सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 2:33PM by PIB Delhi
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी के आधार वर्ष को 2011-12 से संशोधित कर 2022-23 करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस संबंध में, प्रो. बी. एन. गोल्डार की अध्यक्षता में गठित राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी सलाहकार समिति (एसीएनएएस) ने वित्त वर्ष 2022-23 को नया आधार वर्ष निर्धारित किया था। राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी के संकलन और प्रस्तुतीकरण से संबंधित विशिष्ट विषयों पर विचार-विमर्श करने के लिए एसीएनएएस के अंतर्गत पांच उप-समितियों का गठन किया गया था।
इन उप-समितियों के नाम इस प्रकार हैं:
i. नए डेटा स्रोतों, दरों और अनुपातों को शामिल करने संबंधी उप-समिति
ii. पद्धतिगत सुधार संबंधी उप-समिति
iii. स्थिर मूल्य अनुमान संबंधी उप-समिति
iv. क्षेत्रीय लेखा उप-समिति
vi. एसएनए 2025 अद्यतन संबंधी उप-समिति
क्षेत्रीय लेखा उप-समिति का गठन राज्य घरेलू उत्पाद (एसडीपी) और जिला घरेलू उत्पाद (डीडीपी) के संकलन के लिए उपयोग की जाने वाली अवधारणाओं, परिभाषाओं, वर्गीकरणों, डेटा स्रोतों और अनुमान पद्धतियों की समीक्षा करने के उद्देश्य से किया गया था।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. रवींद्र एच. ढोलकिया की अध्यक्षता में क्षेत्रीय लेखा उप-समिति ने संशोधित आधार वर्ष 2022-23 के संदर्भ में राज्य और जिला घरेलू उत्पाद के अनुमानों के संकलन के लिए मौजूदा पद्धतियों की व्यापक समीक्षा की। इस विचार-विमर्श में शिक्षा जगत, भारतीय रिजर्व बैंक, केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं विभागों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालयों, नीति आयोग तथा सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के अधिकारियों ने भाग लिया।
क्षेत्रीय लेखा उप-समिति की रिपोर्ट में राज्य घरेलू उत्पाद के अनुमानों के संकलन की पद्धति में सुधार के लिए की गई चर्चा और प्रस्तुत सिफारिशों का विवरण दिया गया है। इसमें उत्पादन दृष्टिकोण, आय दृष्टिकोण और व्यय दृष्टिकोण के अंतर्गत अनुमानों के संकलन की पद्धति के साथ-साथ जिला घरेलू उत्पाद (डीडीपी) के अनुमानों के संकलन की पद्धति में सुधार संबंधी सुझाव भी शामिल हैं।
प्रमुख पद्धतिगत सुधारों में शामिल हैं:
कुछ क्षेत्रों अथवा उप-क्षेत्रों के लिए आवंटन-आधारित पद्धतियों के स्थान पर प्रत्यक्ष अनुमान पद्धति अपनाना।
निश्चित अनुपातों और वैकल्पिक संकेतकों (प्रॉक्सी) पर निर्भरता कम करना।
आर्थिक गतिविधियों से संबंधित राज्यवार सूचनाओं का बेहतर उपयोग करना।
सभी राज्यों में पद्धतिगत एकरूपता को बढ़ावा देना।
उत्पादन दृष्टिकोण के अंतर्गत सकल राज्य मूल्य वर्धित (जीएसवीए) के संकलन के लिए एकसमान दिशानिर्देशों के साथ-साथ जिला घरेलू उत्पाद (डीडीपी) के संकलन संबंधी दिशानिर्देश हितधारकों से प्राप्त सुझावों को शामिल करने के बाद मंत्रालय की वेबसाइट पर क्रमशः 03.06.2026 और 18.09.2026 को अपलोड किए गए।
इसके अतिरिक्त, व्यय दृष्टिकोण के अंतर्गत सकल राज्य मूल्य वर्धित (जीएसवीए) के संकलन से संबंधित मसौदा दिशानिर्देश 09.10.2026 को मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड किए गए। इसमें हितधारकों से 28.10.2026 तक टिप्पणियां और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त सुझावों को शामिल करने के बाद अंतिम दिशानिर्देश वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
इस रिपोर्ट से संशोधित आधार वर्ष श्रृंखला (2022-23) के अंतर्गत राज्य और जिला घरेलू उत्पाद के अनुमानों के संकलन के लिए अपनी प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालयों (डीईएस) को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय लेखा उप-समिति की रिपोर्ट सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है:
https://mospi.gov.in/uploads/documents/ReportSubCommitteeOnRegionalAccounts.pdf.
* * *
पीके/केसी/आरटी/जेके/केके