विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत की जैव-अर्थव्यवस्था वर्ष 2030 तक 300 अरब डॉलर तक पहुंचने की ओर अग्रसर; डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्योग जगत से जैव प्रौद्योगिकी की अगली क्रांति के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया


वर्ष 2014 में जैव प्रौद्योगिकी स्टार्टअप की संख्या 50-60 से बढ़कर लगभग 11,000 हुई; जैव-अर्थव्यवस्था 10 अरब डॉलर से बढ़कर 195 अरब डॉलर हुई: डॉ. जितेंद्र सिंह

डॉ. जितेंद्र सिंह ने सीआईआई ग्लोबल जीनोमिक्स शिखर सम्‍मेलन 2026 में कहा: जीनोमिक्स और मल्टी-ओमिक्स स्वास्थ्य सेवा, कृषि और आर्थिक विकास के लिए उभरती हुई रणनीतिक प्रौद्योगिकियां हैं

भारत की आनुवंशिक विविधता वैश्विक अनुसंधान और विकास के लिए महत्वपूर्ण संपदा: डॉ. जितेंद्र सिंह

वैज्ञानिक खोजों को आर्थिक अवसरों में बदलने के लिए उद्योग जगत की भागीदारी, निजी निवेश और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) साझेदारियां महत्वपूर्ण: डॉ. जितेंद्र सिंह

