मंत्रिमण्‍डल
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण (सीआईई) विनिर्माण इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी


इस योजना का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत अभियान को समर्थन देते हुए देश में निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण इकोसिस्टम को प्रोत्साहित करना है

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:23PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण (सीआईई) विनिर्माण इकोसिस्टम को बढ़ावा देने की योजना को 11,000 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ मंजूरी दी है। भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) द्वारा लागू की जाने वाली इस योजना का उद्देश्य निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों तथा उनके कंपोनेंट के घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन देना और देश में समर्पित सीआईई परीक्षण सुविधा केंद्र स्थापित करना है। इससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक सीआईई बाजार में भारत की प्रमुख भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

वर्तमान में भारत का सीआईई उद्योग चीन और अमेरिका के बाद विश्व का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार आकार लगभग 97,500 करोड़ रुपये था। बुनियादी ढांचे (सड़क और बंदरगाह) तथा आवास क्षेत्र में तेज विकास के चलते इस उद्योग के दोगुने से अधिक बढ़ने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2029-30 तक इसका बाजार आकार लगभग 2,28,100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।

निर्माण एवं अवसंरचना सेक्टर में तेजी से हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए इस योजना का उद्देश्य शिप-टू-शोर क्रेन, टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर, ऑफ-हाईवे ट्रक आदि जैसे उन्नत प्रौद्योगिकी वाले उपकरणों के विनिर्माण को प्रोत्साहित करना है। इस योजना में देश में अत्याधुनिक समर्पित सीआईई परीक्षण सुविधा केंद्र स्थापित करने का भी प्रावधान है।

वित्त वर्ष 2026-27 से शुरू होकर आठ वर्षों की अवधि वाली इस योजना में निम्नलिखित प्रावधान शामिल हैं: विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए दो वर्ष की उत्पादन पूर्व अवधि (वित्त वर्ष 2026-27 से 2027-28), इसके बाद पांच वर्ष की प्रोत्साहन संवितरण अवधि (वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33) और वित्त वर्ष 2032-33 में हुई वृद्धिशील बिक्री के आधार पर प्रोत्साहन राशि के निपटान के लिए अंतिम वर्ष (वित्त वर्ष 2033-34) में किया जाएगा।

इस योजना के दो घटक हैं:

1. बिक्री से जुड़ा प्रोत्साहन: इस घटक के तहत दो श्रेणियों पात्र ओईएम और कंपोनेंट विनिर्माताओं के अंतर्गत स्वीकृत आवेदकों को पात्र सीआईई उपकरणों तथा उनके कंपोनेंट  की वृद्धिशील बिक्री के मूल्य पर प्रोत्साहन दिया जाएगा। पांच वर्षों की अवधि में वृद्धिशील बिक्री मूल्य पर 13 प्रतिशत से 8 प्रतिशत तक की श्रेणीबद्ध दरों से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

2. सीआईई परीक्षण सुविधा केंद्र के लिए अनुदान: समर्पित सीआईई परीक्षण सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण के रूप में 375 करोड़ रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

भारत सरकार की यह पहल देश में निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने और वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सीआईई के विनिर्माण में स्वदेशी क्षमताओं को बढ़ावा देकर यह योजना आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा सुनिश्चित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत को प्रोत्साहित करने में मदद करेगी। यह पहल विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर, वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ औद्योगिक आधार तैयार करने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2341332) आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Bengali-TR , Assamese , Punjabi , Gujarati , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam