प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री ने 55वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता की


प्रधानमंत्री ने सड़क, विद्युत, कोयला और रेलवे क्षेत्रों की 78,000 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढाँचे से संबंधित पांच परियोजनाओं की समीक्षा की

प्रधानमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के उच्च मानक बरकरार रखते हुए परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया

प्रधानमंत्री ने पीएम-सेतु के कार्यान्वयन सहित आईटीआई इकोसिस्‍टम की भी समीक्षा की

प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और आईटीआई के बीच बेहतर संबंधों तथा औद्योगिक क्लस्टरों और विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण पर जोर दिया

प्रधानमंत्री ने प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने के लिए क्‍लासरूम–कंपनी–करियर (3सी) दृष्टिकोण का समर्थन किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई और स्थानीय नियोक्ताओं के बीच मजबूत संबंध स्थापित होने से लोगों को अपने घरों के आसपास ही रोजगार के अधिक अवसर मिल सकते हैं

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 9:07PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज सेवा तीर्थ में प्रगति की 55वीं बैठक की अध्यक्षता की। प्रगति सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) पर आधारित एक बहुआयामी मंच है, जिसका उद्देश्य सक्रिय शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन को बढ़ावा देना है। यह मंच परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने तथा उनके लाभ को बेहतर ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को एक साथ लाता है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सड़क, विद्युत, कोयला और रेलवे क्षेत्रों की बुनियादी ढाँचे से संबंधित पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की, जिनकी कुल लागत 78,000 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने उन्नत आईटीआई के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन (पीएम-सेतु) योजना के कार्यान्वयन सहित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) इकोसिस्‍टम की भी समीक्षा की।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया बुनियादी ढाँचे से संबंधित परियोजनाओं में देरी का असर केवल उनकी लागत बढ़ने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे नागरिकों, व्यवसायों और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले अपेक्षित लाभ भी देर से प्राप्त होते हैं। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों से लंबित मुद्दों का स्पष्ट जवाबदेही और व्यावहारिक समय-सीमा निर्धारित करके समाधान करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ-साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता के उच्च मानकों को भी बरकरार रखा जाना चाहिए।

सड़क परियोजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने इसके शीघ्र कार्यान्वयन का आह्वान किया और दोहराया कि व्‍यय के बजाय प्राप्त होने वाले परिणामों पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। कोयला परियोजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि परियोजना को समय पर पूरा करने के साथ-साथ पुनर्वास और पुनर्स्थापन का कार्य भी समयबद्ध तथा गरिमापूर्ण ढंग से किया जाना चाहिए।

विद्युत परियोजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने विकेंद्रीकृत सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए नवोन्‍मेषी मॉडल तलाशने का सुझाव दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहां भी संभव हो, स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता और मांग को ध्यान में रखते हुए ऐसी परियोजनाएं बिजली की खपत वाले केंद्रों के नजदीक विकसित की जानी चाहिए। इन प्रयासों का उद्देश्य विश्वसनीय और किफायती बिजली की उपलब्धता बढ़ाना तथा विद्युत पारेषण से जुड़े बुनियादी ढाँचे पर दबाव कम करना होना चाहिए।

आईटीआई इकोसिस्‍टम और पीएम-सेतु के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों से आईटीआई को मजबूत बनाने तथा प्रधानमंत्री-सेतु के तहत उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नेतृत्व प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उद्योगों के लिए आईटीआई के साथ साझेदारी करने, उनके उन्नयन में योगदान देने तथा प्रशिक्षण को वर्तमान और भविष्य की जनशक्ति संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने का एक उपयुक्त अवसर है। उन्होंने इन साझेदारियों को युवाओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों में बदलने के लिए राज्यों, आईटीआई और उद्योग जगत के बीच घनिष्ठ सहयोग का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) से अपनी भविष्य की जनशक्ति संबंधी आवश्यकताओं का आकलन करने तथा संबंधित व्‍यवसायों में प्रशिक्षण और भर्ती के लिए आईटीआई के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने पीएसयू को व्यावहारिक प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप को समर्थन देने तथा प्रशिक्षित आईटीआई स्नातकों की भर्ती पर अधिक ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस तरह की भागीदारी से विद्यार्थियों को उद्योगों में काम करने का अनुभव मिलेगा और पीएसयू को अपनी परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप कुशल जनशक्ति का तैयार समूह उपलब्ध हो सकेगा।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कौशल विकास की व्यवस्था औद्योगिक क्लस्टरों और अलग-अलग क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आईटीआई ट्रेड, पाठ्यक्रमों और प्रशिक्षण क्षमता को प्रत्येक क्षेत्र में पहले से संचालित उद्योगों तथा आने वाले समय में होने वाले निवेश के अनुरूप बनाया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने घर के पास रोज़गार के अवसरों को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आईटीआई और स्थानीय नियोक्ताओं के बीच मजबूत संबंध स्थापित होने से युवाओं के लिए अपने घर के नजदीक रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। इससे मजबूरी में होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलेगी और युवा अपने ही क्षेत्रों के आर्थिक विकास में योगदान दे सकेंगे।

प्रधानमंत्री ने आईटीआई शिक्षा के लिए ‘क्‍लासरूम–कंपनी–करियर’ (3सी) दृष्टिकोण का समर्थन किया। इसके तहत कक्षा में होने वाली पढ़ाई को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने और इसके बाद रोजगार तथा करियर में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उपयुक्‍त तकनीकी ज्ञान, वास्तविक कार्यस्थल की परिस्थितियों का अनुभव तथा प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचने का स्पष्ट मार्ग प्रदान करने के लिए आईटीआई और उद्योगों को मिलकर काम करना चाहिए।

****

 

पीके/केसी/आरटी/आरके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2341674) आगंतुक पटल : 42
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Gujarati , Tamil