57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

पर्दा गिरने के बाद भी: इफ़्फी की शामों का जादू


खुले आसमान के नीचे फिल्म प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक आदान-प्रदान से जीवंत होती गोवा की शामें

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 6:47PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341568Views: 19

मांडवी नदी पर सूर्यास्त होने और पणजी की सड़कें रोशनी से जगमगाने के साथ ही 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ़्फी) की लय बदल जाती है। जहां दिन फिल्म प्रदर्शन, मास्टरक्लास, रेड कार्पेट पर उपस्थिति और सिनेमा पर चर्चाओं से भरा रहता है, वहीं शामें अपना अलग आकर्षण लेकर आती हैं। इफ़्फी में डूबता सूरज महोत्सव के दिन के अंत का संकेत नहीं देता, बल्कि एक और उत्सव की शुरुआत का प्रतीक बनता है।

सिनेमा हॉल की पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़ते हुए, इफ़्फी 2026 मिरामार बीच, मडगांव स्थित रवींद्र भवन और वागातोर बीच के हेलीपैड क्षेत्र में खुले आसमान के नीचे फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से सिनेमाई अनुभव को आम जनता के और करीब ला रहा है। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित इन प्रदर्शनों में चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। गोवा के खुले आसमान के नीचे स्थानीय निवासी, आगंतुक और सिनेमा प्रेमी एक साथ फिल्में देखने के आनंद का अनुभव कर सकते हैं। यह सिनेमा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने के प्रति महोत्सव की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उत्सव का माहौल मांडवी प्रोमेनेड तक भी फैला हुआ है, जहां रोमटामेल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गोवा की समृद्ध कलात्मक परंपराओं को प्रमुखता से सामने लाती हैं। 23 से 27 नवंबर तक चार शामों में आयोजित इन प्रस्तुतियों में सात सांस्कृतिक समूह भाग ले रहे हैं, जो इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में एक विशिष्ट स्थानीय रंग जोड़ते हैं। स्थानीय सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों और वैश्विक सिनेमाई परंपराओं का यह संगम गोवा की उस विशिष्ट पहचान को दर्शाता है, जिसे वह इफ़्फी में लेकर आया है।

उत्सव के माहौल को और जीवंत बनाते हुए, 25 नवंबर को ‘सेलिब्रेटिंग द जॉय ऑफ सिनेमा’ विषय पर इफ़्फी परेड का आयोजन किया जा रहा है। यह परेड पणजी स्थित एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) परिसर से कला अकादमी तक निकाली जाएगी, जिसमें रंग-बिरंगी झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक भागीदारी देखने को मिलेगी। यह परेड महोत्सव को उसके निर्धारित स्थलों से बाहर तक ले जाती है और स्थानीय निवासियों तथा आगंतुकों को इस सिनेमाई उत्सव का हिस्सा बनने का अवसर प्रदान करती है।

हालांकि, फिल्म निर्माताओं, प्रतिनिधियों और उभरते कलाकारों के लिए महोत्सव की शामें मनोरंजन से कहीं अधिक अवसर लेकर आती हैं। निर्धारित फिल्म प्रदर्शनों और औपचारिक मुलाकातों से इतर, ये शामें अनौपचारिक बातचीत, रचनात्मक आदान-प्रदान और सार्थक संबंध बनाने के अवसर प्रदान करती हैं। किसी फिल्म पर चर्चा से सांस्कृतिक दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान हो सकता है, वहीं फिल्म निर्माताओं के बीच अचानक हुई मुलाकात भविष्य में सहयोग की नींव रख सकती है।

जगमगाते महोत्सव स्थलों के पीछे स्वयं-सेवकों, तकनीकी दलों, मीडिया पेशेवरों और आयोजकों के निरंतर प्रयास भी शामिल हैं, जो महोत्सव का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए फिल्म प्रदर्शन के निर्धारित समय के बाद भी काम करते हैं। उनका योगदान इफ़्फी के अनुभव का एक अभिन्न, लेकिन अक्सर अनदेखा रह जाने वाला हिस्सा है।

सूर्यास्त के बाद पणजी का रूपांतरण अपने आप में एक शानदार नज़ारा होता है। शहर के वृक्षों से घिरे मार्गों को सुनहरी फेयरी लाइट्स की छतरियां सुशोभित करती हैं, वहीं रोशनी से जगमगाती इमारतें, रंग-बिरंगी कलात्मक सजावट और इफ़्फी के प्रतिष्ठित प्रतीक मोर सड़कों को उत्सवमय स्वरूप प्रदान करते हैं। शहर की वास्तुकला और सार्वजनिक स्थल महोत्सव के विस्तार का रूप ले लेते हैं। यह दर्शाता है कि इफ़्फी के साथ गोवा का जुड़ाव किस प्रकार एक विशिष्ट उत्सव के रूप में विकसित हुआ है, जहां मेज़बान राज्य की अपनी पहचान सिनेमा के सार्वभौमिक आकर्षण को और भी खास बनाती है।

इफ़्फी 2026 की थीम ‘स्‍टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ के अनुरूप, महोत्सव की शामें सिनेमा की उस क्षमता को दर्शाती हैं, जो न केवल भौगोलिक और भाषाई सीमाओं, बल्कि सभागार की भौतिक सीमाओं को भी पार कर जाती है। वे दर्शकों को याद दिलाती हैं कि फिल्म महोत्सव का जादू पर्दे पर दिखाई जाने वाली कहानियों में जितना है, उतना ही उन चर्चाओं में भी है, जिन्हें वे प्रेरित करती हैं और उन संबंधों में भी, जिन्हें वे बनाती हैं।

इफ़्फी में फिल्मों के क्रेडिट्स भले ही चलने लगें, पर्दे भले ही गिर जाएं और सिनेमाघरों के भीतर की रोशनियां भले ही मंद पड़ जाएं, लेकिन सिनेमा का उत्सव जारी रहता है। गोवा में महोत्सव की घड़ी थमने का नाम ही नहीं लेती।

इफ़्फीलॉयड यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341568
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026