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:28PM by PIB Delhi

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि भारत की जैव-अर्थव्यवस्था वर्ष 2030 तक 300 अरब डॉलर तक पहुंचने की ओर अग्रसर है और जैव प्रौद्योगिकी अगली औद्योगिक क्रांति को गति देने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि भारत में जैव प्रौद्योगिकी स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2014 में मात्र 50-60 थी, जो वर्तमान में बढ़कर 11,000 से अधिक हो गई है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्योग जगत के प्रमुखों, स्टार्टअप और निवेशकों से अधिक निवेश तथा भागीदारी के माध्यम से जीनोमिक्स, मल्टी-ओमिक्स और उन्नत जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उभरते अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) की पिछली औद्योगिक क्रांति में परिवर्तनकारी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि जैव प्रौद्योगिकी अब एक रणनीतिक प्रौद्योगिकी मंच के रूप में उभर रही है, जो स्वास्थ्य सेवा, कृषि और वैश्विक आर्थिक प्रतिस्पर्धा के भविष्य को आकार देगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों को तेजी से बदलते प्रौद्योगिकी परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को ढालना होगा, क्योंकि नई प्रौद्योगिकियों को नहीं अपनाने वाले उद्यम समय के साथ अपनी प्रासंगिकता खो सकते हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में ‘जीनोमिक्स और मल्टी-ओमिक्स के माध्यम से अगली जैव-अर्थव्यवस्था को गति देना’ विषय पर आयोजित सीआईआई ग्लोबल जीनोमिक्स शिखर सम्‍मेलन 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि यह शिखर सम्मेलन विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रही प्रगति को उद्योग जगत की भागीदारी के साथ जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक खोजों को स्वास्थ्य सेवा संबंधी समाधानों, आर्थिक अवसरों और समग्र राष्ट्रीय विकास में बदलना है। उन्होंने भारत के जैव प्रौद्योगिकी इकोसिस्‍टम को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की सराहना की।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि डीएनए अनुक्रमण, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी, एआई और मेटाबोलोमिक्स, ट्रांसक्रिप्टोमिक्स तथा प्रोटीओमिक्स सहित विभिन्न ओमिक्स प्रौद्योगिकियों का समन्वय जटिल बीमारियों को समझने के तरीके में बदलाव लाएगा और अधिक व्यक्तिगत एवं रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को संभव बनाएगा। एक ही बीमारी से पीड़ित अलग-अलग व्यक्तियों के लिए उपचार के तरीके भी अलग-अलग हो सकते हैं। ऐसे में भविष्य की चिकित्सा पद्धति में जीनोमिक्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जाएगी। उन्होंने कहा कि ये प्रौद्योगिकियां अब केवल अनुसंधान प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों, कारोबार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति बनाए रखने के इच्छुक देशों के लिए भी अनिवार्य होती जा रही हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीनोमिक अनुसंधान के क्षेत्र में भारत की विशिष्ट पहचान पर बल देते हुए कहा कि देश की असाधारण आनुवंशिक विविधता अनुसंधान एवं विकास के लिए एक बड़ी वैश्विक संपदा साबित हो सकती है। भारत के विभिन्न समुदायों और बीमारियों की व्यापक विविधता से जीनोमिक आंकड़े तैयार करने तथा विश्‍व भर की आबादी के लिए उपयोगी समाधान विकसित करने के उद्देश्य से एक व्यापक ज्ञान आधार उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि जीनोमिक अनुसंधान में अधिक निवेश से न केवल भारत की वैज्ञानिक क्षमताएं मजबूत होंगी, बल्कि उद्योग और वाणिज्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण अवसर सृजित होंगे।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीनोम इंडिया परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 80 विभिन्न जनसंख्या समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले 10,000 व्यक्तियों का संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण पहले ही किया जा चुका है, जिससे भविष्य के अनुसंधान के लिए एक महत्वपूर्ण आधार तैयार हुआ है। उन्होंने उद्योग जगत के हितधारकों को सरकारी पहलों के साथ साझेदारी करने और इस वैज्ञानिक संसाधन को व्यावहारिक उपयोगों में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य सेवा के अतिरिक्‍त कृषि और पशुधन के क्षेत्र में भी जैव प्रौद्योगिकी से मिलने वाले व्यापक अवसरों का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि जीनोमिक्स और उन्नत जैव प्रौद्योगिकी से फसल उत्पादकता, पोषण गुणवत्ता तथा कीटों और बीमारियों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। साथ ही, इससे जलवायु अनुकूल कृषि को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। पशुधन के क्षेत्र में जीनोमिक अनुप्रयोगों से प्रजनन संबंधी पद्धतियों में सुधार और रोगों की निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन प्रौद्योगिकियों के व्यापक उपयोग से विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने और नवाचार आधारित टिकाऊ उद्यम स्थापित करने के लिए व्‍यापार जगत को अनेक अवसर मिलते हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत के तेजी से आगे बढ़ रहे जैव प्रौद्योगिकी इकोसिस्‍टम का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने जैव प्रौद्योगिकी आधारित विकास को गति देने के लिए ‘बायोई3 नीति’ (अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और रोजगार के लिए जैव प्रौद्योगिकी) शुरू की है। बायो-फाउंड्री और अन्य सहायक बुनियादी ढांचों की स्थापना का उद्देश्य अनुसंधान, स्टार्टअप और उद्योग जगत को वैज्ञानिक खोजों को व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य उत्पादों में बदलने में सहायता प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि भारत का जैव प्रौद्योगिकी स्टार्टअप इकोसिस्‍टम वर्ष 2014 के मात्र 50-60 स्टार्टअप से बढ़कर आज 11,000 से अधिक हो गया है, जबकि देश की जैव-अर्थव्यवस्था लगभग 10 अरब डॉलर से बढ़कर करीब 195 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। भारत वर्ष 2030 तक इसे 300 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ जैव प्रौद्योगिकी आधारित आर्थिक विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहा है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक विश्वसनीयता का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड-19 के लिए देश में विकसित डीएनए टीके की आपूर्ति 30 देशों को की गई थी और भारतीय जैव प्रौद्योगिकी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अधिक स्वीकार्यता मिल रही है। उन्होंने एचपीवी टीकों के विकास, हीमोफीलिया के उपचार पर अनुसंधान और टाटा मेमोरियल सेंटर में कैंसर के उपचार के लिए किफायती सीएआर-टी सेल थेरेपी के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने इन्हें उन्नत स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं के उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि भारत ऐसे चरण में पहुंच गया है, जहां उसके जैव प्रौद्योगिकी नवाचारों के लिए वैश्विक बाजारों में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। जिनमें उद्योग जगत की भागीदारी भी बढ़ सकती है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने निजी क्षेत्र से अनुसंधान और विकास में निवेश बढ़ाने और सरकारी संस्थानों, अनुसंधान संगठनों तथा स्टार्टअप के साथ मजबूत साझेदारियां स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने उच्च प्रभाव वाली प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी को गति देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की अनुसंधान, विकास एवं नवाचार (आरडीआई) योजना को एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने उद्योग जगत के प्रमुखों से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के माध्यम से कैंसर, मधुमेह और स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य प्रमुख चुनौतियों के क्षेत्रों में वैज्ञानिक अनुसंधान को सहयोग देने का भी आग्रह किया। उन्होंने अनुसंधान के लिए वित्तपोषण को समाज के कल्याण में योगदान बताते हुए कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान में निवेश से मिलने वाले लाभ किसी एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज के व्यापक हित में होते हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान कहा कि जीनोमिक्स के क्षेत्र में भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए नई सोच और दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों और नए व्यावसायिक अवसरों के प्रति अधिक खुला दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी उत्पादों और उन्नत उपचार पद्धतियों से संबंधित नियामक प्रक्रियाओं संबंधी चिंताओं पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सरकार प्रक्रियाओं को सरल बनाने और नियामक आवश्यकताओं में दोहराव से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के परामर्श से काम कर रही है। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से अपनी विशिष्ट चुनौतियों और व्यावहारिक सुझावों को साझा करने का आग्रह किया, ताकि बेहतर संस्थागत समन्वय के माध्यम से इन पर विचार किया जा सके।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने सीआईआई से सरकार और उद्योग जगत के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि भारत के जैव प्रौद्योगिकी इकोसिस्‍टम में निवेश, अनुसंधान साझेदारियों और व्यापक भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति की सफलता का आकलन अंततः केवल अनुक्रमित किए गए जीनोम या प्रकाशित शोध पत्रों की संख्या से नहीं, बल्कि इससे लोगों के जीवन में आए सुधार, विकसित किए जाने वाले उत्पादों और सृजित होने वाले आर्थिक अवसरों से किया जाएगा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में देश की वैज्ञानिक क्षमता का उपयोग करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

* * *

पीके/केसी/आरटी/जेके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2341396) आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu