57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

बाप्या स्वीकार्यता, समझ और संबंधों की पड़ताल करती है: निर्देशक समीर तिवारी


कला समाज का दर्पण है और सामाजिक प्रगति की सही दिशा दिखाती है: अभिनेता गिरीश कुलकर्णी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 2:45PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341309Views: 31

तटीय महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित मराठी हास्‍य आधारित फिल्‍म बाप्या व्यक्तिगत रुचि और बदलती सामाजिक धारणाओं की एक अंतरंग कहानी द्वारा लैंगिक पहचान, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक स्वीकार्यता की पड़ताल करती है। यह फिल्म 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-इफ्फी में यह फिल्‍म भारतीय पैनोरमा के मुख्यधारा सिनेमा खंड में प्रदर्शित की गई है। बाप्या के निर्देशक सह निर्माता समीर तिवारी और अभिनेता गिरीश कुलकर्णी ने महोत्सव के दौरान अलग से पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्‍मेलन में मीडिया से बातचीत की।

समीर तिवारी ने अपनी आरंभिक टिप्पणी में कहा कि इस फिल्म का उद्देश्य समाज को उपदेश देना या पाठ पढ़ाना नहीं है, बल्कि यह केवल स्वीकार्यता, समझ और संबंधों की कहानी कहती है। उन्होंने कहा कि यह बस किसी ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो वास्तव में वह बनना चाहता है, जो वह है और उसके आसपास के लोग उसे उसी रूप में स्वीकार करते हैं।

फिल्म को मराठी में बनाने के अपने फैसले के बारे में तिवारी ने कहा कि वे किसी अभिनेता के इर्द-गिर्द बुनी फिल्म के बजाय एक वास्तविक पटकथा पर आधारित एक ईमानदार फिल्म बनाना चाहते थे।

निर्माण के दौरान आई चुनौति‍यों के बारे में तिवारी ने कहा कि इस परियोजना के लिए वित्तीय लागत जुटाना कठिन था, क्योंकि निवेशक पटकथा सराह तो रहे थे पर इसका विषय जोखिम भरा मान रहे थे। मुख्य किरदार बाप्या की कास्टिंग भी एक और बड़ी चुनौती थी, क्योंकि कई अभिनेत्रियां ऐसे किरदार निभाने में हिचकिचा रही थीं जिसकी लैंगिक पहचान उनकी अपनी पहचान से अलग थी। इस भूमिका को चुनौतीपूर्ण समझते हुए निडरता से स्वीकार करने का श्रेय उन्‍होंने अभिनेत्री राजश्री देशपांडे को दिया।

बदलती लैंगिक धारणाओं की चर्चा करते हुए तिवारी ने कहा कि समाज धीरे-धीरे पुरुषों और महिलाओं के बीच के पारंपरिक भेदों को मिटाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहनावे, व्यवहार और पहचान में निजी रूचि पर किसी तरह की आलोचना या भेदभाव नहीं होना चाहिए। कठोर सामाजिक धारणाओं से ऊपर उठने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्‍होंने कहा कि हर पुरुष के भीतर एक स्त्री और हर स्त्री के भीतर एक पुरुष होता है। कोई समाज जितनी तेजी से प्रगति करता है, लैंगिक असमानता की रेखाएं उतनी ही धुंधली होती जाती हैं।

अभिनेता गिरीश कुलकर्णी ने प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक और पूर्वाग्रह रहित व्यवहार किए जाने के महत्व का उल्‍लेख किया। उन्होंने एक प्राकृतिक उदाहरण देते हुए कहा कि लोग पेड़ों और पौधों की विविधता को उनके रूपों के आकलन के बिना स्वीकार करते हैं और यही भावना मानवीय रिश्तों के लिए भी होनी चाहिए। कुलकर्णी ने कहा कि कला समाज को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सिनेमा और कला के अन्य प्रारूप समकालीन वास्तविकताओं के दर्पण होने के साथ ही सामाजिक प्रगति के मार्गदर्शक भी होते हैं। उन्होंने कहा कि बाप्या सांस्कृतिक जड़ों को छोड़े बिना बदलते समय के आलोक में परंपराओं को फिर से व्‍या‍ख्यायित करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि हम अपनी परंपरा को भूल नहीं रहे बल्कि इसकी नए तरीके से व्याख्या कर इसे आगे बढ़ा रहे हैं और अपनी जड़ों को मजबूत करते हुए हम भविष्‍योन्मुखी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कुलकर्णी ने कहा कि फिर उसी प्रक्रिया से हमें यह असीम प्रेम प्राप्त होता है।

कुलकर्णी ने स्वीकार्यता और प्रेम को फिल्म की मूल भावना बताते हुए कहा कि भाषा, पहनावे और पहचान में भिन्नता भारत की विविधता में एकता की विशिष्ट शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने भारत की दार्शनिक परंपराओं की चर्चा करते हुए कहा कि स्वीकार्यता और बिना किसी पूर्वाग्रह के वर्तमान को देखने की क्षमता भारतीय विचारधारा में गहराई से निहित है। उन्होंने कहा कि उन्‍होंने व्यक्तिगत रूप से अपने भीतर इस यात्रा का अनुभव किया है और इसी तरह इसे पर्दे पर उतारने में सक्षम हुए।

सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान के मंच के रूप में इफ्फी के महत्व का उल्‍लेख करते हुए कुलकर्णी ने कहा कि यह महोत्सव भारत और विदेशों के फिल्मकारों और दर्शकों को साथ जोड़ता है, जिससे विविध सिनेमाई दृष्टिकोणों से रूबरू होने और सार्थक चर्चाओं में शामिल होने के विपुल अवसर पैदा होते हैं।

संवाददाता सम्‍मेलन का संचालन श्रीमती सुप्रिया घायतडक ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें:


इफ्फीलॉइड यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026〈=1®=48

***


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341309
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026