सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय राजमार्ग के खंडों को यातायात के लिए खोलने से पहले एनएचएआई घटना प्रबंधन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा


नए दिशानिर्देशों के तहत एम्बुलेंस, गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 5:28PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय राजमार्गों पर आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यातायात के लिए किसी राजमार्ग खंड को खोलने से पहले वहां घटना प्रबंधन सेवाओं (आईएमएस) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा दुर्घटनाओं, वाहनों के खराब होने और अन्य आपात स्थितियों के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के उपयोगकर्ताओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।

घटना प्रबंधन सेवाओं में राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस, मार्ग गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेनों की उपलब्धता शामिल है। इन सेवाओं को मौके पर तैनात टीमों को एनएचएआई की 1033 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन से जोड़कर तथा स्थानीय पुलिस, अग्निशमन सेवाओं और अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित करके प्रभावी बनाया जाता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर घटना प्रबंधन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना

इन दिशानिर्देशों में राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न श्रेणियों के खंडों पर इन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएँ निर्धारित की गई हैं। चालू राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों पर दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों और संबंधित खंड की आवश्यकता के आधार पर एम्बुलेंस को उपयोगकर्ता शुल्क प्लाजा या अन्य उपयुक्त स्थानों पर तैनात किया जाता है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा एनएचएआई को सौंपे गए राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए, एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालयों को प्रदत्त शक्तियों के अनुरूप एक केंद्रीकृत एजेंसी के माध्यम से एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी। मार्ग गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेनों की व्यवस्था अलग-अलग निविदाओं के माध्यम से अथवा राजमार्गों के रखरखाव और सुदृढ़ीकरण कार्यों के हिस्से के रूप में की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग के ऐसे खंडों पर, जो एनएचएआई को नहीं सौंपे गए हैं, लेकिन जिन पर एनएचएआई द्वारा टोल वसूला जाता है, वहां आईएमएस की तैनाती सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। इसके तहत, मंत्रालय के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय/एनएचआईडीसीएल के समन्वय से एनएचएआई की केंद्रीकृत एजेंसी के माध्यम से एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी, जबकि ऐसे खंडों पर मार्ग गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेनों की व्यवस्था संबंधित प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।

इस पहल के माध्यम से एनएचएआई का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों के उपयोगकर्ताओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना तथा देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर समग्र सुरक्षा को बढ़ाना है।

***

पीके/केसी/आरटी/जीके


(रिलीज़ आईडी: 2341452) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu