प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 3:59PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी) ने वैश्विक और घरेलू प्रदर्शकों की बढ़ती मांग को देखते हुए ‘एयरो इंडिया 2027’ के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार का काम बड़े स्तर पर शुरू कर दिया है। एशिया की सबसे बड़े विमानन प्रदर्शनियों में से एक और दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल ‘एयरो इंडिया’ का 16वां संस्करण 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के वायु सेना स्टेशन, येलाहांका में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के लिए प्रदर्शनी स्थल की मांग उपलब्ध क्षमता से लगभग 12 हजार वर्ग मीटर अधिक है। यह भारत के एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र के तेजी से विकसित एवं परिपक्व होते स्वरूप को दर्शाता है।
भारतीय वायु सेना के सक्रिय प्रशिक्षण केंद्र होने के कारण येलाहांका में विमानन सुरक्षा और परिचालन से जुड़े कड़े नियमों का पालन करना आवश्यक है। इसके चलते यहां विस्तार की संभावनाएं सीमित हैं। ऐसी स्थिति में स्थान की कमी को दूर करने और अधिक से अधिक प्रदर्शकों को जगह उपलब्ध कराने के लिए रक्षा उत्पादन विभाग ने दो प्रमुख उपाय किए हैं:
दो नए प्रदर्शनी भवनों का निर्माण कार्य: प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध कुल क्षेत्रफल बढ़ाने के उद्देश्य से दो नए प्रदर्शनी भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
मध्यवर्ती मंजिलों के निर्माण की पहली बार अनुमति: प्रदर्शनी क्षेत्र का विस्तार किए बिना उपलब्ध ऊंचाई का बेहतर उपयोग करने के लिए एयरो इंडिया के इतिहास में पहली बार प्रदर्शकों को अपने आवंटित स्टॉलों के भीतर मध्यवर्ती मंजिलें बनाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, इसके लिए भवन की ऊंचाई पर्याप्त होनी चाहिए। इन सभी ढांचों के निर्माण में संरचनात्मक स्थिरता, भार वहन क्षमता और सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।
रक्षा उत्पादन विभाग का उद्देश्य है कि एयरो इंडिया 2027 में वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियों, घरेलू निर्माताओं और नवाचारकर्ताओं को अपनी अत्याधुनिक क्षमताओं एवं तकनीकों का प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलें।
***
पीके/केसी/आरटी/एनके/एसएस