पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन एवं हस्तांतरण के आधार पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल विकसित करने को मंजूरी दी

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:37PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी में डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण के आधार पर कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास की प्रस्तावित परियोजना को स्‍वीकृति दे दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत माल और सेवा कर सहित 4,288.26 करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा, जिसकी डिजाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी और जिसकी वार्षिक माल ढुलाई क्षमता 20 लाख ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट होगी। यह परियोजना दो चरणों में लागू की जाएगी।

व्यय:

सार्वजनिक-निजी भागीदारी वाली अनुमानित परियोजना का परिव्‍यय माल और सेवा कर सहित 4,288.26 करोड़ रुपये है, जिसमें पहले चरण के लिए 2,429.32 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 1,858.94 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस निवेश की व्यवस्था बड़े बुनियादी के ढांचा डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण मॉडल के तहत चयनित रियायत पाने वाले (कंसेसियनार) द्वारा की जाएगी। परियोजना प्रस्ताव में अलग से 450 करोड़ रुपये की अनुमानित ड्रेजिंग लागत है (गाद निकालना या जल के नीचे की खुदाई करना) जिसका वहन कामराजार पोर्ट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

विवरण:

(i) इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबे दूसरे कंटेनर टर्मिनल का विकास किया जाएगा, जिसकी बर्थ की चौड़ाई 30 मीटर और वार्षिक कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 लाख ट्वेंटी-फुट समान यूनिट होगी। इस टर्मिनल का विकास दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण की क्षमता 11 लाख ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट और दूसरे चरण की क्षमता 9 लाख ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट होगी।

(ii) इस टर्मिनल को बड़े कंटेनर जहाजों के संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 24,346 टीईयू तक की क्षमता और 400 मीटर की कुल लंबाई वाले जहाजों को संभालने की सुविधा होगी। इसकी डिजाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी। इससे कामराजार पोर्ट लिमि‍टेड की बड़े मुख्य समुद्री मार्गों पर चलने वाले जहाजों को संभालने की क्षमता मजबूत होगी और अंतर्राष्ट्रीय पोत परिवहन मार्गों के साथ संपर्क बेहतर होगा।

(iii) इस परियोजना का उद्देश्य चेन्नई–एन्नोर औद्योगिक एवं आर्थिक क्षेत्र तथा व्यापक दक्षिणी अंतर्देशीय क्षेत्र से कंटेनरीकृत निर्यात-आयात माल की बढ़ती मांग पूरी करना है। प्रमुख माल में ऑटोमोबाइल और वाहन उपकरण, इंजीनियरिंग उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसायन तथा अन्य विनिर्मित उत्पाद शामिल हैं।

(iv) कामराजार पोर्ट लिमि‍टेड ने वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान 49.08 मिलियन टन माल और 1,008 जहाजों का संचालन किया, जिसमें 7 लाख से अधिक टीईयू का कंटेनर यातायात शामिल था। मौजूदा कंटेनर टर्मिनल की स्थापित क्षमता 0.8 मिलियन टीईयू प्रति वर्ष है, जिससे वित्त वर्ष 2025–26 में लगभग 0.7 मिलियन टीईयू का संचालन हुआ, जो इसके लगभग 88 प्रतिशत क्षमता उपयोग को दर्शाता है।

(v) भारत में पिछले पांच वर्षों के दौरान कंटेनर यातायात में लगभग 7 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की गई है, जबकि इसी अवधि में कामराजार पोर्ट लिमि‍टेड के कंटेनर यातायात में लगभग 9.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। व्यवहार्यता अध्ययन में दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कंटेनर यातायात में निरंतर बढोत्तरी का अनुमान है। यह कामराजार पोर्ट लिमि‍टेड की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता को सही ठहराता है।

(vi) इस परियोजना को डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण-डीबीएफओटी आधार पर 40 वर्षों की रियायती अवधि के लिए कार्यान्वित किया जाएगा, जिसमें 48 महीने की निर्माण अवधि शामिल है। पहले चरण को रियायत प्रदान किए जाने की तिथि से 24 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है तथा 25वें महीने में वाणिज्यिक परिचालन शुरू होगा। दूसरे चरण का निर्माण 25वें से 48वें महीने के बीच किया जाएगा और 49वें महीने में पूर्ण वाणिज्यिक परिचालन आरंभ होगा।

(vii) परियोजना की अनुमानित लागत माल और सेवा कर सहित 4,288.26 करोड़ रुपये है, जिसमें पहले चरण के लिए 2,429.32 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 1,858.94 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस लागत का वित्तपोषण डीबीएफओटी व्यवस्था के तहत चयनित रियायत पाने वाले द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, परियोजना प्रस्ताव के अनुसार, ड्रेजिंग के लिए कामराजार पोर्ट लिमिटेड द्वारा अनुमानित 450 करोड़ रुपये व्‍यय किए जाएंगे।

(viii) परियोजना को पारदर्शी और खुली वैश्विक निविदा प्रक्रिया द्वारा लागू करना प्रस्तावित है। रियायतग्राही आवश्यक वित्तपोषण की व्यवस्था करेगा और रियायत समझौते तथा लागू टैरिफ ढांचे के प्रावधानों के अनुसार उपयोगकर्ता शुल्क के माध्यम से अपने निवेश की वसूली करेगा।

(ix) यह परियोजना समुद्री भारत विजन 2030 और समुद्री अमृत काल विजन 2047 के अनुरूप है। इससे भारत के पूर्वी तट पर कंटेनर प्रवेश द्वार के रूप में कामराजार पोर्ट लिमिटेड की स्थिति सुदृढ़ होने, समुद्री प्रचालन तंत्र दक्षता में सुधार होने और निर्यात-आयात व्यापार वृद्धि में मदद मिलने की संभावना है।

कार्यान्वयन रणनीति एवं लक्ष्य:

इस परियोजना को डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण प्रारूप के तहत चयनित रियायतग्राही द्वारा लागू किया जाएगा।

पहले चरण की क्षमता 11 लाख टीईयू होगी, जिसे रियायत प्रदान किए जाने की तिथि से 24 महीनों के भीतर पूरा किया जाना है तथा 25वें महीने में इसका वाणिज्यिक संचालन शुरू होगा।

दूसरे चरण की क्षमता 9 लाख टीईयू होगी, जिसे 48वें महीने तक पूरा किया जाना है तथा 49वें महीने में पूर्ण वाणिज्यिक संचालन शुरू होगा। परियोजना प्रस्ताव में निविदा जमा करने की अंतिम तिथि से पहले समयबद्ध तरीके से पर्यावरण संबंधी और अन्य आवश्यक स्‍वीकृति प्राप्त करने का भी प्रावधान है।

प्रमुख प्रभाव:

(i) प्रति वर्ष 20 लाख टीईयू की अतिरिक्त क्षमता से कामराजार पोर्ट लिमिटेड की बढ़ते कंटेनर यातायात को संभालने की क्षमता मजबूत होगी तथा तमिलनाडु के औद्योगिक समूहों और आसपास के अंतर्देशीय क्षेत्रों से निर्यात-आयात माल के लिए अतिरिक्त प्रवेश द्वार मिलेगा।

(ii) टर्मिनल की 18 मीटर की डिजाइन ड्राफ्ट गहराई और बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की क्षमता से अंतरराष्ट्रीय संपर्क में सुधार होने, मुख्य समुद्री मार्गों पर चलने वाले वाण‍िज्यिक जहाजों की सीधी आवाजाही संभव होने तथा विदेशी गहरे समुद्री बंदरगाहों और उनसे जुड़ी फीडर जहाजों की लागत पर निर्भरता में कमी आने की संभावना है।

(iii) इस परियोजना से समुद्री प्रचालन तंत्र दक्षता बढ़ने, व्यापार एवं विनिर्माण क्षेत्र को समर्थन, बंदरगाह की राजस्व क्षमता में वृद्धि और भारत की समुद्री प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

(iv) इस परियोजना के निर्माण के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर लगभग 750 व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजित होने तथा संचालन चरण के दौरान लगभग 800 अतिरिक्त व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना है।

(v) यह परियोजना घरेलू बंदरगाह क्षमता बढ़ाएगी और तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना तथा आसपास के अंतर्देशीय क्षेत्रों के उद्योगों एवं मूल उपकरण निर्माताओं को बेहतर लॉजिस्टिक्स सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्यों का समर्थन करेगी।

(vi) भारत सरकार पर इसका कोई वित्तीय भार नहीं पड़ेगा, क्योंकि सार्वजनिक-निजी भागीदारी घटक के तहत आवश्यक निवेश की व्यवस्था चयनित रियायतग्राही द्वारा की जाएगी।

पृष्ठभूमि:

(i) पहले एन्नोर पोर्ट लिमिटेड के नाम से जाना जाने वाला कामराजार पोर्ट लिमिटेड, भारत के 12 प्रमुख बंदरगाहों में से एक है। यह बंदरगाह पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत चेन्नई पोर्ट प्राधिकरण के पूर्ण स्वामित्व में संचालित है।

तमिलनाडु के पूर्वी तट पर चेन्नई के औद्योगिक एवं आर्थिक क्षेत्र के निकट स्थित यह बंदरगाह कोयला, पेट्रोलियम, तेल एवं स्नेहक (ग्रीस, इंजन ऑयल, गियर ऑयल इत्‍यादि), एलएनजी, एलपीजी, कंटेनर, ऑटोमोबाइल और सामान्य माल सहित विभिन्न प्रकार के सामानों की ढुलाई संचालित करता है।

(ii) वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान कामराजार पोर्ट लि‍मिटेड ने लगभग 1,280 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जन और 924 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया।

पिछले पांच वर्षों में इस बंदरगाह ने माल ढुलाई में 13.64 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की है, जो अंतर्देशीय क्षेत्र में इसकी आर्थिक गतिविधियां और व्यापार विस्तार दर्शाती है।

(iii) चेन्नई–एन्नोर क्षेत्र भारत का एक प्रमुख औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र है।

व्यापार और कंटेनरीकरण के विस्तार से तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्र प्रदेश और व्यापक दक्षिणी अंतर्देशीय क्षेत्रों से निर्यात-आयात माल की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त कंटेनर ढुलाई क्षमता और बड़े जहाजों के संचालन की उन्‍नत सुविधाओं की आवश्यकता है।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2341387) आगंतुक पटल : 16
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Tamil