उप राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

उपराष्ट्रपति ने यवतमाल में स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया


स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा ने महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास और जनकल्याण में अमूल्य योगदान दिया: उपराष्ट्रपति

शिवाजी महाराज ने राष्ट्रीय स्वाभिमान को पुनर्स्थापित किया, डॉ. आंबेडकर ने भारत को संविधान दिया और लोकमान्य तिलक ने देशभक्ति की भावना जागृत की: उपराष्ट्रपति

सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसानों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं: उपराष्ट्रपति

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 5:42PM by PIB Delhi

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज महाराष्ट्र के यवतमाल स्थित प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी में स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, पत्रकार एवं लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इससे पूर्व उपराष्ट्रपति ने यवतमाल स्थित प्रेरणा स्थल का दौरा किया और स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा को पुष्पांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बाबूजी के जीवन को देशभक्ति, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की एक उल्लेखनीय यात्रा बताया। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम, विशेष रूप से वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी बाबूजी ने राजनेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री और पत्रकार के रूप में राष्ट्र की सेवा जारी रखी। उन्होंने महाराष्ट्र के विकास, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्गीय श्री दरड़ा ने उद्योग, ऊर्जा, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और सहकारिता सहित अनेक सेक्टरों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 1993 की उनकी ऐतिहासिक औद्योगिक नीति का उल्लेख किया, जिसने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया। उन्होंने यवतमाल में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना में बाबूजी के योगदान को भी याद किया, जो प्रत्येक क्षेत्र तक विकास के अवसर पहुंचाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

ग्रामीण विकास के प्रति बाबूजी के विजन को रेखांकित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी कपास की खेती, वस्त्र निर्माण, रोजगार सृजन और ग्रामीण समृद्धि के बीच महत्वपूर्ण संबंध का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने वित्तीय कठिनाइयों से जूझ रही इस संस्था को पुनर्जीवित करने के लिए किसानों, सहकारी सदस्यों, प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसानों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वस्त्र क्षेत्र से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने रोजगार सृजन और आर्थिक विकास की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के बढ़ते अवसरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने वस्त्र निर्यात के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आशा व्यक्त की। साथ ही, इस क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए मिलों, मशीनरी, बुनाई, रंगाई और छपाई सुविधाओं के आधुनिकीकरण का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति ने छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बी. आर. आंबेडकर और लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जैसी महान विभूतियों के माध्यम से भारत के राष्ट्रीय जीवन में महाराष्ट्र के विशिष्ट योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान, संवैधानिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में इन महान विभूतियों का योगदान आज भी पूरे देश को प्रेरित करता है।

बाबूजी के आदर्शों के प्रति नए सिरे से प्रतिबद्धता का आह्वान करते हुए उपराष्ट्रपति ने सभी हितधारकों से सहकारिता आंदोलन को सुदृढ़ करने, किसानों को सशक्त बनाने और ग्रामीण भारत में रोजगार के सार्थक अवसर सृजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा की विरासत समावेशी विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को निरंतर प्रेरित करती रहनी चाहिए।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा; महाराष्ट्र के वस्त्र एवं उच्च तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री चंद्रकांत पाटिल, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री श्री संजय राठौड़, लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ. विजय दरड़ा, महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं लोकमत मीडिया समूह के प्रधान संपादक श्री राजेंद्र दरड़ा, प्रियदर्शिनी सहकारी स्पिनिंग मिल लिमिटेड के उपाध्यक्ष श्री कीर्ति गांधी, दरड़ा परिवार के सदस्य, सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि, किसान, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2341468) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi