैक को सहयोग प्रदान करने के लिए बेंगलुरु में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (सीईपीटी) हेतु स्थायी भवन एवं परिसर की स्थापना की जाएगी।

**********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2341251) आगंतुक पटल : 36
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Kannada , Malayalam , English , Assamese , Gujarati